कोरोना के कारण रुकी पड़ी थी परियोजनाएं, अब विकास कार्य पकड़ेंगे रफ्तार : मनीष कुमार ग्रोवर

0
291
Projects were halted due to Corona, now development work will pick up pace

आज समाज डिजिटल,रोहतक:

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष और पूर्व सहकारिता मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर ने कहा कि कोरोना के चलते रोहतक जिले में परियोजनाएं रुक गई थी। हरियाणा प्रगति रैली में मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल ने रोहतक जिले को 700 करोड़ रुपए की विकास की परियोजनाओं की सौगात दी है। अब आने वाले दिनों में विकास कार्य रफ्तार पकड़ेंगे। 700 करोड रुपए की राशि मंजूर किए जाने पर रोहतक भाजपा प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल का आभार व्यक्त करती है।

पूर्व मंत्री बोले, मेयर, भाजपा जिलाध्यक्ष और उन्होंने खुद भी मुख्यमंत्री को लिखे थे पत्र, सामूहिक प्रयासों से मंजूर हुई राशि

हुडा कांप्लेक्स स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए प्रदेश उपाध्यक्ष ग्रोवर ने कहा कि कोरोना काल में कई माह तक सब कुछ बंद हो गया था। लॉकडाउन के कारण विकास के कामों पर भी सीधा असर पड़ा था। हालांकि हरियाणा ऐसा राज्य है, जिसमें कोरोना काल के पिछले 2 साल में अपने कर्मचारियों को समय पर वेतन, समय पर पेंशन देने और दूसरी सामाजिक स्कीमों का लाभ रुकने नहीं दिया जबकि साथ लगते राज्य पंजाब, दिल्ली, व राजस्थान की सरकारें तो समय पर वेतन तक नहीं दे पाई थी हालांकि विकास कार्य पर कोरोना का असर जरूर पड़ा। मगर अब सब कुछ सामान्य हो चुका है। पूर्व मंत्री ने कहा कि विकास कार्यों को लेकर रोहतक भाजपा के सभी नेताओं के सामूहिक प्रयासो, उन्होंने खुद भी मुख्यमंत्री से मिलकर और अधिकारियों को पत्र लिखकर लोगों की समस्याएं रखी थी। सभी के सामूहिक प्रयासों के बाद रोहतक में 700 करोड़ रुपए की राशि से विकास कार्यों में तेजी आएगी।

रोहतक भाजपा ने 700 करोड रुपए की परियोजनाएं देने पर मुख्यमंत्री का जताया आभार

ग्रोवर ने कहा कि जैसे-जैसे रोहतक शहर फैल रहा है और आबादी बढ़ रही है, वाहनों का दबाव भी रोहतक शहर के आंतरिक हिस्सों में बढ़ रहा है। उसको ध्यान में रखते हुए रोहतक शहर के 8 सरकारी कार्यालयों को सुनारिया के पास निगम की 64 एकड़ जमीन में शिफ्ट करने का निर्णय लिया गया है। इसके लिए सरकार ने 250 करोड़ रुपए मंजूर किए हैं। सरकार ने नगर निगम रोहतक, नगर पालिका कलानौर, नगर पालिका महम और नगर पालिका सापला के लिए 120 करोड़ रुपए मंजूर किए हैं। जिले में मार्केटिंग बोर्ड की 18 सड़कों को भी मंजूर किया है, जिन पर जल्द ही काम शुरू किया जाएगा। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के 16 कामों के लिए 38 करोड रुपए मंजूर किए हैं। काहनोर डिस्ट्रीब्यूटरी के लिए 5 करोड़ रुपए देने का ऐलान किया गया है, जबकि सिंचाई विभाग के अन्य 12 कामों के लिए 42 करोड़ रुपए मंजूर किए हैं ताकि रोहतक जिले के हर खेत तक पर्याप्त पानी पहुंचे सके। रोहतक नगर निगम में सड़क, पानी, पार्क और अन्य कामों के लिए 32 करोड़ रुपए देने की घोषणा की है।

पीडब्ल्यूडी की 24 सड़कों के लिए भी 94 करोड़ रुपए मंजूर

ग्रोवर ने कहा कि रोहतक में पीडब्ल्यूडी की 24 सड़कों के लिए भी 94 करोड़ रुपए मंजूर किए हैं। सरकार ने कलानौर और कुलताना गांव के स्कूल को अपग्रेड करने का निर्णय लिया है। रोहतक जिले के ग्रामीण इलाकों के 5 ब्लॉक के लिए 102 करोड रुपए मंजूर किए हैं। इस मौके पर महामंत्री सतीश आहुजा, महामंत्री राजेश भालोट, सीनियर डिप्टी मेयर राजकमल सहगल, पूर्व चेयरमैन ओमप्रकाश बागड़ी, जिला मीडिया प्रभारी तरुण सनी शर्मा, जिला उपाध्यक्ष सत्य प्रकाश बिस्ला, पार्षद सुरेश किराड़, मंडल अध्यक्ष सतीश ठेकेदार, मंडल अध्यक्ष अशोक सहगल, मंडल अध्यक्ष राजीव भाकर, हैप्पी अनेजा, सुरजीत जसिया समेत अनेक नेता मौजूद रहे।

जाट संस्था जुड़ेगी हॉट लाइन से

पूर्व मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री ने जाट एजुकेशन सोसायटी को हॉटलाइन बिजली से जोड़ने की घोषणा की। इस पर आने वाले करीब 13 लाख रुपए की राशि भी राज्य सरकार वहन करेगी। संस्था की सैलरी का मुद्दा और जाट संस्था के लॉ कॉलेज को एनओसी दिलाने का मुद्दा भी जल्द हल किया जाएगा। उन्होंने जाट एजुकेशन सोसाइटी को 51 लाख रुपए देने की घोषणा को सराहनीय बताते हुए कहा कि इससे पहले भी मुख्यमंत्री 51 लाख रुपये दे चुके हैं।

टेबलेट से हरियाणा में आएगी नई क्रांति

पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए ग्रोवर ने कहा कि हरियाणा के मुख्यमंत्री ने सरकारी स्कूलों में अध्ययनरत दसवीं और बारहवीं के 5 लाख छात्रों को टेबलेट देने की शुरुआत करके एक नई क्रांति का आगाज किया है। टेबलेट के लिए करीब 1000 करोड़ के बजट को मंजूर किया गया है। उन्होंने मुख्यमंत्री द्वारा सरकारी स्कूलों के लिए दो टास्क फोर्स के गठन की घोषणा को नई पहल बताते हुए कहा कि एक टास्क फोर्स स्कूलों की नई बिल्डिंग बनाने, चारदीवारी बनाने, नए खेल मैदान तैयार करवाने जैसे काम देखेगी जबकि दूसरी टास्क फोर्स कक्षा के अंदर प्रदान की जाने वाली सुविधाओं पर काम करेगी।

भविष्य में अन्य मांगे भी रखेंगे मुख्यमंत्री के समक्ष

पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए नगर निगम मेयर श्री मनमोहन गोयल, जिला अध्यक्ष श्री अजय बंसल और वरिष्ठ नेता श्री सतीश नांदल ने संयुक्त रूप से कहा कि भविष्य में रोहतक जिले के लिए लोगों की ओर से जो भी मांग रखी जाएगी, उसे प्रदेश सरकार द्वारा सिरे चढ़ाने का काम किया जाएगा। रोहतक भाजपा रोहतक जिले को किसी भी सूरत में पीछे नहीं रहने देगी। प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल जब से मुख्यमंत्री बने हैं, तभी से रोहतक जिले को नए-नए सौगातें मिलती रही हैं।

शिकायतें मिलेंगी तो समाधान करवाएंगे : ग्रोवर

पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए पूर्व मंत्री ग्रोवर ने कहा कि सरकार हर वर्ग के लिए काम कर रही हैं, फिर भी जहां जहां दिक्कतें हैं, उन्हें हर हाल में दूर कराया जाएगा। भविष्य में जो भी शिकायतें मिलेंगी, उनका समाधान करवाने की हर संभव कोशिश रहेगी।

 

ये भी पढ़ें : जांच में जुटे बम निरोधक दस्ता और जांच एजेंसियां

ये भी पढ़ें : करनाल से चार आतंकी गिरफ्तार, हथियार-विस्फोटक भी बरामद

ये भी पढ़ें : दोस्त को उतारा मौत के घाट फिर किए टुकड़े, कारण 25 हजार रुपये का लेनदेन

ये भी पढ़ें : बिजली संकट, तीन यूनिटों में उत्पादन बंद, बढ़ी मांग

Connect With Us : Twitter Facebook

SHARE