बेटियों को शिक्षित करना हमारा कर्तव्य : राज्यपाल आचार्य देवव्रत

0
99
Panipat News/Amrit Utsav organized in Arya Senior Secondary School
Panipat News/Amrit Utsav organized in Arya Senior Secondary School
  • आर्य वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में विद्यालय की सफलता के 75 वर्ष पूरे होने की खुशी में यह समारोह अमृत उत्सव के रूप में मनाया
आज समाज डिजिटल, पानीपत :
पानीपत। आर्य वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में विद्यालय की सफलता के 75 वर्ष पूरे होने की खुशी में यह समारोह अमृत उत्सव के रूप में मनाया गया। समारोह के मुख्य अतिथि आचार्य देवव्रत महामहिम राज्यपाल गुजरात रहे। विशिष्ठ अतिथि आर्य प्रतिनिधि सभा हरियाणा के प्रधान सेठ राधाकृष्ण आर्य रहे। समारोह का शुभारंभ दैनिक हवन यज्ञ से प्रारंभ हुआ तथा राष्ट्रगान के साथ समापन हो गया। समारोह की अध्यक्षता विद्यालय की प्रबन्धक समिति के मैनेजर रामपाल जागलान ने किया।

आचार्य देवव्रत, राज्यपाल गुजरात का पुष्प गुच्छ देकर अभिनन्दन किया

मुख्य अतिथि आचार्य देवव्रत राज्यपाल गुजरात का विद्यालय प्रांगण में पहुंचने पर विद्यालय के प्रधान विरेन्द्र आर्य, प्रबन्धक रामपाल जागलान, प्राचार्य मनीष घनगस, उपायुक्त सुशील सारवान, अर्चना गुप्ता जिला अध्यक्ष बीजेपी, पानीपत ग्रामीण विधायक महिपाल ढांडा, पानीपत शहरी विधायक प्रमोद विज, राजेश कुमार सोनी सीटीएम पानीपत, विवेक चौधरी जिला परिषद पानीपत ने विद्यालय प्रांगण में पहुंचने पर पुष्प गुच्छ देकर स्वागत और अभिनन्दन किया। विद्यालय के प्राचार्य मनीष घनगस व प्रबन्धक रामपाल जागलान द्वारा डा. अनुराग खटकड़ उप मंत्री आर्य प्रतिनिधि सभा हरियाणा, रणदीप सिंह कादियान सरपंच सिवाह एवं प्रधान आर्य बाल भारती स्कूल, विरेन्द्र सिंह आर्य प्रधान, सुमित्रा अहलावत प्रधान आर्य कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय वीर भवन, प्रबन्धक आर्य बाल भारती स्कूल  के राजेन्द्र सिंह का स्वागत और अभिनन्दन किया। मुख्य अतिथि आचार्य देवव्रत राज्यपाल गुजरात व विशिष्ठ अतिथि सेठ राधाकृष्ण आर्य प्रधान आर्य प्रतिनिधि सभा हरियाणा ने विद्यालय प्रांगण में पौधारोपण किया। इस अवसर पर विद्यालय के पुरातन छात्रों को सम्मान स्वरूप उपहार दिया गया। मंच संचालन प्रमोद चोपड़ा, जगमाल ने किया।

एक सुशिक्षित और सुशोभित लड़की की देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका

समारोह के मुख्य अतिथि आचार्य देवव्रत ने संबोधित करते हुए कहा कि वर्ष 1981 में जब वो गुरुकुल कुरुक्षेत्र में प्राचार्य के पद पर कार्यरत थे, उस समय में भी पानीपत के आर्य वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की विज्ञान प्रयोगशालाएं देश भर में प्रसिद्ध रही हैं। उन्होंने कहा कि बेटियों को शिक्षित करना हमारा कर्तव्य है, क्योंकि एक सुशिक्षित और सुशोभित लड़की देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। वर्तमान समय में एक मध्यमवर्गीय परिवार को अपनी जरूरतों को पूरा करना कठिन होता है ऐसे में यदि एक स्त्री भी पुरुष के साथ मिलकर काम करे तो वे भी अपनी परिवार का पालन पोषण करने के साथ साथ आर्थिक सहायता भी कर सकती है। देश के सामाजिक और आर्थिक विकास के लिए लड़कियों को शिक्षा अवश्य देनी चाहिए। दोनों ही देश के विकास और प्रगति के घटक हैं।

जैविक कीटनाशक द्वारा फसल को हानिकारक जीवाणुओं से बचाया जा सकता है

उन्होंने कहा कि प्राकृतिक खेती कृषि की प्राचीन पद्धति है। यह भूमि के प्राकृतिक स्वरूप को बनाए रखती है। प्राकृतिक खेती में रासायनिक कीटनाशक का उपयोग नही किया जाता। इस प्रकार की खेती में भूमि में जो तत्व पाएं जाते हैं उन्ही को खेती में कीटनाशक के रूप में उपयोग किया जाता है। प्राकृतिक खेती में कीटनाशकों के रूप में गोबर की खाद, कम्पोस्ट खाद, जीवाणु खाद, जिप्सम आदि पाए जाते है। प्राकृतिक खेती में उपलब्ध जीवाणुओं और जैविक कीटनाशक द्वारा फसल को हानिकारक जीवाणुओं से बचाया जा सकता है। विद्यालय के प्रबन्धक समिति के अधिकारियों तथा प्राचार्य मनीष घनगस ने मुख्य अतिथि व विशिष्ठ अतिथि को स्मृति चिन्ह, शॉल देकर सम्मानित किया।

विद्यालय का नाम पूरे विश्व में चमक रहा

प्रबन्धक रामपाल जागलान ने कहा कि आज हमारे विद्यालय का 75वां स्थापना दिवस हीरक जयन्ती के रूप में मनाया जा रहा हैं। इस विद्यालय का इतिहास बहुत ही स्वर्णिम है और इन आर्य संस्थाओं से अनेक छात्र जो डाॅक्टर, इंजीनियर, वकील, जज, व्यापारी आदि पदों पर बैठे हैं। उन सभी के द्वारा विद्यालय का नाम पूरे विश्व में चमक रहा है। आज हमारे देश का एक नया कीर्तिमान है। एतिहासिक तथ्य है और अनेक विद्यार्थी जो आज देश की सेवा में लगे हुए हैं यह सब इस विद्यालय के समस्त अध्यापकों और कर्मचारियों के परिश्रम का ही फल है। इस अवसर पर विद्यालय के पुरातन छात्रों तथा जो अध्यापक विद्यालय में जो पूर्व में अपनी सेवाएं दे चुके हैं उन्हे सत्यार्थ प्रकाश तथा प्राकृतिक खेती नामक पुस्तक तथा स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
SHARE