बालकनी में खेल रहा था 4 साल का बच्चा, बचाने पहुंची मां पर बंदरों ने कर दिया हमला

0
95

चंडीगढ़ के सेक्टर-22 में बंदरों के बढ़ते आतंक ने स्थानीय निवासियों की चिंता बढ़ा दी है. लोगों के अनुसार, इलाके में बंदरों के झुंड लगातार घूम रहे हैं और अब तक चार लोगों पर हमला कर उन्हें काट चुके हैं. स्थिति ऐसी है कि अभिभावक बच्चों को अकेले घर से बाहर भेजने के साथ-साथ बालकनी और छत पर भी छोड़ने से डर रहे हैं. स्थानीय लोगों ने चंडीगढ़ नगर निगम से तत्काल कार्रवाई की मांग की है.

चार साल के बच्चे को बचाने पहुंचीं, बंदरों ने किया हमला

8 सितंबर को सेक्टर-22 बी निवासी सिमरनजोत कौर पर बंदरों ने हमला कर दिया. उन्होंने बताया कि उनका चार साल का बच्चा बालकनी में खेल रहा था, तभी बंदरों का झुंड वहां पहुंच गया. बच्चे को बचाने के लिए जैसे ही वह बालकनी में गईं, बंदरों ने उन पर हमला कर दिया.

सिमरनजोत कौर के मुताबिक, बंदरों ने उनके पैर पर तीन जगह काटा. हमले के बाद उन्हें उपचार कराना पड़ा और आवश्यक इंजेक्शन भी लगवाने पड़े. उनका कहना है कि बंदरों के झुंड के कारण अब घर से बाहर निकलना भी डरावना लगने लगा है.

घर में घुसा बंदरों का झुंड

इलाके की एक अन्य महिला ने बंदरों के आतंक का अपना अनुभव साझा किया. उनके अनुसार, एक दिन जब वह घर में अकेली थीं, तभी बंदरों का झुंड घर के अंदर घुस आया. खुद को हमले से बचाने के लिए उन्होंने फ्रिज खोल दिया.

महिला ने बताया कि फ्रिज में रखे फल देखकर बंदर उनकी ओर चले गए और उन्हें सुरक्षित होने का मौका मिल गया. घटना के बाद से वह बंदरों को लेकर काफी भयभीत हैं.

छतों पर लगाई जा रहीं लंगूर की तस्वीरें

बंदरों को घरों और छतों से दूर रखने के लिए स्थानीय लोग अलग-अलग तरीके अपना रहे हैं. कई लोगों ने छतों पर लंगूर की तस्वीरें लगा रखी हैं, लेकिन उनका कहना है कि यह उपाय स्थायी समाधान साबित नहीं हो रहा.

नगर निगम से स्थायी समाधान की मांग

स्थानीय निवासियों का कहना है कि बंदरों के झुंड कभी भी बालकनी या घरों में घुस जाते हैं. खाने की तलाश में उनके घरों तक पहुंचने के कारण बच्चों की सुरक्षा को लेकर डर बना हुआ है. लोगों ने नगर निगम से विशेष अभियान चलाकर बंदरों को पकड़ने और समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है. उनका कहना है कि किसी बड़े हादसे का इंतजार करने के बजाय समय रहते कार्रवाई जरूरी है.

 

  • TAGS
  • [post_tags]