Asian Para Games: एशियाई पैरा गेम्स में मनीष नरवाल ने जीता सिल्वर, सृष्टि अरोड़ा ने ब्रॉन्ज पर लगाया निशाना

0
147
Manish Narwal, Shrishti Arora, Asian Para Games 2026, Manish Narwal Silver Medal, LA 2028 Paralympics Quota, Indian Para Shooting, मनीष नरवाल, सृष्टि अरोड़ा, एशियाई पैरा खेल, पैरा निशानेबाजी
एशियन पैरा गेम्स में कांस्य पदक जीतने वाली सृष्टि और रजत पदक जीतने वाले मनीष नरवाल।

Asian Para Games News: एशियाई पैरा खेलों में भारतीय पैरा निशानेबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए देश का गौरव बढ़ाया है। मंगलवार को मनीष नरवाल ने पुरुषों की 10 मीटर एयर पिस्टल एसएच1 स्पर्धा में रजत पदक जीता और इसके साथ ही लॉस एंजिलिस 2028 पैरालंपिक खेलों के लिए कोटा स्थान भी हासिल कर लिया। वहीं, महिला वर्ग की इसी स्पर्धा में सृष्टि अरोड़ा ने कांस्य पदक अपने नाम किया। इन दोनों पदकों के साथ निशानेबाजी में भारत के कुल पदकों की संख्या चार हो गई है। इनमें एक स्वर्ण, दो रजत और एक कांस्य पदक शामिल है।

मनीष नरवाल ने जीता सिल्वर मेडल

हरियाणा के फरीदाबाद जिले के बल्लभगढ़ के रहने वाले अर्जुन पुरस्कार विजेता मनीष नरवाल ने आठ खिलाड़ियों के बीच हुए फाइनल में 233.7 अंक हासिल कर दूसरा स्थान प्राप्त किया। दक्षिण कोरिया के जो जियोंगडू ने 241.3 अंक के साथ एशियाई पैरा खेलों का रिकॉर्ड बनाया और स्वर्ण पदक जीता। चीन के यांग चाओ ने कांस्य पदक हासिल किया। भारत के एक अन्य निशानेबाज रुद्रांश खंडेलवाल भी फाइनल में पहुंचे, लेकिन 127.3 अंक के साथ सातवें स्थान पर रहे। नरवाल ने क्वालीफाइंग दौर में 570 अंक हासिल कर पांचवें स्थान पर रहते हुए फाइनल में जगह बनाई थी।

पैरालंपिक 2028 का कोटा हासिल किया

रजत पदक जीतने के साथ ही मनीष नरवाल ने 2028 में होने वाले लॉस एंजिलिस पैरालंपिक खेलों के लिए कोटा स्थान हासिल कर लिया। वह इस स्पर्धा में यह उपलब्धि हासिल करने वाले तीसरे भारतीय पैरा निशानेबाज बने। इससे पहले सोमवार को मोना अग्रवाल और अवनि लेखरा ने महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल एसएच1 स्पर्धा में क्रमशः स्वर्ण और रजत पदक जीतकर पैरालंपिक कोटा हासिल किया था। नरवाल के लिए यह उपलब्धि इसलिए भी खास है, क्योंकि वह पेरिस पैरालंपिक 2024 में पुरुषों की 10 मीटर एयर पिस्टल एसएच1 स्पर्धा में रजत पदक जीत चुके हैं। इसके अलावा उन्होंने हांगझोउ में आयोजित 2023 एशियाई पैरा खेलों में इसी स्पर्धा में कांस्य पदक हासिल किया था।

सृष्टि अरोड़ा ने महिला वर्ग में जीता कांस्य

भारतीय निशानेबाज सृष्टि अरोड़ा ने महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल एसएच1 स्पर्धा के फाइनल में 214.7 अंक हासिल कर कांस्य पदक जीता। आठ खिलाड़ियों के फाइनल में ईरान की फैज़ेह अहमदी ने 237.3 अंक के साथ स्वर्ण और उनकी हमवतन सारेह जवानमर्दी ने 237.0 अंक के साथ रजत पदक हासिल किया। भारत की दूसरी निशानेबाज सुमेधा पाठक 111.4 अंक के साथ फाइनल से बाहर होने वाली पहली खिलाड़ी रहीं। सृष्टि के कांस्य पदक ने भारत की निशानेबाजी पदक तालिका में एक और उपलब्धि जोड़ दी। इससे पहले भारतीय निशानेबाज मोना अग्रवाल ने महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल एसएच1 स्पर्धा में स्वर्ण और अवनि लेखरा ने रजत पदक जीतकर देश को शानदार शुरुआत दिलाई थी।

  • TAGS
  • [post_tags]