Now gangster act after recovery poster, UP police imposed gangster act on 27 accused: वसूली पोस्टर के बाद अब गैंगस्टर एक्ट, 27 आरोपियों पर यूपी पुलिस ने लगाया गैंगस्टर एक्ट

0
282

लखनऊ :  यूपी  की राजधानी लखनऊ में बीते साल हुई हिंसा का मामला अभी भी ठंडा नहीं पड़ा है। प्रदेश सरकार द्वारा हिंसा में हुए नुकसान की वसूली को लेकर पोस्टर लगाए जाने के बाद अब यूपी पुलिस ने हिंसक प्रदर्शन के आरोपियों पर गैंगस्टर एक्ट लगा दिया है। वसूली को लेकर लगाए गए पोस्टर पर काफी विवाद के बाद मामला सुप्रीम कोर्ट जा पहुंचा है। इस बीच अब यूपी पुलिस की इस कार्यवाही ने भी सुर्खियां बटोर ली हैं। बता दें लखनऊ में बीते साल 19 दिसंबर को नागरिकता संशोधन कानून को लेकर हिंसक प्रदर्शन हुआ था।
पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ से जारी एक बयान में कहा गया है कि 19 दिसंबर को हिंसक प्रदर्शन में नामजद और सामने आए 27 आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।

पुलिस ने अपने प्रेस नोट में सभी 27 आरोपियों का नाम और उनके पिता का नाम भी बताया है। पुलिस ने आरोपों की जानकारी देते हुए कहा है कि आरोपियों ने चौकी सतखंडा फारूखी मस्जिद कासिम अली पुलिया हुसैनाबाद पर और दूसरे सरकारी संस्थानों पर तोड़ फोड़ की। पुलिस ने इन पर लूटपाट और आगजनी का भी आरोप लगाया है। पुलिस का आरोप है कि उपद्रवियों ने पुलिस पार्टी पर फायरिंग करते हुए जान से मारने की नीयत से चौकी में आग लगा दी इसके अलावा पुलिस के मुताबिक इन लोगों ने निजी और सार्वजनिक वाहनों में भी आग लगा दी। अपराध गंभीर किस्म का था जिससे जनता में अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया इससे कानून व्यवस्था गंभीर रूप से प्रभावित हुई। बाद में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था।  पुलिस का कहना है कि मामले की जांच के दौरान अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है।

आपको बता दें इससे पहले प्रदेश सरकार के आदेश पर जिला प्रशासन ने शहर में हिंसक प्रदर्शन करने वाले आरोपियों को लेकर पोस्टर लगवाए थे। जिसने विववाद का रूप ले लिया और मामला हाईकोर्ट जा पहुंचा। हाईकोर्ट ने पोस्टर हटाने का आदेश जारी किया। इसके बाद प्रदेश सरकार ने हाईकोर्ट के फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी। इसी बीच सपा नेता आईपी सिंह ने भी प्रदेश सरकार द्वारा लगवाए गए पोस्टर के ठीक बगल में एक और पोस्टर लगा दिया है। यह पोस्टर दुष्कर्म मामले में आरोपी पूर्व केंद्रीय मंत्री स्वामी चिन्मयानंद और दुष्कर्म के ही आरोप में सजा काट रहे भाजपा के पूर्व विधायक कुलदीप सेंगर को लेकर है। सपा ने यह पोस्टर लोहिया पार्क चौराहे पर लगवाया है।

सपा द्वारा लगवाए गए पोस्टर ठीक उसी जगह लगे है जहां प्रदर्शन के आरोपियों का विवादित पोस्टर लगा हुआ है। इसी के साथ अब लखनऊ के राजनीतिक गलियारों में पोस्टर वॉर भी शुरू हो गया। योगी सरकार द्वारा शहर में लगवाए गए पोस्टरों ने तो खूब सुर्खियां बटोरी हीं साथ ही अब विरोध में सपा द्वारा लगवाए गए पोस्टर भी चर्चा में आ गए।  सपा द्वारा लगवाए गए पोस्टरों में सबसे ऊपर बलात्कार के दोनों आरोपियों कुलदीप सिंह सेंगर और स्वामी चिन्मयानंद की तस्वीर भी लगी है। इसमें सबसे ऊपर लिखा है, ‘ये हैं प्रदेश की बेटियों के आरोपी, इनसे रहें सावधान’। इसके बाद इस पोस्टर पर सबसे नीचे लिखा है, ‘बेटियां रहें सावधान, सुरक्षित रहे हिंदुस्तान’।

-अजय त्रिवेदी

SHARE