गत एक वर्ष दौरान पानीपत जिले में बढ़ गए 19 हजार से अधिक मतदाता, पानीपत ग्रामीण में बढ़े आठ हज़ार से ऊपर 

0
195
Panipat News/More than 19 thousand voters increased in Panipat district during last one year
Panipat News/More than 19 thousand voters increased in Panipat district during last one year
  • 1 जनवरी 2023 की योग्यता तिथि अनुसार जिले में कुल 8 लाख 95 हज़ार मतदाता
आज समाज डिजिटल, पानीपत :
पानीपत। भारतीय चुनाव आयोग के निर्देशानुसार हरियाणा के मुख्य चुनाव अधिकारी (सीईओ ) द्वारा प्रदेश के सभी 22 ज़िलों में कुल रजिस्टर्ड मतदाताओं की ताज़ा संख्या को इस वर्ष 1 जनवरी 2023 की योग्यता तिथि के आधार पर अपडेट किया गया है, जिसे हाल ही में 5 जनवरी 2023 को प्रकाशित किया गया है। फाइनल मतदाता सूचियों के अनुसार हरियाणा में अब कुल 1 करोड़ 96 लाख 58 हजार 234 मतदाता हैं। गत वर्ष जनवरी, 2022 में यह संख्या 1 करोड़ 93  लाख 31 हज़ार 458 मतदाता थी. इस प्रकार गत एक वर्ष में 3 लाख 26 हजार 776 मतदाता पूरे प्रदेश में बढ़े हैं।

सबसे अधिक मतदाता पानीपत ग्रामीण विधानसभा हलके में

बहरहाल, इसी बीच पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के एडवोकेट हेमंत कुमार ने चुनाव आयोग से आधिकारिक आंकड़े प्राप्त कर उनका अध्ययन और विश्लेषण कर बताया कि जहां तक पानीपत जिले में मौजूदा चार विधानसभा हलको का विषय है, तो ताज़ा आंकड़ों अनुसार ज़िले में सबसे अधिक मतदाता पानीपत ग्रामीण विधानसभा हलके में अर्थात 2 लाख 59 हज़ार 457 है। रोचक बात यह है कि गत एक वर्ष में इस हलके में 8 हजार 346 मतदाता बढ़े हैं। गत वर्ष जनवरी, 2022 में यहाँ 2 लाख 51 हज़ार 111 मतदाता थे।

दूसरे और तीसरे स्थान पर क्रमश: समालखा और पानीपत शहरी विधानसभा हलके

उन्होंने आगे बताया कि ताज़ा आंकड़ों के अनुसार ज़िले में दूसरे और तीसरे स्थान पर क्रमश: समालखा और पानीपत शहरी विधानसभा हलके हैं हालांकि दोनों की ताज़ा मतदाता संख्या में मात्र 6 मतदाताओ का ही  अंतर है. समालखा में मौजूदा तौर पर 2 लाख 25 हजार 134 मतदाता हैं, जबकि पानीपत शहरी में वर्तमान में 2 लाख 25 हजार 128 मतदाता हैं। हालांकि एक वर्ष पूर्व समालखा में  2 लाख 20 हजार 88 जबकि पानीपत शहरी में 2 लाख 22 हजार 821 मतदाता थे। इस प्रकार गत एक वर्ष में पानीपत शहरी हलके की तुलना में समालखा हलके में अधिक मतदाता बढे हैं। जहां तक जिले के चौथे विधानसभा हलके इसराना (आरक्षित ) हलके का विषय है, तो वर्तमान में इसमें 1 लाख 85 हजार 876 मतदाता हैं जिनका संख्या  गत वर्ष 1 लाख 82 हजार 63 थी।

इसराना पानीपत जिले का ऐसा हलका है जिसमें एक भी शहरी पोलिंग स्टेशन नहीं

हेमंत ने आगे जानकारी देते हुए बताया कि इसराना पानीपत जिले का ऐसा हलका है जिसमें एक भी शहरी पोलिंग स्टेशन नहीं है एवं सभी 202 मतदाता केंद्र ग्रामीण है। वहीं पानीपत शहरी हलके के सभी 194 पोलिंग स्टेशन शहरी है। रोचक बात यह है कि पानीपत ग्रामीण हलके के कुल 239 मतदाता केन्द्रों में 117 पोलिंग स्टेशन ग्रामीण जबकि 122 शहरी है। बहरहाल, जनवरी, 2022 में पानीपत  जिले में कुल मतदाताओं की संख्या 8 लाख 76 हजार 83 मतदाता थी  जो वर्तमान में  8 लाख 95 हजार 595 हो गयी है अर्थात बीते एक वर्ष में हिसार में मतदाताओं की संख्या 19 हज़ार 512 बढ़ी है। जिले में मौजूदा तौर पर 24 ट्रांसजेंडर (किन्नर) मतदाता जबकि एक भी  रजिस्टर्ड ओवरसीज (एनआरआई) मतदाता नहीं है. जिले में कुल 2 हज़ार 314 सर्विस ( सेना/सशस्त्र बलों आदि में कार्यरत) मतदाता  जबकि  दिव्यांग मतदाताओ की संख्या 5 हजार 464 हैं।
कानून को गत वर्ष 1 अगस्त, 2022 से लागू किया गया
ज्ञात रहे कि करनाल लोकसभा सीट में करनाल जिले के सभी पांच विधानसभा हलकों के अलावा पानीपत जिले के चारों हलके शामिल हैं। करनाल जिले की पांच विधानसभा सीटों में मतदाताओं की कुल ताज़ा संख्या 11 लाख 69 हजार 213 है। इस प्रकार करनाल लोक सभा सीट के अंतर्गत पड़ने वाली सभी नौ (पानीपत की चार जोड़कर ) विधानसभा सीटों में कुल मतदाता 20 लाख 64 हजार 808 है। हेमंत ने यह भी बताया कि हालांकि दिसम्बर, 2021 में देश की संसद द्वारा निर्वाचन विधि  (संशोधन) कानून, 2021 पारित किया गया था जिसे 29  दिसंबर, 2021 को भारत के तत्कालीन राष्ट्रपति की स्वीकृति प्राप्त हुई थी। हालांकि उक्त कानून को गत वर्ष 1 अगस्त, 2022 से लागू किया गया। इसके द्वारा लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 में अन्य संशोधनों के साथ ही यह भी प्रावधान किया गया है कि हर वर्ष केवल 1 जनवरी को ही नहीं बल्कि 1 अप्रैल, 1 जुलाई और 1 अक्टूबर को भी 18 वर्ष की आयु पूरे करने वाले स्थानीय निवासियों का नाम सम्बंधित क्षेत्र की मतदाता सूचियों में शामिल किया जा सकता है।
SHARE