Old Age Seva Ashrams : हर जिले में बनेंगे वृद्ध सेवा आश्रम : मुख्यमंत्री मनोहर लाल

0
64
हर जिले में बनेंगे वृद्ध सेवा आश्रम : मुख्यमंत्री मनोहर लाल
हर जिले में बनेंगे वृद्ध सेवा आश्रम : मुख्यमंत्री मनोहर लाल
  • करनाल में 3 महीने में शुरू होगी सिटी ई-बस सेवा
  • प्रदेश में गरीबों को पहले चरण में मिलेंगे 50 हजार प्लाट दो दिन बाद खुलेगा पोर्टल

Aaj Samaj (आज समाज), Old Age Seva Ashrams, प्रवीण वालिया, करनाल:
हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल ने कहा है कि हरियाणा के हर जिले में बुजुर्गों के लिए वृद्ध सेवा आश्रम खोले जाएंगे, जिनमें 50-50 बुजुर्गों के रहने की व्यवस्था होगी। करनाल में तीन महीने में सिटी ई-बस सेवा शुरू की जाएगी। उन्होंने कहा कि गरीबों को मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत प्रदेश में पहले चरण में 50 हजार प्लाट दिए जाएंगे। आवेदन के लिए दो दिन बाद पोर्टल खोल दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में 200 कॉलोनियों को जल्द ही नियमित किया जाएगा।

करनाल में तीन महीने बाद सिटी ई-बस सेवा शुरू

मुख्यमंत्री आज करनाल के माडल टाउन के वार्ड 11 में जनसंवाद कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि नए खोले जाने वाले वृद्ध सेवा आश्रमों में गरीबों के रहने और खाने-पीने की व्यवस्था होगी। साधन संपन्न बुजुर्ग भी अगर आश्रमों में रहना चाहें तो, उसके लिए उन्हें राशि का अंशदान करना होगा। उन्होंने कहा कि करनाल में तीन महीने बाद सिटी ई-बस सेवा शुरू की जाएगी। पानीपत में इसकी शुरूआत आज की गई है। यमुनानगर में यह सेवा सोमवार से आरंभ की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि वे प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के इस बात के लिए आभारी हैं कि उन्होंने कोरोना महामारी को चुनौती के रूप में लेते हुए वैज्ञानिकों से मिलकर कम समय में 2 वैक्सीन तैयार कराई और जनता को निशुल्क उपलब्ध कराई। अन्य देशों में भी वैक्सीन पहुंचाई गई।

4800 लोगों ने आयुष्मान कार्ड का उठाया लाभ

श्री मनोहर लाल ने कहा कि कोरोना काल खत्म होने के बाद तीसरे साल में प्रदेश सरकार ने विकास को गति देने के लिए कड़ी मेहनत की, जिसके परिणाम अब मिलने लगे हैं। अब घर बैठे लोगों तक केंद्र और राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा रहा है। आयुष्मान के साथ चिरायु हरियाणा योजना को जोड़ा गया है। पहले आयुष्मान योजना के लिए साढ़े 15 लाख लोग पात्र थे, अब इनकी संख्या बढक़र 34 लाख हो गई है। गरीबी की आय सीमा को 1.20 लाख से बढ़ाकर 1.80 लाख रुपये किया गया है। उन्होंने बताया कि जिला में एक लाख 34 हजार लोगों ने आयुष्मान कार्ड के लिए आवेदन किया, जबकि 92 हजार मंजूर हो चुके हैं, बाकि जल्द बनाए जाएंगे। करनाल जिले में 4800 लोगों ने आयुष्मान कार्ड का लाभ उठाया है। इनके इलाज पर 16 करोड़ 55 लाख रुपये सरकार ने खर्च किए है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आम आदमी की चिंता है। गरीबों के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना शुरू की गई। गरीबों को मकान की मरम्मत की राशि भी 31 हजार रूपए से बढ़ाकर 80 हजार रुपये की गई है। मुख्यमंत्री ने उन 8 लोगों को वद्धावस्था पैंशन स्वीकृति प्रमाण पत्र वितरित किए, जिनकी आज पैंशन बनाई गई। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने विभिन्न वर्गों के लोगों की शिकायतों को सुना और संबंधित अधिकारियों को उनके समाधान के निर्देश दिये। दयानंद कालोनी को नियमित करने की मांग पर सीएम ने नगर निगम आयुक्त को फिजिबिलिटी जांच कर केस सरकार को भिजवाने के लिये कहा।

इस मौके पर भाजपा जिला अध्यक्ष योगेंद्र राणा, मुख्यमंत्री के प्रतिनिधि संजय बठला, मीडिया कोआर्डिनेटर जगमोहन आनंद, हरियाणा राज्य सफाई कर्मचारी आयोग के उपाध्यक्ष आजाद सिंह, पूर्व मेयर रेणु बाला गुप्ता, पूर्व पार्षद रमनजीत कौर, जिला उपाध्यक्ष संजय राणा, जिला महामंत्री राजबीर शर्मा व सुनील गोयल, मंडलाध्यक्ष साहिल मदान, गिनी विर्क, रघुमल भट्ट, राज सिंह गोदारा, सुरेन्द्रपाल, संजय मदान, नवदीप चावरिया, ऋषि कुमार तथा प्रशासन की ओर से उपायुक्त अनीश यादव, एसपी शशांक कुमार सावन, एडीसी वैशाली शर्मा, एसडीएम अनुभव मेहत्ता, सीईओ गौरव कुमार आदि मौजूद थे।

यह भी पढ़ें  : Pariksha Pe Charcha 2024 : परीक्षा पे चर्चा 2024 का हकेवि में हुआ सीधा प्रसारण

यह भी पढ़ें  : Blood Donation Camp On 27th January : नेकी का घर संस्था द्वारा 27 जनवरी को लगाया जाएगा रक्तदान शिविर

Connect With Us: Twitter Facebook
SHARE