ओलंपिक विजेताओं का सम्मान कल चंडीगढ़ में होगा : सोढी

0
314
sodi
sodi

आज समाज डिजिटल,चंडीगढ़:
पंजाब सरकार द्वारा टोक्यो ओलंपिक खेलों में कांस्य पदक विजेता पुरुष हॉकी टीम और अन्य खेलों में पंजाब की नुमायंदगी करने वाले पंजाबी खिलाड़ियों को नकद इनामों से सम्मानित करने के लिए 12 अगस्त को चंडीगढ़ में विशेष तौर पर कार्यक्रम करवाया जा रहा है। इस समागम के दौरान पंजाब के खिलाड़ियों और जैवलिन थ्रो में स्वर्ण पदक जीतने वाले नीरज चोपड़ा को कुल 32.67 करोड़ रुपए की इनामी राशि से सम्मानित किया जाएगा। यह जानकारी राज्य के खेल एवं युवा सेवाओं संबंधी मंत्री राणा गुरमीत सिंह सोढी ने दी। राणा सोढी ने बताया कि खिलाड़ियों को पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह सम्मानित करेंगे, जबकि पंजाब के राज्यपाल वीपी सिंह बदनौर विशेष मेहमान होंगे। खेल मंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री द्वारा राज्य में खेलों को और प्रोत्साहित करने के मकसद से ओलंपिक में पदक विजेता खिलाड़ियों को पहले ऐलान की इनामी राशि में वृद्धि की गई है, ताकि नौजवान वर्ग के खिलाड़ियों को प्रोत्साहन मिल सके। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री द्वारा पंजाब की पृष्टभूमि वाले स्वर्ण पदक विजेता एथलीट नीरज चोपड़ा को 2 करोड़ रुपए की राशि से सम्मानित किया जाना था, पर अब इसे बढ़ाकर 2.51 करोड़ रूपए कर दिया गया है। राणा सोढी ने कहा कि भारतीय हॉकी टीम ने 41 साल के बाद ओलंपिक खेल में पदक जीता है, जिसमें कप्तान और उप-कप्तान समेत सबसे अधिक खिलाड़ी (11) पंजाब के थे। कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय हॉकी टीम के इन 11 पंजाबी खिलाड़ियों में मनप्रीत सिंह (कप्तान), हरमनप्रीत सिंह (उप कप्तान), रुपिन्दर पाल सिंह, सिमरनजीत सिंह, मनदीप सिंह, गुरजंट सिंह, शमशेर सिंह, वरुण कुमार, दिलप्रीत सिंह, हार्दिक सिंह और कृष्ण पाठक को 1-1 करोड़ रुपए से सम्मानित करने का एलान किया गया था, उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने हॉकी खिलाड़ियों की इनामी राशि में वृद्धि की है। अब राज्य के प्रत्येक हॉकी खिलाड़ी को 2.51 करोड़ के नकद पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। इसी तरह ओलंपिक खेल के महिला हॉकी मुकाबलों में चौथे स्थान पर आकर इतिहास रचने वाली भारतीय टीम की दो पंजाबी महिला खिलाड़ी गुरजीत कौर और रीना खोखर और एथलैटिक्स के डिस्कस फाइनल मुकाबले में छटा स्थान हासिल करने वाली कमलप्रीत कौर को 50-50 लाख रुपए से सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने आगे बताया कि ओलंपिक खेलों में भारत की नुमायंदगी करने वाले पंजाब के अन्य खिलाड़ियों में मुक्केबाज सिमरनजीत कौर, निशानेबाज अंजुम मौदगिल और अंगदवीर सिंह और एथलीट तेजिन्दर पाल सिंह तूर और गुरप्रीत सिंह और पैरालम्पिक में हिस्सा लेने जा रही बैडमिंटन खिलाड़ी पलक कोहली को 21-21 लाख रुपए से सम्मानित किया जाएगा।

SHARE