
विधि-विधान से शिव जी की पूजा करने से संकट होते हैं दूर
Ravi Pradosh Vrat, (आज समाज), नई दिल्ली: आज 12 जुलाई को रवि प्रदोष व्रत रखा जा रहा है। यह दिन भगवान शिव और माता पार्वती की पूजा के लिए बेहद शुभ माना जाता है। अगर आप भी आज शाम रवि प्रदोष व्रत की पूजा करने वाले हैं तो पहले शुभ मुहूर्त, पूजा विधि और कुछ जरूरी नियम जरूर जान लें।
पूजा का शुभ मुहूर्त
द्रिक पंचांग के अनुसार, आज प्रदोष काल में भगवान शिव की पूजा का शुभ समय शाम 7 बजकर 22 मिनट से रात 9 बजकर 24 मिनट तक रहेगा। इसी समय शिवलिंग का अभिषेक, पूजा और आरती करना सबसे शुभ माना गया है.
रवि प्रदोष व्रत की पूजा विधि
प्रदोष काल शुरू होने से पहले स्नान कर साफ और हल्के रंग के वस्त्र पहनें। इसके बाद घर के मंदिर या शिवालय में भगवान शिव और माता पार्वती का ध्यान करें। शिवलिंग पर सबसे पहले शुद्ध जल और गंगाजल अर्पित करें। इसके बाद दूध, दही, शहद, घी और शक्कर से पंचामृत अभिषेक कर सकते हैं। अभिषेक के बाद शिवलिंग पर बेलपत्र, धतूरा, आक का फूल, सफेद चंदन, भस्म, अक्षत और पुष्प अर्पित करें। भगवान शिव को फल और मिठाई का भोग लगाएं। इसके बाद धूप और दीप जलाकर शिव चालीसा, महामृत्युंजय मंत्र या ओम नम: शिवाय मंत्र का जाप करें। आखिर में भगवान शिव और माता पार्वती की आरती करें और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना करें।
पूजा के दौरान इन बातों का रखें ध्यान
प्रदोष काल में ही पूजा करना सबसे शुभ माना जाता है, इसलिए कोशिश करें कि पूजा इसी समय पूरी हो। शिवलिंग पर हल्दी, सिंदूर या केतकी का फूल अर्पित नहीं करना चाहिए। भगवान शिव को हमेशा ताजे बेलपत्र ही चढ़ाएं। पूजा के समय मन शांत रखें और पूरे श्रद्धा भाव से भगवान शिव का ध्यान करें।
रवि प्रदोष व्रत पर क्या करें?
इस दिन जरूरतमंद लोगों को अपनी क्षमता के अनुसार दान करना शुभ माना जाता है। व्रत रखने वाले लोग सात्विक भोजन करें और क्रोध, विवाद तथा नकारात्मक विचारों से दूर रहें। शाम की पूजा के बाद प्रसाद ग्रहण करें और भगवान शिव का आशीर्वाद लें।
रवि प्रदोष व्रत पर क्या नहीं करना चाहिए?
प्रदोष व्रत के दिन तामसिक भोजन, शराब और मांसाहार से दूर रहना चाहिए। किसी का अपमान करने, झूठ बोलने या बिना वजह विवाद करने से बचना चाहिए। पूजा के समय जल्दबाजी न करें और भगवान शिव की आराधना पूरी श्रद्धा और विश्वास के साथ करें।
रवि प्रदोष व्रत का महत्व
हिंदू धर्म में प्रदोष व्रत का विशेष महत्व बताया गया है। धार्मिक मान्यता है कि प्रदोष काल में भगवान शिव कैलाश पर्वत पर प्रसन्न मुद्रा में अपने भक्तों को आशीर्वाद देते हैं। इस समय की गई पूजा जल्दी फलदायी मानी जाती है। कहा जाता है कि रवि प्रदोष व्रत रखने और विधि-विधान से पूजा करने से स्वास्थ्य, मान-सम्मान, सुख-शांति और परिवार की खुशहाली में वृद्धि होती है। साथ ही व्यक्ति के जीवन में आ रही कई प्रकार की बाधाएं भी दूर होने लगती हैं।
भोलेनाथ को कौन-सा महाभोग लगाएं?
प्रदोष व्रत के दिन भगवान शिव को खीर का भोग लगाना बेहद शुभ माना जाता है। दूध, चावल और चीनी से बनी खीर शिवजी को बहुत प्रिय मानी जाती है। मान्यता है कि खीर का भोग लगाने से परिवार में सुख-शांति बनी रहती है और धन-धान्य की वृद्धि होती है। इसके अलावा मखाने की खीर भी भगवान शिव को अर्पित की जा सकती है। भोग लगाने के बाद इसे प्रसाद के रूप में परिवार के सभी सदस्यों में बांटना शुभ माना जाता है।
इन चीजों का भी करें अर्पण
प्रदोष व्रत की पूजा में भगवान शिव को भोग के साथ कुछ विशेष पूजन सामग्री भी जरूर अर्पित करनी चाहिए। शिवलिंग पर गंगाजल, कच्चा दूध, दही, शहद, घी और शक्कर से अभिषेक करें। इसके बाद बेलपत्र, धतूरा, भांग, सफेद चंदन, सफेद फूल, अक्षत और मौसमी फल अर्पित करें। माना जाता है कि इन चीजों से भगवान शिव जल्दी खुश होते हैं।

