chandigarh news: सुंदरनगर बीएसएल परियोजना: बिजेंद्र सिंह नारा, सदस्य सिंचाई बीबीएमबी बोले – संविधान राष्ट्र की सर्वोच्च शक्ति

0
879

 

 

 

 

बिजेंद्र नारा

सुंदरनगर बीएसएल परियोजना: बिजेंद्र सिंह नारा, सदस्य सिंचाई बीबीएमबी बोले – संविधान राष्ट्र की सर्वोच्च शक्ति

आज समाज नेटवर्क

सुंदरनगर/चंडीगढ़। हिमाचल प्रदेश के सुंदरनगर में भाखड़ा ब्यास प्रबंध बोर्ड (बीबीएमबी) की बीएसएल परियोजना मुख्यालय में 77वें गणतंत्र दिवस का भव्य समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर बीबीएमबी के मुख्य अभियंता सह सदस्य सिंचाई  बिजेंद्र सिंह नारा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे।  नारा ने ध्वजारोहण किया तथा परेड का निरीक्षण किया। समारोह में बीएसएल परियोजना के सभी अधिकारीगण एवं कर्मचारीगण, बीएसएल स्कूलों के प्रधानाचार्य एवं शिक्षकगण, विशिष्ट अतिथिगण, छात्र-छात्राएं तथा सुंदरनगरवासी बड़ी संख्या में उपस्थित थे।
बिजेंद्र सिंह नारा ने अपने संबोधन में कहा कि आज का यह दिवस हमें राष्ट्र की अखंडता, एकता, संप्रभुता एवं निरंतर प्रगति के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दृढ़ करने का अवसर प्रदान करता है। उन्होंने गणतंत्र दिवस की ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि 26 जनवरी 1950 को हमारे संविधान ने भारत को एक संप्रभु, समाजवादी, पंथनिरपेक्ष, लोकतांत्रिक गणराज्य के रूप में स्थापित किया। डॉ. भीमराव अंबेडकर के नेतृत्व में निर्मित यह संविधान समानता, न्याय, स्वतंत्रता एवं बंधुत्व के आदर्शों पर आधारित है।
श्री नारा ने स्वतंत्रता संग्राम के महान सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने महात्मा गांधी, नेताजी सुभाष चंद्र बोस, भगत सिंह, चंद्रशेखर आजाद, रानी लक्ष्मीबाई, लाला लाजपत राय, सरदार वल्लभभाई पटेल, बाल गंगाधर तिलक, मंगल पांडे, बहादुर शाह जफर, नाना साहिब-तात्या टोपे, दादाभाई नौरोजी, डॉ. राजेंद्र प्रसाद, मदन मोहन मालवीय, आसफ अली एवं मैडम एनी बेसेंट जैसे वीरों का स्मरण किया। साथ ही, हिमाचल प्रदेश के स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों डॉ. यशवंत सिंह परमार, बाबा कांशी राम, पंडित पदम देव, शिवानंद रामौल, पूर्णानंद, सत्या देव, सद राम चंदेल, दौलत राम, ठाकुर हजारा सिंह, लक्ष्मी सिंह, वैद सूरत सिंह, मियां चुचु, बस्ती राम पहाड़ी, अमीन चंद कलिया, भगमल सौथा एवं राम सिंह पठानिया तथा मंडी क्षेत्र के भाई हिरदा राम एवं स्वामी पूर्ण चंद जैसे स्थानीय वीरों को नमन किया।
श्री नारा ने स्वतंत्र भारत की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि हम विश्व के सबसे बड़े लोकतंत्र हैं, जहां प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार प्राप्त हैं। अर्थव्यवस्था में सतत वृद्धि, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी में चंद्रयान, मंगलयान एवं इसरो की सफलताएं, डिजिटल इंडिया, आधार एवं यूपीआई जैसी पहलें, हरित क्रांति से कृषि उत्पादन में वृद्धि, शिक्षा में आईआईटी, आईआईएम एवं नई शिक्षा नीति, स्वास्थ्य में आयुष्मान भारत योजना, बुनियादी ढांचे में हाई-स्पीड रेल, एक्सप्रेसवे एवं स्मार्ट सिटी परियोजनाएं, स्टार्टअप, आईटी एवं पर्यटन क्षेत्र में यूनिकॉर्न कंपनियां एवं मेक इन इंडिया जैसी पहलों ने भारत को वैश्विक नेता बनाया है। जी-20 की सफल अध्यक्षता एवं कोविड वैक्सीन डिप्लोमेसी ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत की प्रतिष्ठा बढ़ाई है।
उन्होंने बीबीएमबी की बीएसएल परियोजना के योगदान पर विशेष जोर दिया। बीएसएल परियोजना के अंतर्गत देहर पावर हाउस की स्थापित क्षमता 990 मेगावाट है, जो बीबीएमबी की प्रमुख इकाइयों में से एक है। बीबीएमबी की कुल स्थापित क्षमता 2954.73 मेगावाट है, जिसमें भाखड़ा, पौंग, देहर आदि पावर हाउस शामिल हैं। परियोजनाएं प्रतिवर्ष औसतन 12-13 अरब यूनिट से अधिक विद्युत उत्पादन करती हैं। हाल ही में 13 जनवरी 2026 तक छह पावर हाउसों से संचयी डिजाइन एनर्जी 9515 मिलियन यूनिट से अधिक उत्पादन कर नया रिकॉर्ड स्थापित किया गया है। सिंचाई क्षेत्र में भाखड़ा-नंगल एवं बीएसएल परियोजनाएं पंजाब, हरियाणा, राजस्थान आदि राज्यों में लाखों हेक्टेयर भूमि को सिंचित करती हैं, जिससे कृषि उत्पादन में क्रांतिकारी वृद्धि हुई है।
श्री नारा ने हमारे माननीय प्रधानमंत्री जी के दूरदर्शी नेतृत्व में ऊर्जा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की दिशा में प्रगति का उल्लेख किया। माननीय केंद्रीय विद्युत मंत्री श्री मनोहर लाल जी के मार्गदर्शन में विद्युत क्षेत्र की चुनौतियों का समाधान एवं वितरण कंपनियों को सशक्त बनाने पर बल दिया जा रहा है। बीबीएमबी के चेयरमैन श्री मनोज त्रिपाठी जी के नेतृत्व में परियोजनाएं लक्ष्यों को पार कर रही हैं।
उन्होंने सुंदरनगर में बीएसएल परियोजना की सुरक्षा हेतु केंद्र सरकार द्वारा सेंट्रल इंडस्ट्रियल सिक्योरिटी फोर्स (सीआईएसएफ) की नियुक्ति का उल्लेख किया। 29 सितंबर 2024 को सीआईएसएफ ने औपचारिक रूप से प्रभार संभाला, जिससे परियोजना की सुरक्षा सुदृढ़ हुई है।
समारोह में स्थानीय बीएसएल विद्यालयों के बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए, जो सराहनीय थे। श्री नारा ने बच्चों, उनके अभिभावकों एवं शिक्षकों को बधाई दी। इसके पश्चात्, मुख्य अतिथि द्वारा पुरस्कार वितरण किया गया।
श्री नारा ने अंत में कहा कि गणतंत्र दिवस हमें एकता, समावेशिता, सद्भाव एवं प्रगति का संदेश देता है। आइए, हम देश के प्रति अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक पालन करें तथा अखंडता एवं एकता बनाए रखें।
समारोह का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। जय हिंद! जय भारत! भारत माता की जय!

  • TAGS
  • [post_tags]