जानें रेसिपी और बनाने की विधि
Haritalika Teej Vrat, (आज समाज), नई दिल्ली: सनातन धर्म में हरतालिका तीज के पर्व का विशेष महत्व है। भाद्रपद मास की शुक्ल पक्ष की तृतीया तिथि को हरतालिका तीज का पर्व मनाया जाता है। इस साल हरितालिका तीज का पर्व 26 अगस्त को मनाया जाएगा। इस दिन कुंवारी लड़कियां और सुहागिन महिलाएं व्रत करती हैं और महादेव के संग मां पार्वती की पूजा-अर्चना करती हैं। धार्मिक मान्यता के अनुसार, इस व्रत को करने से विवाह में आ रही बाधा से छुटकारा मिलता है और जल्द विवाह के योग बनते हैं। सुहागिन महिलाओं के जीवन में सुख-शांति बनी रहती है।

इस दिन महिलाएं अखंड सुहाग के लिए निर्जला और निराहार व्रत करती हैं। इस व्रत को महिलाएं, अपने पति की लंबी उम्र और खुशहाली की कामना के लिए करती हैं। हरितालिका तीज में श्रीगणेश, भगवान शिव और माता पार्वती की पूजा की जाती है। इस दिन महिलाएं भगवान शिव और माता पार्वती की कच्ची मिट्टी से प्रतिमा बनाकर पूजा करती हैं। माता पार्वती और भगवान शिव को तरह-तरह के पकवानों का भोग लगाया जाता है। अगर आप भी कम समय में भोग के लिए कुछ झटपट बनाना चाहते हैं, तो इस रेसिपी को ट्राई कर सकते हैं।

सूजी का हलवा सामग्री

  • 1 कप सूजी (रवा)
  • 2 कप पानी
  • 1 कप चीनी
  • 1/2 कप घी
  • 1/2 चम्मच इलायची पाउडर
  • 1/4 चम्मच केसर (वैकल्पिक)
  • ड्राई फ्रूट्स कटे हुए

बनाने की विधि

सूजी का हलवा बनाने के लिए सबसे पहले एक पैन में घी गरम करें और सूजी को मध्यम आंच पर भूनें जब तक यह गोल्डन ब्राउन न हो जाए। फिर एक दूसरे पैन में पानी और चीनी मिलाकर चाशनी बनाएं। भुनी हुई सूजी में चाशनी मिलाएं और अच्छी तरह मिलाएं।

आप चाहे तो इसमें पानी की मात्रा को कम करके दूध का इस्तेमाल कर सकते हैं। इससे हलवे का स्वाद और ज्यादा बढ़ जाएगा। अब इलायची पाउडर और केसर मिलाएं। मध्यम आंच पर पकाएं जब तक हलवा गाढ़ा न हो जाए। ड्राई फ्रूट्स डालकर गार्निश कर भोग लगाएं।

इन चीजों के सेवन से खोले व्रत

  • काजू की बर्फी: काजू की बर्फी बहुत ही लोकप्रिय मिठाई है। काजू की बर्फी को काजू कतली भी कहा जाता है। यह एक ऐसी मिठाई है जिसे आप आसानी से घर भी बना सकते हैं। इसे आप तीज के मौके पर बना के भोग में भी चढ़ा सकते हैं। काजू की बर्फी बनाने में आपको ज्यादा मेहनत करने की जरूरत नहीं है। इसको बनाने के लिए आपको सिर्फ काजू, दूध और चीनी की जरूरत होती है।
  • मलाई लड्डू: खोया, मलाई और पिसी हुई चीनी से बनने वाली यह मिठाई भगवान शिव को बहुत प्रिय है। इसे बनाने के लिए खोया भून लें और इसमें 1 कप मलाई और 1 कप पिसी हुई चीनी मिलाएं। फिर इलायची पाउडर मिलाकर लड्डू बना लें। व्रत को इन लड्डूओं से आप खोल सकते हैं।
  • मलाई घेवर: यह राजस्थान की एक विशेष मिठाई है जो तीज पर बहुत पसंद की जाती है। इसे बनाने के लिए मैदा, पिसी हुई चीनी और इलायची पाउडर मिलाकर घोल तैयार करें। फिर गरम तेल में तलकर चाशनी में डुबोएं और मलाई और ड्राई फ्रूट्स से सजाएं। घेवर को आप भोग के बाद व्रत खोलने में ट्राई कर सकते हैं।
  • दूध-मखाना खीर: यह एक पारंपरिक और पवित्र व्यंजन है जो भगवान शिव और माता पार्वती को अर्पित किया जाता है। इसे बनाने के लिए- मखाना को दूध में पकाकर इसमें चीनी और इलायची पाउडर मिलाएं. इसे ठंडा करके काजू, बादाम से सजाकर भोग में लगाएं और इससे व्रत भी खोल सकते हैं।

ये भी पढ़ें : हरतालिका तीज व्रत आज, ऐसे करें मां पार्वती और भगवान शिव की पूजा

ये भी पढ़ें : मंगलवार के दिन ये उपाय करने से कर्ज से मिलेगी मुक्ति, मंगल दोष भी होगा दूर