25 जून को रखा जाएगा निर्जला एकादशी का व्रत
Nirjala Ekadashi, (आज समाज), नई दिल्ली: निर्जला एकादशी साल की सबसे बड़ी एकादशी मानी जाती है। निर्जला एकादशी का व्रत हर साल ज्येष्ठ माह के शुक्ल पक्ष की एकादशी तिथि के दिन रखा जाता है। इस दिन भगवान विष्णु की विधिवत पूजा-अर्चना की जाती है। भक्त इस दिन व्रत में जल तक ग्रहण नहीं करते हैं। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, पांडु पुत्र भीम ने इस एकादशी का व्रत रखा था।
धार्मिक मान्यता है कि निर्जला एकादशी का व्रत रखने से साल की सभी एकादशी व्रतों का पुण्य फल प्राप्त हो जाता है। साथ ही भगवान विष्णु की विशेष कृपा प्राप्त होती है। इस साल निर्जला एकादशी का व्रत 25 जून को रखा जाने वाला है। इस दिन चार ऐसे शुभ योग बन रहे हैं जोकि व्रत के महत्व को बढ़ा देते हैं। आइए जानते हैं ये चार शुभ योग कौन से हैं? साथ ही जानते हैं पूजा का शुभ मुहूर्त और विधि।
चार शुभ योगों में है निर्जला एकादशी
पंचांग के अनुसार, इस साल निर्जला एकादशी पर शिव योग, रवि योग और सिद्ध योग का निर्माण हो रहा है। सुबह 05 बजकर 25 मिनट पर रवि योग का निर्माण होगा। इस दिन रवि योग शाम 04 बजकर 29 मिनट तक रहेगा। वहीं सुबह 10 बजकर 54 मिनट पर शिव योग बनेगा।
इसके अलावा सिद्ध योग भी बन रहा है जो कि 26 जून को सुबह 11 बजकर 36 मिनट तक रहेगा। इस दिन एक और सबसे महत्वपूर्ण संयोग है गुरुवार। निर्जला एकादशी गुरुवार को पड़ रही है। ये दिन भगवान विष्णु को समर्पित है। निर्जला एकादशी पर ये संयोग बेहद ही शुभ है। इस दिन व्रत रखने व पूजा करने से जातक को पुण्य फल की प्राप्ति होगी।
निर्जला एकादशी शुभ मुहूर्त
- निर्जला एकादशी पर ब्रह्म मुहूर्त सुबह 04 बजकर 46 मिनट से लेकर 05 बजकर 17 मिनट तक रहेगा।
- प्रात: संध्या मुहूर्त सुबह 05 बजकर 01 मिनट से 05 बजकर 48 मिनट तक रहेगा।
- अभिजित मुहूर्त दोपहर 01 बजकर 21 मिनट से दोपहर 02 बजकर 26 मिनट तक रहेगा।
- विजय मुहूर्त शाम 04 बजकर 35 मिनट से 05 बजकर 40 मिनट तक रहेगा।
निर्जला एकादशी पूजा विधि
निर्जला एकादशी के दिन सुबह ब्रह्म मुहूर्त में उठें और व्रत-पूजा का संकल्प लें। इसके बाद साफ-सुथरे वस्त्र धारण करके एक चौकी पर पीले रंग का वस्त्र बिछाएं। उस पर विष्णु और लक्ष्मी जी की प्रतिमा रखें। दोनों की संयुक्त पूजा करें। भगवान को धूप, दीप, फल और पीले रंग की मिठाई या पकवान का भोग लगाएं। भगवान को खीर में तुलसी दल डालकर भी भोग लगा सकते हैं। निर्जला एकादशी के व्रत की कथा पढ़ें। बैठकर विष्णु जी के मंत्रों का जाप करें। अंत में मां लक्ष्मी और विष्णु जी की आरती उतारें।


