PM Modi Public Meetings: विकास तभी जब नीतियां सही, कांग्रेस हिंसा फैलाने वालों का समर्थन कर रही

0
11
PM Modi Public Meetings
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी।

Aaj Samaj (आज समाज), PM Modi Public Meetings, रायपुर/भोपाल: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश में चुनावी रैलियों को संबोधित किया। एमपी की राजधानी भोपाल में उन्होंने रोड शो किया। वहीं राज्य के सागर व हरदा में जनसभाओं को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने एक बार फिर कांग्रेस व ‘इंडी’ गठबंधन और अन्य विपक्षी दलों पर जमकर हमला बोला। पीएम ने अपनी सरकार के कामकाज के तरीके का भी जिक्र किया। सागर में जनसभाओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि विकास तब होता है जब सही नीतियां हो, सही विजन हो, इसलिए देश हो या मध्य प्रदेश विकास तभी आया जब कांग्रेस गई और बीजेपी की सरकार आई।

कांग्रेस के समय एमपी की पहचान बीमारू राज्य की थी

कांग्रेस के समय में एमपी की पहचान बीमारू राज्य की थी। आज वही मध्य प्रदेश भाजपा की सरकार में विकास की नई इबारत लिख रहा है। मोदी ने कहा कि मध्य प्रदेश में केन बेतवा लिंक योजना का एतिहासिक काम शुरू हो गया है। साथ ही राज्य में अच्छे हाइवे का नेटवर्क बनाया जा रहा है। रैली में मौजूद भीड़ को देखकर प्रधानमंत्री गदगद दिखे। उन्होंने कहा, आज सागर की धरती पर जनसमर्थन का सागर उमड़ा है। उन्होंने कहा, पिछली बार आपने यहां से बीजेपी को रिकॉर्ड तोड़ जीत दर्ज करवाई थी और सागर ने अबकी फिर मोदी सरकार को जिताने का मन बना लिया है। देश के विकास के लिए एक मजबूत सरकार कितनी जरूरी होती है, ये मध्य प्रदेश और सागर के लोग बहुत अच्छे से जानते है।

छत्तीसगढ़ के सरगुजा में भी कांग्रेस पर बरसे मोदी

छत्तीसगढ़ के सरगुजा में भी पीएम मोदी ने चुनावी रैली के दौरान कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा, कांग्रेस, हिंसा फैलाने वालों का समर्थन कर रही है, उन्हें शहीद बता रही है। इसी कांग्रेस की सबसे बड़ी नेता, आतंकियों के मारे जाने पर आंसू बहाती हैं। ऐसी ही करतूतों के कारण कांग्रेस देश का भरोसा खो चुकी है। मोदी ने कहा, जब मैं विकसित भारत कहता हूं, तो कांग्रेस वालों का और दुनिया में बैठी कुछ ताकतों का माथा गरम हो जाता है।

अगर भारत शक्तिशाली हो गया, तो कुछ ताकतों का खेल बिगड़ जाएगा। अगर भारत आत्मनिर्भर बन गया, तो कुछ ताकतों की दुकान बंद हो जाएगी, इसलिए वो भारत में कांग्रेस और इंडी गठबंधन की कमजोर सरकार चाहते हैं। पीएम ने कहा, इस तरह कांग्रेस के इरादे नेक नहीं हैं। इनके इरादे संविधान व सामाजिक न्याय के अनुरूप नहीं हैं। ये देश की जनता को लूटना चाहते हैं।

सैम पित्रोदा की ‘विरासत टैक्स’ वाली टिप्पणी पर भी सुनाई खरी-खरी

प्रधानमंत्री ने कहा, अगर आगामी लोकसभा चुनाव में कांग्रेस की सरकार बनी तो आप लोग जो मेहनत से संपत्ति जुटाते हैं, वह भी आपके बच्चों को नहीं मिलेगी। कांग्रेस का पंजा उसे भी आपसे लूट लेगा। इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के अध्यक्ष सैम पित्रोदा के भारत में भी ‘विरासत टैक्स’ लगाने को लेकर दिए गए बयान पर उन्होंने यह टिप्पणी की। मोदी ने कहा, जब तक आप जीवित रहेंगे, तब तक कांग्रेस आपको ज्यादा टैक्स से मारेगी और जब जीवित नहीं रहेंगे, तब आप पर विरासत कर का बोझ लाद देगी।

 शाही परिवार के शहजादे के सलाहकार मिडिल क्लास पर दे चुके हैं ज्यादा टैक्स की सलाह

पीएम ने कहा, ‘कांग्रेस की लूट जिंदगी के साथ भी और जिंदगी के बाद भी। यह लूट का इनका मंत्र है। उन्होंने कहा, शाही परिवार के शहजादे के सलाहकार ने कुछ समय पहले कहा था कि मिडिल क्लास पर और ज्यादा टैक्स लगाना चाहिए। अब ये लोग इससे भी एक कदम और आगे बढ़ गए हैं। अब ये माता-पिता से मिलने वाली विरासत पर भी टैक्स लगाएंगे।

कांग्रेस ने धर्म के आधार पर आरक्षण का प्रयास किया

कांग्रेस ने आंध्र प्रदेश में धर्म के आधार पर आरक्षण देने का प्रयास किया था। फिर कांग्रेस ने इसे पूरे देश में लागू करने की योजना बनाई। कांग्रेस ने कहा कि एससी/एसटी और ओबीसी का जो कोटा है, उसमें से चुरा कर धर्म के आधार पर कुछ लोगों को आरक्षण दिया जाए। जब कांग्रेस का घोषणापत्र आया, उसी दिन मैंने कह दिया था कि कांग्रेस के घोषणापत्र पर मुस्लिम लीग की छाप है। अगर आपके आरक्षण की कोई रक्षा कर सकता है तो केवल बीजेपी की सरकार।

यह भी पढ़ें:

Connect With Us : Twitter Facebook

 

SHARE