Sawan Kripal Ruhani Mission ने विश्व पर्यावरण दिवस पर किया 7500 पौधों का वितरण

0
104
Panipat News/Sawan Kripal Ruhani Mission
Panipat News/Sawan Kripal Ruhani Mission

Aaj Samaj (आज समाज),Sawan Kripal Ruhani Mission,पानीपत: परम पूजनीय संत राजिन्दर सिंह जी महाराज की अध्यक्षता में कार्यरत सावन कृपाल रूहानी मिशन ने विश्व पर्यावरण दिवस पर पौधारोपण और पौधों के वितरण अभियान की शुरूआत की। जिसके अंतर्गत पर्यावरण की सुरक्षा के लिए जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से कृपाल बाग, दिल्ली में 7500 पौधों का समस्त संगत में वितरण किया गया। इस अवसर पर संत राजिन्दर सिंह जी महाराज और माता रीटा ने स्वयं अपने कर-कमलों से पौधारोपण कर सभी को अपने पर्यावरण की देखभाल करने के लिए भी प्रेरित किया। विश्व पर्यावरण दिवस पर संत राजिन्दर सिंह महाराज ने अपने खास संदेश में कहा कि जब हम आध्यात्मिक रूप से उन्नति करते हैं, तब हम अन्य जीवों के प्रति जागरूक हो जाते हैं, चाहे वह पेड़-पौधे हों या अन्य जीव-जंतु।

 

प्रकृति के साथ तालमेल बनाकर जियें

ऐसे में हम उन सभी की ज्यादा से ज्यादा देखभाल करना शुरू कर देते हैं। उन्होंने आगे कहा कि जैसे ही हम अपने अंदर सद्गुणों को ढालते हैं और ध्यान-अभ्यास द्वारा ज्योति और श्रुति के सपंर्क में आते हैं तो हमारे अंदर की खामियां और विकार हमसे दूर होने लगते हैं। जिससे कि हम अपने असली रूप यानि आत्मा को जानने लगते हैं। पर्यावरण शोधकर्ता जो अपने कर्तव्यों के प्रति बहुत दृढ़ संकल्प होते है, वह पृथ्वी के पर्यावरण की स्वच्छता और देखभाल के लिए समर्पित होते हैं। वे चाहते हैं कि हम किसी भी तरह से प्रकृति के साथ तालमेल बनाकर जियें। ठीक इसी प्रकार जो व्यक्ति अपने आपको आत्मिक स्तर पर जानकर पिता-परमेश्वर का अनुभव कर चुका है, वह अपना जीवन जिम्मेदारी की भावना से जीता है।

 

पिता-परमेश्वर की दी गई आत्मिक सुदंरता को अनुभव करें

एक बार जब हम अपने अंदर समस्त सृष्टि के लिए प्रेम की भावना को बढ़ाते हैं, तब हम घास के एक तिनके में भी पिता-परमेश्वर की झलक देखते हैं। आज जब हम विश्व पर्यावरण दिवस मना रहे हैं तो आईये हम सब ध्यान-अभ्यास में अधिक से अधिक समय दें ताकि हम पिता-परमेश्वर की दी गई आत्मिक सुदंरता को अनुभव करें। यदि हम इसको अपने अंदर विकसित कर लेते हैं तो जो भी हमारे संपर्क में आता है, वह भी इन आध्यात्मिक खुशियों को महसूस करता है। इस तरह हम प्रभु के प्रेम को पृथ्वी के सभी जीवों में बिखेरते हैं।

 

 

सावन कृपाल रूहानी मिशन मानव-सेवा के प्रति समर्पित संस्था

सावन कृपाल रूहानी मिशन मानव-सेवा के प्रति समर्पित संस्था है जो नियमित रूप से मानव-कल्याण के लिए अनेक प्रकार के कार्यां को संचालित करती है। जिसके अंतर्गत सावन कृपाल रूहानी मिशन द्वारा संत दर्शन सिंह जी धाम, बुराड़ी में 1000 बैड कोविड केयर सुविधाओं के साथ तैयार किये गए हैं। इसके अलावा यहां नेत्र जांच शिविर, आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों को निःशुल्क शिक्षा और खाद्य सामग्री वितरण के साथ-साथ अनेक प्रकार की समाज-कल्याण गतिविधियों को चलाया जाता है।

 

मिशन का साहित्य विश्व की 55 से अधिक भाषाओं में प्रकाशित

मानव-कल्याण के लिए चलाई जाने वाली सभी प्रकार की गतिविधियां सावन कृपाल रूहानी मिशन द्वारा मुफ्त आयोजित की जाती हैं, जोकि समाज में निष्काम सेवा की भावना को बढ़ावा देती हैं। सावन कृपाल रूहानी मिशन के अध्यक्ष संत राजिन्दर सिंह जी महाराज आज संपूर्ण विश्व में ध्यान-अभ्यास द्वारा प्रेम, एकता व शांति का संदेश प्रसारित कर रहे हैं, जिसके फलस्वरूप उन्हें विभिन्न देशों द्वारा अनेक शांति पुरस्कारों व सम्मानों के साथ-साथ पाँच डॉक्टरेट की उपाधियों से भी सम्मानित किया जा चुका है। सावन कृपाल रूहानी मिशन के संपूर्ण विश्व में लगभग 3200 से अधिक केन्द्र स्थापित हैं तथा मिशन का साहित्य विश्व की 55 से अधिक भाषाओं में प्रकाशित हो चुका है। इसका मुख्यालय विजय नगर, दिल्ली में है तथा अंतर्राष्ट्रीय मुख्यालय नेपरविले, अमेरिका में स्थित है।

– सावन कृपाल रूहानी मिशन, सौरव नरूला मीडिया प्रभारी

 

 

 

यह भी पढ़ें : Aaj Ka Rashifal 05 June 2023 : मिथुन राशि वालों के घर में किसी सदस्य का आज जन्मदिन है तो घर जाने के पहले उपहार खरीदें और उन्हें भेंट करें. घर का माहौल अच्छा होगा.

यह भी पढ़ें : Lemon Benefits: नींबू का उपयोग शरीर के लिए कई तरह से है फायदेमंद, जानिए इसके कुछ औषधीय गुण

Connect With Us: Twitter Facebook

SHARE