PM Modi Today Karnataka Rally: कर्नाटक में कांग्रेस के शासन में आता था 30 हजार करोड़ का FDI, बीजेपी सरकार में 90 हजार करोड़ हुआ

0
215
PM Modi Today Karnataka Rally
कर्नाटक में जनसभा को संबोधित करते प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी।

Aaj Samaj (आज समाज), PM Modi Today Karnataka Rally, बेंगलुरु: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज भी कर्नाटक में चुनावी रैलियों को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने पूर्व की गठबंधन सरकार कांग्रेस-जेडीएस पर फिर हमला बोला। मोदी ने अंकोला में एक रैली को संबोधित करते हुए कहा कि कर्नाटक का विकास ही बीजेपी की प्राथमिकता है।कांग्रेस-जेडीएस सरकार के दौरान राज्य में 30 हजार करोड़ रुपए के आसपास प्रत्यक्ष विदेश निवेश (एफडीआई) आता था, लेकिन हमें मिले तीन साल में ही यह सालाना तीन गुना बढ़कर 90 हजार करोड़ रुपए हो गया है।

हमने प्रदेश में विकास को तेजी से गति दी

प्रधानमंत्री ने कहा कि बीजेपी सरकार का फोकस केवल कर्नाटक का विकास है और इसी सोच की बदौलत एफडीआई में तीन गुना बढ़ोतरी हुई है। मोदी ने कहा कि कर्नाटक में बीजेपी की डबल-इंजन सरकार के शासन का शुरुआती समय कांग्रेस-जेडीएस द्वारा किए गए नुकसान की भरपाई करने में चला गया। उसके बाद हमने प्रदेश में विकास को तेजी से गति दी और इस राज्य को देश का नंबर-1 राज्य बनाने का संकल्प लिया। बीजेपी की सरकार इसी दिशा में लगातार काम कर रही है। मोदी ने लोगों से कहा कि इस काम में उनका वोट अहम है। जनता का वोट ही वास्तव मेें कर्नाटक को नंबर वन बनाने में अहम भूमिका निभाएगा।

अपने नेताओं के रिटायरमेंट के नाम पर वोट मांग रही कांग्रेस

पीएम ने यह भी कहा कि भ्रमित कांग्रेस अपने नेताओं के रिटायरमेंट के नाम पर वोट मांग रही है। पीएम ने कहा, कांग्रेस के नेता मुझे बार-बार गाली दे रहे हैं। उन्होंने रैली में मौजूद जनता से पूछा, क्या कर्नाटक गाली-गलौज की संस्कृति को स्वीकार करता है? क्या कर्नाटक को गाली देने वाले लोग पसंद हैं? क्या गालियां देने वालों को कर्नाटक कभी माफ करेगा? मुझे पता है कि जनता कांग्रेस को इसकी सजा देगी। कांग्रेस अपने दशकों के कुशासन से जन विश्वास खो चुकी है इसलिए झूठे आरोप और झूठी गारंटी ही उसका अब एकमात्र सहारा बचा है। आज भी कर्नाटक की हर योजना में कांग्रेस 85 फीसदी कमीशन खाने को तैयार बैठी है।

कर्नाटक का भविष्य तय करने जा रहे पहली बार वोट देने वाले

कांग्रेस कर्नाटक को, दिल्ली में जो उनका ‘शाही परिवार’ बैठा है, उस परिवार का नंबर-1 एटीएम बनाना चाहती है। विपक्षी पार्टी आपका वोट इसलिए चाहती है ताकि वह यहां के लोगों के विकास के लिए हुए कामों को पलट सके। मोदी ने यह भी कहा कि जो जीवन में पहली बार वोट देने जा रहे हैं वह कर्नाटक का भविष्य तय करने जा रहे हैं। उन्होंने कहा, मेरे बेटे-बेटियों आपको अगर अपना करियर बनाना है, अपने मन का काम करना है तो यह कांग्रेस के रहते संभव नहीं होगा। कर्नाटक में अगर अस्थिरता रही तो आपका भाग्य भी अस्थिर रहेगा।

दुनिया भारत को सम्मान दे रही, कांग्रेस बदनाम कर रही

कांग्रेस कर्नाटक में शांति की दुश्मन है, विकास की दुश्मन है। यह पार्टी आतंक के आकाओं को बचाती है। तुष्टिकरण को बढ़ाती है। इसी के साथ देश में जहां भी लोग शान्ति और प्रगति चाहते हैं वे सबसे पहले अपने राज्य से कांग्रेस को बाहर कर देते हैं। अगर देश प्रगति करता है तो कांग्रेस इसे बर्दाश्त नहीं कर पाती। कांग्रेस की पूरी राजनीति बांटो और राज करो पर आधारित है। कर्नाटक के लोगों ने खुद कांग्रेस का यह खौफनाक चेहरा देखा है। कांग्रेस हमारी सेना का भी अपमान करती है, आज पूरी दुनिया भारत में डेमोक्रेसी और डेवलपमेंट को देख कर उसे सम्मान दे रही है, लेकिन रिवर्स गियर कांग्रेस दुनिया भर में घूम-घूम कर देश को बदनाम कर रही है।

पीएम ने जनता से लगवाए बजरंग बली के नारे

प्रधानमंत्री ने रैली के दौरान लोगों से कहा, आप मतदान के लिए जाएं, तो बटन दबाने से पहले बस ‘जय बजरंग बली’ का जाप करें और सजा दें। पीएम ने मूडबिद्री में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए 6 बार बजरंग बली के जयकारे लगवाए। उन्होंने भाषण से पहले तीन बार बजरंग बली का जयकारा किया, फिर संबोधन खत्म होने के बाद तीन बार जनता से बजरंग बली की जय-जयकार करवाई। दरअसल, मंगलवार को कांग्रेस ने अपना घोषणापत्र जारी किया था और इसमें बजरंग दल पर बैन लगाने की बात कही थी। इस पर पीएम मोदी ने मंगलवार को कहा था, श्रीराम के बाद ये बजरंग बली को भी कैद करना चाहते हैं।

यह भी पढ़ें : Jammu-Kashmir में सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ में मार गिराए दो आतंकी

यह भी पढ़ें : Center On Same Sex Marriage: समलैंगिक विवाह मामले में कमेटी बनाएगा केंद्र, जोड़ों की समस्याओं का हल खोजेंगे सदस्य

यह भी पढ़ें :  Weather 03 May Update: देश के कई हिस्सों में बेमौसम बारिश जारी, आज भी कई जगह भारी बारिश का अलर्ट

Connect With Us: Twitter Facebook

 

SHARE