Kanwar Yatra Kab Se Shuru Hai | Kanwar Yatra 2026: सावन का पवित्र महीना भगवान शिव की आराधना के लिए सबसे बड़ा माना जाता है. इस दौरान देशभर में लाखों शिवभक्त श्रद्धा और आस्था के साथ कांवड़ यात्रा पर निकलते हैं. श्रद्धालु हरिद्वार, गंगोत्री, गौमुख, सुल्तानगंज जैसी पवित्र जगहों से गंगाजल लेकर अपने-अपने शिवालयों तक पैदल यात्रा करते हैं और भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करते हैं. सावन के पूरे महीने ‘बोल बम’ और ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से धार्मिक वातावरण भक्तिमय हो जाता है. उत्तर भारत के कई राज्यों में ये यात्रा सावन शिवरात्रि तक चलती है, जबकि कुछ प्रमुख तीर्थस्थलों, जैसे देवघर, में ये पूरे श्रावण मास तक जारी रहती है.
कांवड़ यात्रा 2026 कब से शुरू होगी? (Kanwar Yatra Starts Date 2026)
पंचांग के अनुसार श्रावण कृष्ण प्रतिपदा तिथि 29 जुलाई 2026 (Kanwar Yatra Starts Date 2026) को रात 8:05 बजे शुरू होकर 30 जुलाई 2026 को रात 9:30 बजे तक रहेगी. उदया तिथि के आधार पर कांवड़ यात्रा का शुभारंभ 30 जुलाई 2026 (गुरुवार) से माना जाएगा.
दिल्ली-एनसीआर में कांवड़ यात्रा सावन कृष्ण प्रतिपदा से शुरू होकर सावन शिवरात्रि (11 अगस्त) तक चलेगी. वहीं झारखंड के देवघर में ये यात्रा पूरे श्रावण मास तक यानी 30 जुलाई से 28 अगस्त 2026 (श्रावण पूर्णिमा) तक जारी रहेगी.
दिल्ली-एनसीआर और देवघर में कांवड़ यात्रा का समय
दिल्ली-एनसीआर: 30 जुलाई 2026 से 11 अगस्त 2026 (सावन शिवरात्रि)
देवघर: 30 जुलाई 2026 से 28 अगस्त 2026 (श्रावण पूर्णिमा)
जलाभिषेक के लिए शुभ दिन
सावन का हर दिन भगवान शिव की पूजा और जलाभिषेक के लिए शुभ माना जाता है. हालांकि अधिकांश कांवड़िए सावन सोमवार, शिवरात्रि और प्रदोष जैसे विशेष अवसरों पर जलाभिषेक करना अधिक शुभ मानते हैं.
इस साल 10 अगस्त को सावन सोमवार और सोम प्रदोष व्रत का विशेष संयोग बन रहा है, जो जलाभिषेक के लिए अत्यंत शुभ रहेगा. इसके अलावा 11 अगस्त को सावन शिवरात्रि और 17 अगस्त को सावन सोमवार के साथ नाग पंचमी का दुर्लभ संयोग भी भक्तों के लिए खास रहेगा
कांवड़ यात्रा 2026: जलाभिषेक के मेन शुभ दिन
3 अगस्त 2026 (सोमवार): पहला सावन सोमवार
10 अगस्त 2026 (सोमवार): दूसरा सावन सोमवार और सोम प्रदोष व्रत
11 अगस्त 2026 (मंगलवार): सावन शिवरात्रि
17 अगस्त 2026 (सोमवार): तीसरा सावन सोमवार और नाग पंचमी
24 अगस्त 2026 (सोमवार): चौथा सावन सोमवार
25 अगस्त 2026 (मंगलवार): भौम प्रदोष व्रत
28 अगस्त 2026 (शुक्रवार): श्रावण पूर्णिमा और सावन माह का समापन


