जानें क्या हैं नियम
Guruwar Vrat, (आज समाज), नई दिल्ली: हिंदू धर्म में गुरुवार का दिन भगवान विष्णु और बृहस्पति देव को समर्पित किया गया है। गुरुवार के दिन भगवान विष्णु के लिए व्रत रखा जाता है। साथ ही विधि-विधान से भगवान विष्णु की पूजा की जाती है। मान्यता है कि इस दिन व्रत और पूजन करने से भगवान विष्णु सारी मनोकामनाएं पूर्ण करते हैं। गुरुवार का व्रत करने से विष्णु जी के साथ मां लक्ष्मी का भी आशीर्वाद मिलता है। कुछ लोग 16 गुरुवार का व्रत रखते हैं। अगर आप भी 16 गुरुवार व्रत रखने जा रहे हैं, तो चलिए जानते हैं कि 16 गुरुवार का व्रत किन लोगों को रखना चाहिए और गुरुवार व्रत रखने के नियम क्या हैं?
किन लोगों को रखना चाहिए 16 गुरुवार के व्रत?
गुरुवार का व्रत कोई भी रख सकता है, चाहे वह महिला हो या फिर पुरुष। विवाह की इच्छा रखने वाले अविवाहित व्यक्ति भी गुरुवार का व्रत रख सकते हैं। संतान की इच्छा रखने वाली महिलाएं भी गुरुवार का व्रत रख सकती हैं, लेकिन 16 गुरुवार का व्रत उन महिलाओं और पुरुषों को ही रखना चाहिए, जिनके विवाह में देरी हो रही हो, कुंडली में गुरु (बृहस्पति) दोष हो या आर्थिक तंगी हो।
16 गुरुवार व्रत रखना शुभ
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, 16 गुरुवार व्रत रखना शुभ है। 16 गुरुवार का व्रत रखने के बाद 17वें गुरुवार को व्रत का उद्यापन करें। इसके अलावा, 1, 3, 5, 7 या 9 साल तक भी गुरुवार का व्रत रखा जा सकता है। गुरुवार का व्रत अनुराधा नक्षत्र और महीने के शुक्ल पक्ष की तिथि से शुरू करना चाहिए। पौष माह में गुरुवार का व्रत शुरू नहीं करना चाहिए।
गुरुवार व्रत की विधि
गुरुवार की सुबह सूर्योदय से पहले उठकर स्नान करके पीले वस्त्र धारण करें। भगवान विष्णु और बृहस्पति देव का ध्यान करते हुए व्रत का संकल्प लें। फिर पूजा के समय भगवान विष्णु को पीले वस्त्र, फूल, फल, मिठाई आदि चीजें अर्पित करें। व्रत में केले के पेड़ की पूजा करें और केले के पत्तों का उपयोग करें। पूजा के दौरान दीपक जलाएं और व्रत की कथा पढ़ें। भगवान विष्णु और बृहस्पति देव की आरती करें।
गुरुवार व्रत के क्या नियम हैं?
गुरुवार के व्रत में नमक का सेवन नहीं करें। केले का सेवन नहीं करें। काले और नीले कपड़े न पहनें। साधु-संतों और पशु-पक्षियों का अपमान नहीं करें। सिलाई नहीं करें। पूजा का सामान खरीदने से बचें। महिलाएं बाल न धोएं। नाखून नहीं काटें।
ये भी पढ़ें: क्या आमलकी एकादशी का व्रत रखने से पितृ दोष शांत होता है? जानें क्या कहते हैं शास्त्र


