Punjab News: जमीनों की हेराफेरी में आप के नेताओं पर ED ने कसा शिकंजा, 2 विधायकों सहित 10 लोगों को समन

0
201

Punjab News: पंजाब में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने जमीनों के फर्जी अधिग्रहण और हस्तांतरण से जुड़े मामले में आम आदमी पार्टी (आप) के दो विधायकों सहित 10 लोगों को समन जारी किए हैं। इनमें मोगा की विधायक अमनदीप कौर अरोड़ा और धर्मकोट के विधायक देविंदरजीत सिंह लाडी ढोस शामिल हैं। ईडी ने इन सभी लोगों को जोनल कार्यालय में पेश होने का निर्देश दिया है।

मोगा विधायक पर जांच का फोकस

मामला सरकारी, नगर निगम, मार्केट कमेटी और चर्च ट्रस्ट की संपत्तियों के फर्जी तरीके से अधिग्रहण और हस्तांतरण से जुड़ा है। जांच एजेंसी इन संपत्तियों के लेन-देन, कथित बेनामी स्वामित्व और मुआवजे की रकम के वितरण की भी पड़ताल कर रही है। अधिकारियों के अनुसार, जांच का एक प्रमुख हिस्सा मोगा की विधायक अमनदीप कौर अरोड़ा से जुड़े मामलों पर केंद्रित है।

अमनदीप कौर को 26 नवंबर को बुलावा

अमनदीप कौर अरोड़ा को 26 नवंबर को पेश होने के लिए कहा गया है। उन पर रिश्तेदारों और सहयोगियों के माध्यम से सरकारी, नगर निगम, मार्केट कमेटी और चर्च ट्रस्ट की संपत्तियों के कथित फर्जी अधिग्रहण और हस्तांतरण से लाभ उठाने का आरोप है।

देविंदरजीत सिंह को 27 नवंबर को बुलावा

धर्मकोट के विधायक देविंदरजीत सिंह लाडी ढोस को 27 नवंबर को बुलाया गया है। उन पर लुधियाना जिले के बग्गीपुरा में करीब दो से तीन एकड़ जमीन में लाभकारी हित रखने और धर्मकोट में श्मशान भूमि के मुआवजे से जुड़ी कथित अनियमितताओं में शामिल होने का आरोप है।

परिजनों को भी पेशी का निर्देश

ईडी ने अमनदीप कौर अरोड़ा के पति, पिता, भाई और मामा को भी समन भेजे हैं। उनके पति राकेश अरोड़ा को 25 नवंबर को पेश होने के लिए कहा गया है। उन पर फर्जी संपत्ति लेन-देन, बेहिसाब धन के प्रबंधन और आशीर्वाद अस्पताल के वित्तीय मामलों में भूमिका होने का आरोप है। विधायक के पिता जसपाल सिंह को 27 नवंबर को बुलाया गया है। उन पर मोगा के सिविल लाइंस क्षेत्र में पंजाब सरकार की सात मरला जमीन विधायक और उनके पति की ओर से अपने पास रखने का आरोप है। विधायक के भाई वलजिंदर सिंह, मामा हरमिंदर सिंह को भी समन जारी किया गया है।

  • TAGS
  • [post_tags]