Chandigarh News(आज समाज नेटवर्क) डेराबस्सी। डेराबस्सी से बरवाला की ओर जा रहा एक तेज रफ्तार ट्रक देर रात अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े एक बड़े पेड़ से जा टकराया। हादसा इतना भीषण था कि पेड़ बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और ट्रक उसमें फंस गया, लेकिन गनीमत रही कि इस दुर्घटना में किसी तरह का जानी नुकसान नहीं हुआ।प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीती रात ट्रक डेराबस्सी से बरवाला की ओर जा रहा था। अंधेरे के कारण चालक को सड़क का सही अंदाजा नहीं लग पाया, जिससे ट्रक का संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे सड़क किनारे लगे पेड़ से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पेड़ टूटकर ट्रक के अगले हिस्से में फंस गया और वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार, ट्रक चालक बाल-बाल बच गया और उसे किसी तरह की गंभीर चोट नहीं आई। हादसे के बाद कुछ समय के लिए सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया, हालांकि बाद में यातायात सामान्य हो गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि डेराबस्सी-बरवाला रोड पर रात के समय स्ट्रीट लाइटों की भारी कमी है, जिससे अक्सर दृश्यता कम हो जाती है। इसके अलावा सड़क किनारे लगे बड़े-बड़े पेड़ भी हादसों का कारण बनते जा रहे हैं। लोगों का आरोप है कि कई बार प्रशासन का ध्यान इस ओर दिलाया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था की जाए और दुर्घटनाओं की आशंका वाले स्थानों पर आवश्यक सुरक्षा इंतजाम किए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों से बचा जा सके।
यह भी पढ़े:- Chandigarh news: मुख्यमंत्री ने नई डिजिटल पहलों का शुभारंभ किया


