अडाणी ग्रुप के खिलाफ 13 मार्च को राजभवन का करेंगे घेराव

0
273
Panipat News/Raj Bhavan will be surrounded on March 13 against Adani Group
Panipat News/Raj Bhavan will be surrounded on March 13 against Adani Group
  • इस सरकार से पहले कभी इतना भ्रष्टाचार नहीं हुआ
आज समाज डिजिटल, पानीपत :
पानीपत। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अडाणी ग्रुप के खिलाफ मोर्चा खोला है। मॉडल टाउन स्थित पानीपत के वरिष्ठ कांग्रेस नेता वरिंदर उर्फ बुल्ले शाह के आवास पर गुरुवार को पत्रकार वार्ता का आयोजन किया गया। पत्रकार वार्ता को कांग्रेस के कार्यकर्ता एवं पानीपत कांग्रेस के प्रमुख अशोक अरोड़ा ने संबोधित किया। उन्होंने कहा कि अडाणी ग्रुप के खिलाफ जांच की मांग को लेकर ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी ने निर्णय लिया है कि 6 मार्च से 10 मार्च तक 1 दिन ब्लॉक स्तर पर एसबीआई, एलआईसी के दफ्तरों के बाहर कांग्रेस के कार्यकर्ता पूरे देश में धरना देंगे। 13 मार्च को राजभवन का घेराव होगा। जिसका नाम चलो राजभवन की ओर दिया गया है। राजभवन के सामने कांग्रेस धरना देगी।

कोरोना काल में किया गया पैसा इन्वेस्ट

हिडनबर्ग ने अडाणी समूह के बारे में एक रिपोर्ट प्रस्तुत की। जिसके अंतर्गत विपक्ष ने मांग उठाई की इस मामले की सुप्रीम कोर्ट के सिटिंग जज से इसकी जांच होनी चाहिए। इतना बड़ा मसला है, पूरे देश का अधिकतम पैसा जो पब्लिक सेक्टर का था। जिसमें एसबीआई, एलआईसी के पैसे को अडाणी समूह में इन्वेस्ट किया गया। पैसा ऐसे समय में प्रयोग किया गया, जब देश में कोरोना काल था, उस वक्त आर्थिक तंगी की स्थिति थी। संसद में इस मुद्दे पर पीएम ने एक भी शब्द नहीं कहा। जिसके बाद दूसरा विकल्प है, इस बारे में जनता के बीच जाया जाए।

मोदी के वायदों की कांग्रेस बनाएगी चार्जशीट

सत्ता में आने के लिए 8 साल पहले नरेंद्र मोदी ने अनेकों वायदे किए थे। जिनमें किसान की आमदनी दोगुना करने की, 1 करोड़ लोगों को नौकरी देने की बात थी। 15-15 लाख हर किसी के खाते में देने का वायदा था। इसके अलावा भी अनेकों ऐसे वायदे हैं, जिन्हें मौजूदा सरकार ने पूरा ने नहीं किया है। इसके लिए कांग्रेस एक चार्जशीट तैयार करेगी और ब्लॉक और जिला स्तर तक भी लोगों के बीच जाएगी और इस बारे में जागरूक करते हुए लोगों को कांग्रेस के सत्ता में आने के बाद किए जाने वाले कामों के बारे में बताएगी। देश में महंगाई चरम पर है। पेट्रोल-डीजल पर वेट महंगा कर दिया गया है। कांग्रेस के समय में वैट 9 प्रतिशत था, जोकि आज 16 प्रतिशत है।

मुख्यमंत्री को पद पर बने रहने का है अंहकार

अशोक अरोड़ा ने कहा कि मुख्यमंत्री को बहुत अंहकार है कि वे इस पद पर हमेशा रहेंगे। खेल मंत्री का इस्तीफा न लेने इस बात को दर्शाता है। जिस मंत्री पर शोषण के गंभीर आरोप लगे हैं। जिसकी जांच भी दो-दो एसआईटी कर रही है।
इसके बाद भी सीएम, आरोपी मंत्री को बचाने में जुटे हैं। कोई भी निर्णय आने तक संदीप सिंह का इस्तीफा लिया जाना चाहिए। जांच रिपोर्ट में क्लीन चिट मिलती है तो उन्हें पद दोबारा दे दें। वहीं, उन्होंने कहा कि गृहमंत्री अनिल विज को छपने का बहुत शौक है। इसलिए मुद्दा कोई भी हो, उन्हें हर मुद्दे पर टिप्पणी करनी है।

जितना भ्रष्टाचार अब है, पहले कभी नहीं था

हाल ही में सीएम मनोहर लाल ने एक इंटरव्यू के दौरान कहा था कि कांग्रेस सरकार में उनकी भाभी की 6 हजार रुपए रिश्वत देकर ट्रांसफर हुई थी। जिस पर अशोक अरोड़ा ने कहा कि मुख्यमंत्री आरएसएस के बहुत पुराने कार्यकर्ता है। हरियाणा प्रदेश के भीतर वे संगठन का काम भी देखते रहे हैं। अगर उस वक्त उनकी भाभी की ट्रांसफर के रुपए लिए गए थे तो उन्हें तभी एफआईआर करवानी चाहिए थी। आरोप लगाने से कुछ नहीं होता। आरोप कोई भी किसी पर भी बहुत आसानी से लगा देता है। जितना भ्रष्टाचार प्रदेश में अब है, इतना पहले की किसी भी सरकार में नहीं था।

हरियाणा में कांग्रेस सरकार बनने के ये वायदे 

– हर बुजुर्ग को 6 हजार रुपए पेंशन दी जाएगी। जिनकी पेंशन इस सरकार ने काटी है, उन्हें ब्याज समेत दी जाएगी।
– गरीब व्यक्तियों को 100-100 गज के प्लाट दिए जाएंगे। उनमें 2-2 कमरे भी बनवाए जाएंगे।
– किसान को अच्छे बीच, अच्छी खाद दी जाएगी। गरीबों को गैस सिलेंडर दिए जाएंगे।
– नियमों के अनुसार हर कास्ट कैटेगरी को प्लाट दिए जाएंगे।
SHARE