PM Modi On Veer Bal Diwas, (आज समाज), नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वीर बाल दिवस (Veer Bal Diwas) पर आज सिखों के 10वें गुरु श्री गुरु गोबिंद सिंह जी (Sri Guru Gobind Ji) के पुत्र साहिबजादे (Sahibzadas) बाबा जोरावर सिंह जी (Baba Zorawar Singh Ji) और बाबा फतेह सिंह जी (Baba Fateh Singh Ji) के अद्वितीय बलिदान को याद दिया। इस अवसर पर उन्होंने बच्चों को संबोधित भी किया। वीर बाल दिवस के उपलक्ष्य में भारत मंडपम में कार्यक्रम आयोजित किया गया है। यह दिवस वीर साहिबजादों के बलिदान को याद करने के लिए समर्पित है।
श्री गुरु गोबिंद सिंह जी की अमर शिक्षाएं भी की जाती हैं याद
प्रधानमंत्री मोदी ने वीरता पुरस्कार से नवाजे गए बच्चों से मुलाकात के पहले एक्स हैंडल पर एक संदेश में लिखा, वीर बाल दिवस साहिबजादों के अदम्य साहस, बलिदान, श्रद्धा व त्याग के स्मरण का दिन है। इस दिन माता गुजरी जी की अडिग आस्था व श्री गुरु गोबिंद सिंह जी की अमर शिक्षाओं को भी याद किया जाता है। उन्होंने कहा, यह दिन साहस, दृढ़ संकल्प व धर्मनिष्ठा से भी जुड़ा हुआ है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, साहिबजादों के जीवन व आदर्श आने वाली पीढ़ियों को लगातार प्रेरित करते रहेंगे। पीएम ने देश के लोगों का साहिबजादों के मूल्यों को आत्मसात करके राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान देने का आह्वान किया।
छोटे साहिबजादे फतेह सिंह और जोरावर सिंह का बलिदान
बता दें श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के चार पुत्र थे। इनमें साहिबजादा जोरावर सिंह, साहिबजादा फतेह सिंह, साहिबजादा अजीत सिंह और साहिबजादा जुझार सिंह थे। साहिबजादा जुझार सिंह और साहिबजादा अजीत सिंह साल 1705 में चमकौर की जंग में मुगल सेना से लड़ते हुए शहादत को प्राप्त हो गए थे। वहीं, छोटे साहिबजादे फतेह सिंह और जोरावर सिंह को सरहिंद में इस्लाम स्वीकार करने से इनकार करने पर दीवार में जिंदा चिनवा दिया गया था। माता गुजरी जी यह सदमा सहन नहीं कर चकी थीं और उन्होंने अपने प्राण त्याग दिए थे। इसी कारण साहिबजादों की याद में 2022 के बाद से हर वर्ष 26 दिसंबर को वीर बाल दिवस मनाया जाता है।
सरकार ने 2022 में 26 दिसंबर को दिवस मनाने की घोषणा की
गौरतलब है कि केंद्र की मोदी सरकार ने साहिबजादे बाबा जोरावर सिंह जी और बाबा फतेह सिंह जी के असाधारण साहस और सर्वोच्च बलिदान की स्मृति में 2022 में 26 दिसंबर को वीर बाल दिवस मनाने की घोषणा की थी। इसके बाद हर साल इस दिन कई खास कार्यक्रमों का आयोजन किए जाते हैं।
ये भी पढ़ें : Vajpayee Birth Anniversary: राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति व प्रधानमंत्री समेत कई नेताओं ने ‘सदैव अटल’ पर जाकर किया नमन


