Haryana Crime News: हरियाणा के सोनीपत जिले में एक कुटिया में रह रहे बाबा और उनके साथी के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। एक युवक पहले कुटिया में पहुंचा और बाबा से नशे की चीज मांगी। बाबा ने देने से इनकार किया तो वह वहां से चला गया। कुछ देर बाद वह 5-6 साथियों के साथ वापस लौटा और बाबा के साथ गाली-गलौज करने लगा। इसके बाद आरोपियों ने कुटिया में रखे लाठी-डंडों से दोनों पर हमला कर दिया। मारपीट में घायल दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें बीपीएस खानपुर कलां रेफर किया गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
30 साल से कुटिया में रह रहा है बाबा
पुलिस को दी शिकायत में धनाना गांव निवासी भगवानदास ने बताया कि वह करीब 30 साल से गांव में स्थित बाबा सीता राम कुटिया में रह रहे हैं। 26 अगस्त की रात करीब 10 बजे वह गांव के ही रहने वाले राजेंद्र शर्मा के साथ कुटिया में बैठे हुए थे। इसी दौरान गांव का प्रिंस पुत्र राजकुमार वहां पहुंचा। शिकायत के मुताबिक प्रिंस ने भगवानदास से नशा देने के लिए कहा। भगवानदास ने उसे सुलफा देने से मना कर दिया। इसके बाद प्रिंस वहां से चला गया।
कुछ देर बाद 5-6 युवकों के साथ लौटा
भगवानदास का आरोप है कि नशा देने से इनकार करने के कुछ देर बाद प्रिंस अकेला नहीं, बल्कि करीब 5-6 युवकों के साथ कुटिया में वापस आया। कुटिया में पहुंचते ही आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। इसके बाद युवकों ने कुटिया में रखे डंडे और लाठियां उठा लीं और भगवानदास के साथ मारपीट करने लगे। इस हमले में भगवानदास को कई चोटें आईं। जब भगवानदास के साथ मारपीट हो रही थी तो उनके साथ मौजूद राजेंद्र शर्मा ने बीच-बचाव करने की कोशिश की। आरोप है कि हमलावरों ने राजेंद्र को भी रोक लिया और उसके साथ मारपीट की। दोनों को पीटने के बाद आरोपी उन्हें जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। घटना के बाद आसपास के लोगों की मदद से दोनों घायलों को इलाज के लिए सरकारी अस्पताल गोहाना ले जाया गया।
गोहाना अस्पताल से खानपुर कलां रेफर
अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद दोनों घायलों को बीपीएस राजकीय मेडिकल कॉलेज, खानपुर कलां रेफर कर दिया गया। पुलिस ने सरकारी अस्पताल गोहाना से दोनों की मेडिकल रिपोर्ट और मेडिको लीगल रिपोर्ट भी हासिल की है। पुलिस ने शिकायत और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर केस दर्ज किया है। मामला बरोदा थाना क्षेत्र का है। पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वारदात में कौन-कौन लोग शामिल थे।


