बाढ़, भूस्खलन से गई छह लोगों की जान

0
235
Six People Lost their Lives due to Floods and Landslides
Six People Lost their Lives due to Floods and Landslides

आज समाज डिजिटल, Shimla News:
हिमाचल में भारी बारिश के कारण आई बाढ़ और भूस्खलन की अलग-अलग घटनाओं में छह लोगों की मौत हो गई। इस कारण 13 अन्य लोगों के लापता या मारे जाने की आशंका है। अधिकारियों ने शनिवार को बताया कि राज्य के हमीरपुर जिले में आई बाढ़ के बाद फंसे 22 लोगों को निकालकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया है।

रेलवे ने पुल को किया था असुरक्षित घोषित

उन्होंने बताया कि भारी बारिश के कारण सुबह कांगड़ा जिले में चक्की पुल के ढह जाने के बाद जोगिंदर नगर-पठानकोट मार्ग के बीच ट्रेन सेवा निलंबित कर दी गई। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने लोगों की मृत्यु पर शोक व्यक्त किया और कहा कि प्रशासन प्रभावित जिलों में युद्धस्तर पर बचाव अभियान चला रहा है।

अधिकारियों ने बताया कि चंबा जिले में बारिश के कारण भूस्खलन होने के बाद एक मकान के ढह जाने से तीन लोगों की मौत हो गई। चंबा जिला आपातकालीन अभियान केंद्र (डीईओसी) ने बताया कि चौवारी तहसील के बनेत गांव में शनिवार तड़के करीब साढ़े चार बजे भूस्खलन हुआ, जिसके बाद मकान ढह गया और तीन लोगों की मौत हो गई।

बादल फटने से लोगों ने घर छोड़ा

अधिकारियों ने बताया कि मंडी जिले में भारी बारिश के कारण अचानक आई बाढ़ और भूस्खलन से एक लड़की की मौत हो गई, जबकि 13 अन्य लोगों के भी मारे जाने की आशंका है।

राज्य आपदा प्रबंधन विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, मंडी में शुक्रवार रात मंडी-कटोला-पराशर मार्ग पर बाघी नाले में एक लड़की का शव उसके घर से करीब आधा किलोमीटर दूर बरामद किया गया। उन्होंने बताया कि बाढ़ में लड़की के परिवार के पांच सदस्यों के भी बह जाने की सूचना है। विभाग के अनुसार, बादल फटने के बाद कई परिवारों ने बागी से पुराने कटोला क्षेत्र के बीच स्थित अपने घरों को छोड़ दिया और सुरक्षित स्थानों पर शरण ली।

एक परिवार के दबे होने की आशंका

अधिकारियों ने बताया कि गोहर विकास खंड के काशान गांव में भूस्खलन के बाद एक परिवार के आठ सदस्यों के उनके घर के मलबे के नीचे दबे होने की आशंका है। उन्होंने बताया कि बहरहाल, उनके शव अभी तक बरामद नहीं हुए हैं। अचानक आई बाढ़ और कई जगहों पर भूस्खलन के कारण मंडी जिले की कई सड़कें अवरुद्ध हो गई हैं।

अधिकारियों ने बताया कि बल्ह, सदर, थुनाग, मंडी और लामाथच में अचानक आई बाढ़ के बाद घरों और दुकानों में पानी घुस जाने के कारण कई ग्रामीण वहां फंस गए हैं, जबकि कई वाहनों को भी नुकसान पहुंचा है। प्रशासन के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में लगातार जारी बारिश के कारण शनिवार को स्कूल बंद रहे। उन्होंने बताया कि सड़क किनारे खड़े कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए हैं और लोग अपने घरों में फंसे हैं।

SHARE