Sam Pitroda News: कांग्रेस नेता सैम पित्रोदा ने इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के अध्यक्ष पद से दिया इस्तीफा

0
7
Sam Pitroda News
कांग्रेस नेता सैम पित्रोदा।

Aaj Samaj (आज समाज), Sam Pitroda News, नई दिल्ली: विवादित बयानबाजी को लेकर छिड़ी बहस के बीच कांग्रेस नेता सैम पित्रोदा ने इंडियन ओवरसीज कांग्रेस (आईओसी) के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने पित्रोदा का इस्तीफा मंजूर कर लिया है। पार्टी के नेता जयराम रमेश ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, सैम पित्रोदा ने अपनी मर्जी से आईओसी के अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने का फैसला किया है और कांग्रेस अध्यक्ष ने उनके इस्तीफे को स्वीकार कर लिया है।

  • मल्लिकार्जुन खड़गे ने मंजूर किया इस्तीफा
  • कांग्रेस ने बयान से फिर पल्ला झाड़ लिया 

यह की थी ताजा टिप्पणी, बीजेपी हमलावर

सैम पित्रोदा ने एक बार फिर कुछ ऐसा कह दिया था, जिसकी वजह से बुधवार को विवाद खड़ा हो गया। उन्होंने कहा था, कुछ लड़ाइयों को छोड़ दें तो हम 75 साल से बहुत सुखद माहौल में रह रहे हैं। भारत जैसे विविधता से भरे देश को हम एकजुट रख सकते हैं, जहां पूर्वी हिस्से के लोग चीनी जैसे लगते हैं और पश्चिमी भारतीय अरब जैसे दिखते हैं। वहीं उत्तर भारत के लोग गोरों और दक्षिण भारतीय अफ्रीकी जैसे लगते हैं।

बीजेपी ने पित्रोदा की इस टिप्पणी पर विपक्षी पार्टी पर जमकर निशाना साधा था। वहीं कांग्रेस ने पित्रोदा के बयान से फिर पल्ला झाड़ लिया था। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा था कि सैम पित्रोदा की ओर से भारत की विविधताओं को जो उपमाएं दी गई हैं, वह गलत और अस्वीकार्य हैं। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस इन उपमाओं से अपने आप को पूर्ण रूप से अलग करती है।

ताजा बयान पर हिमंता बिस्व सरमा व रविशंकर ने बोला था हमला

ताजा बयान को लेकर असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्व सरमा ने बुधवार को सोशल मीडिया पर साझा एक पोस्ट में लिखा ‘सैम भाई, मैं उत्तर पूर्व से हूं और मैं भारतीय जैसा ही लगता हूं। हम एक विविधता भरा देश हैं, हम अलग दिख सकते हैं, लेकिन हम सब एक हैं। हमारे देश के बारे में थोड़ा तो समझ लो। बीजेपी नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने कहा, पित्रोदा के बयान से साफ हो गया है कि वह भारत के बारे में क्या सोचते हैं। वह राहुल गांधी के सलाहकार हैं। अब मुझे समझ आया कि राहुल गांधी बकवास क्यों करते हैं। यह हार की हताशा है। उन्हें न भारत की समझ है और न इसकी विरासत की।

पहले विरासत टैक्स पर टिप्पणी को लेकर हुआ था बवाल

गौरतलब है कि बीते दिनों पित्रोदा ने विरासत टैक्स को लेकर, जो कहा था, उससे कांग्रेस को काफी नाराजगी झेलनी पड़ी थी। उन्होंने कहा था कि अमेरिका की तर्ज पर भारत में भी विरासत टैक्स लगना चाहिए। उनके इस बयान पर बीजेपी ने जमकर निशाना साधा था।

यह भी पढ़ें:

Connect With Us : Twitter Facebook 

SHARE