
ये सिर्फ एक धार्मिक त्योहार नहीं, बल्कि आस्था, परंपरा और भक्ति का अद्भुत संगम माना जाता है।
Jagannath Rath Yatra 2026, (आज समाज), नई दिल्ली: हर साल आषाढ़ माह के शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि के दिन ओडिशा के पुरी स्थित भगवान जगन्नाथ जी मंदिर में उनकी रथयात्रा का पावन पर्व मानाया जाता है। इस साल ये पावन पर्व 16 जुलाई से लेकर 24 जुलाई तक चलेगा। इस दौरान भगवान जगन्नाथ, उनके बड़े भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा जी की रथयात्रा निकाली जाती है, जिसका हिस्सा बनने और अपने भगवान दर्शन करने लाखों भक्त पुरी पहुंचते हैं। रथयात्रा से पहले ज्येष्ठ माह की पूर्णिमा के दिन स्नान पूर्णिमा का पर्व मनाया जाता है।
108 पवित्र घड़ों के जल से कराया जाता है विशेष स्नान
इस दौरान जगन्नाथ जी, बलभद्र जी और सुभ्रदा जी को 108 पवित्र घड़ों के जल से विशेष स्नान (अभिषेक) कराया जाता है। मान्यता है कि इसके बाद भगवान बीमार हो जाते हैं और 15 दिन विश्राम करते हैं। इस दौरान मंदिर के कपाट बंद रहते हैं और भगवान का विशेष औषधीय उपचार किया जाता है। उनको काढ़े, औषधियों और जड़ी-बूटियों से तैयार विशेष भोग चढ़ाया जाता है। इस साल स्नान पूर्णिमा मनाई जा चुकी है और भगवान इस समय बीमार हैं, लेकिन क्या आप जानते हैं भगवान स्नान की वजह से नहीं, बल्कि अपने भक्त के प्यार की वजह से बीमार होते हैं। आइए जानते हैं ये रोचक कथा।
पौराणिक कथा के अनुसार
जगन्नाथ जी के हर साल बीमार पड़ने के पीछे एक पौराणिक कथा है। इस कथा के अनुसार, भगवान जगन्नाथ जी के एक परम भक्त हुआ करते थे। उनका नाम था माधव दास। माधव दास को लंबे समय से एक बीमारी ने अपनी चपेट में ले रखा था। उन्होंने अपने आराध्य से प्रार्थना की। उन्होंने भगवान जगन्नाथ जी से कहा कि वो उनके कष्टों को दूर करें। इस पर भगवान ने उनको बताया कि उनके पिछले जन्म के कर्मों के कारण उनकी 15 दिन की बीमारी अभी शेष है।
भक्त माधव दास की बीमारी भगवान ने स्वयं पर ली
भगवान जगन्नाथ जी ने अपने भक्त को बताया कि 15 दिन बाद ही उनको बीमारी से मुक्ति मिल सकेगी, लेकिन अपने भक्त का कष्ट देखकर भगवान का ह्रदय पिघल गया। मान्यता है कि भगवान ने इसके बाद माधव दास की अंतिम 15 दिन बीमारी स्वयं अपने ऊपर ले ली। इसके परिणामस्वरूप माधव दास सेहतमंद हो गए। तब से ही स्नान पूर्णिमा के बाद से 15 दिन भगवान जगन्नाथ जी के बीमार होने की परंपरा चली आ रही है।

