Ambala News : ‘वो कल फिर आयेगी’ नाटक ने दर्शकों को गुदगुदाया

0
897
Ambala News : ‘वो कल फिर आयेगी’ नाटक ने दर्शकों को गुदगुदाया
Ambala News : ‘वो कल फिर आयेगी’ नाटक ने दर्शकों को गुदगुदाया

आज समाज नेटवर्क | अंबाला। मसखरे रंगमंच अम्बाला द्वारा हरियाणा के बहुचर्चित 39वें सूर्यकुंड अंतर्राष्ट्रीय क्राफ्ट मेला-2026 के सांस्कृतिक मंच चौपाल 2 पर हास्य नाटक ‘वो कल फिर आएगी’ की सफल प्रस्तुति दी गई। यह नाटक विश्वविख्यात लेखक एंटन चैकव की कहानी ‘ए डिफेंसलेस किएचर’ से रूपांतरित है, जिसका सशक्त निर्देशन नागेंद्र कुमार शर्मा द्वारा किया गया।

नाटक की कहानी एक बैंक अधिकारी मिस्टर नैनसुखदास के इर्द-गिर्द घूमती है, जो सुबह से ही बैंक के ग्राहकों और आम लोगों से मिलने में व्यस्त हैं। इसी दौरान मैडम क्यूटी का प्रवेश होता है, जो अपने पति के पैसों की मांग को लेकर लगातार नैनसुखदास के समक्ष अपनी व्यथा रखती रहती हैं। वह स्वयं को परिवार की अकेली महिला, बेसहारा और दुखी बताते हुए दिन भर बार-बार अपनी बात दोहराती हैं।

नैनसुखदास मैडम क्यूटी को समझाने का प्रयास करते हैं कि जिस धन की वह मांग कर रही हैं, वह बैंक का विषय नहीं है। स्वयं नैनसुखदास अस्वस्थ, थके हुए और मानसिक तनाव से ग्रस्त हैं, इसके बावजूद मैडम क्यूटी अपनी जिद पर अड़ी रहती हैं। अंतत: लगातार दबाव और मानसिक परेशानी के चलते नैनसुखदास न चाहते हुए भी उन्हें पैसे देने को विवश हो जाते हैं, केवल इस उद्देश्य से कि वह वहाँ से चली जाएं।

इसी उधेड़बुन, संवादों की पुनरावृत्ति और पात्रों की मनोवैज्ञानिक टकराहट से नाटक में प्रभावशाली हास्य का सृजन होता है, जिसने दर्शकों को पूरे समय बाँधे रखा और ठहाकों से भर दिया।

नाटक के माध्यम से कलाकारों ने समाज में प्रचलित व्यवहारिक विसंगतियों पर तीखा व्यंग्य भी किया

नाटक की प्रस्तुति ने केवल हास्य तक ही स्वयं को सीमित नहीं रखा, बल्कि अपने चुटीले संवादों, पात्रों की मनोवैज्ञानिक जटिलताओं और घटनाओं की पुनरावृत्ति के माध्यम से समाज में प्रचलित व्यवहारिक विसंगतियों पर तीखा व्यंग्य भी किया। मंच पर घटित स्थितियाँ दर्शकों को हंसाने के साथ-साथ यह सोचने पर भी विवश करती रहीं कि किस प्रकार कभी-कभी सहानुभूति, दबाव और भावनात्मक अपील का उपयोग करके व्यवस्था और व्यक्ति दोनों को असहज स्थिति में डाल दिया जाता है।

नाटक ने मानवीय स्वभाव की कमजोरी, दयाभाव, मानसिक थकान और सामाजिक दबाव जैसे पहलुओं को अत्यंत सरल किंतु प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। दर्शक स्वयं को कई दृश्यों में पात्रों से जोड़ते हुए महसूस कर रहे थे, जिससे हास्य के पीछे छिपा गंभीर संदेश और भी सशक्त होकर उभरा।

प्रस्तुति के दौरान कलाकारों की सधी हुई अभिनय शैली, संवाद अदायगी की सटीक टाइमिंग, मंचीय अनुशासन तथा निर्देशक की स्पष्ट दृष्टि ने नाटक को एक सशक्त रंगमंचीय अनुभव में परिवर्तित कर दिया। दर्शकों ने बार-बार तालियों और ठहाकों के माध्यम से कलाकारों का उत्साहवर्धन किया और नाटक की समाप्ति पर अभिनय, निर्देशन तथा विषय चयन की मुक्त कंठ से सराहना करते हुए इसे एक सार्थक, विचारोत्तेजक और मनोरंजक प्रस्तुति बताया।

नाटक में इन कलाकारों ने दी प्रस्तुति

नाटक में सूत्रधार की भूमिका में अभिषेक ने सशक्त प्रस्तुति दी। नैनसुखदास का किरदार स्वयं निर्देशक नागेंद्र कुमार शर्मा ने निभाया। मैडम क्यूटी की भूमिका में शिवानी,चंपक लाल की भूमिका में देव, कमला की भूमिका में पलक, मोहनलाल के किरदार में विशाल तथा रामलाल की भूमिका में विक्की ने अपने-अपने पात्रों को जीवंत किया।

मसखरे रंगमंच अंबाला की यह प्रस्तुति सुरजकुंड मेला 2026 के सांस्कृतिक कार्यक्रमों में एक यादगार एवं प्रभावशाली प्रस्तुति के रूप में दर्ज की गई। मसखरे रंगमंच ने कला एवं सांस्कृतिक कार्य विभाग के महानिदेशक के. एम. पांडुरंग, अतिरिक्त निदेशक विवेक कालिया, अधिकारी ( नाटक) तानिया चौहान का धन्यवाद किया।

Ambala News : सामाजिक संस्था ने सेवा समर्पित सफल योगा सफर के लिए एकता डांग को किया सम्मानित

  • TAGS
  • [post_tags]