North India Rain Alert: उत्तर भारत में बारिश अधिकतर राज्यों में फिर बढ़ाएगी दुश्वारियां

0
148
North India Rain Alert
यमुना नदी के जल स्तर में वृद्धि के बाद दिल्ली के आईटीओ में शनिवार को सड़क पर भरा पानी।

Aaj Samaj (आज समाज), North India Rain Alert, नई दिल्ली: दिल्ली, हरियाणा-पंजाब, हिमाचल और उत्तराखंड सहित उत्तर भारत के ज्यादातर हिस्सों में बारिश एक फिर लोगों के लिए परेशानी का सबब बन सकती है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने क्षेत्र में सोमवार से भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है। विभाग के अनुसार हिमाचल, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, बिहार और उत्तर प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में तेज हवाओं के साथ तीन दिन तक बारिश का अनुमान है। इस दौरान 45 से 55 किमी तक प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।

  • उत्तराखंड  के रुद्रप्रयाग में केदारनाथ तक जाने वाला रास्ता बंद
  • दिल्ली में यमुना का जलस्तर घटा, 4 दिन फिर बारिश का अलर्ट

बिहार में भी 3-4 दिन बारिश का अनुमान

बिहार में भी तीन से चार दिनों बिजली गिरने व बारिश होने की गतिविधियां बनी रहेंगी। राज्य के 11 जिलों में रविवार तक बीते 24 घंटों में बिजली गिरने से कम से कम 17 लोगों की मौत हो गई है। उत्तरप्रदेश में रविवार तक बीते 36 घंटों में बारिश से संबंधित घटनाओं में 10 लोगों की जान चली गई। इनमें से 2 की मौत डूबने व की मौत बिजली की चपेट में आने के चलते हुई।

हिमाचल के 7 जिलों में आरेंज अलर्ट, कुल्लू में 16  शव मिले

मौसम विभाग ने हिमाचल के सात जिलों-शिमला, सोलन, सिरमौर, बिलासपुर, मंडी, कांगड़ा और हमीरपुर में 17 जुलाई तक भारी से अत्यधिक भारी को लेकर आरेंज अलर्ट जारी किया है। शनिवार को कुल्लू में बादल फटने से दो घर और 5 गोशालाएं बह गईं। दूसरी तरफ कुल्लू एसपी साक्षी वर्मा ने बताया कि बाढ़-ग्रस्त इलाकों से अब तक 16 शव निकाले गए हैं। इसी के साथ कुल्लू से 208 विदेशी टूरिस्ट का रेस्क्यू किया गया है। उधर खबर मौसम के चलते उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग में केदारनाथ तक जाने वाला रास्ता बंद कर दिया गया है।

दिल्ली में अगले चार दिन तक मध्यम स्तर की बारिश

मौसम विभाग के अनुसार यमुना में बाढ़ के बीच दिल्ली में अगले चार दिन तक मध्यम स्तर की बारिश होने की संभावना है। ऐसे में मुश्किलें बढ़ भी सकती है। शनिवार रात को तीन घंटे में राजधानी में 11 एमएम बारिश हुई, जिससे कई इलाकों में फिर पानी भर गया। पेड़ों के उखड़कर गिरने के चलते कई सड़कें ब्लॉक हो गईं। रविवार सुबह 9 बजे तक यमुना का वाटर लेवल घटकर 205.98 पर आ गया। शनिवार रात यह 206.87 मीटर पर था। नदी का जलस्तर घटने से कश्मीरी गेट से मजनू का टीला तक सड़कों पर जलभराव की स्थिति में सुधार हुआ है।

 दिल्ली-एनसीआर में 5433 व 912 पशु बचाए

आईएमडी ने बताया कि बीते 2-3 दिन में दिल्ली-एनसीआर के बाढ़ प्रभावित इलाकों से 912 पशुओं समेत 6345 लोगों को बचाया गया। बचाए पशुओं में देश का सबसे महंगा बैल प्रीतम भी शामिल है, जिसकी कीमत करीब एक करोड़ रुपए है। चंडीगढ़ मौसम विभाग के अनुसार हरियाणा में मानसून फिर एक्टिव होने की तैयारी कर रहा है। 19 जुलाई तक प्रदेश के अधिकतर जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। 17 जुलाई को 7 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी है। 5 दिन के लिए हरियाणा में यलो अलर्ट रखा गया है।

हरियाणा में 1,385, पंजाब में 115 गांव बाढ़ की चपेट में

हरियाणा में अब भी 13 जिले बाढ़ से प्रभावित हैं। रविवार को राज्य के 403 और गांवों के बाढ़ की चपेट में आने की रिपोट्स मिली, जिसके बाद प्रदेश में बाढ़ग्रस्त गांवों की संख्या 1,385 गांव हो गई। 403 गांव में घग्गर और यमुना नदी का पानी घुस चुका है। 133 कच्चे-पक्के मकान गिर गए हैं। राज्य के फतेहाबाद जिले में बाढ़ ने जाखल मंडी को भी चपेट में ले लिया है। वर्षाजनित हादसों में हरियाणा में अब तक 26 लोगों की अब तक मौत हो चुकी है और दो लोग लापता हैं। पंजाब में के भी अभी 14 जिलों के करीब 115 गांव बाढ़ की चपेट में हैं। राजस्व विभाग के मुताबिक अब तक राज्य में वर्षाजनित हादसों में 29 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि तीन लापता हैं।

बाढ़ग्रस्त हिमाचल को 400 करोड़ मंजूर : अनुराग ठाकुर

केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा, भारी बारिश व बाढ़ से प्रभावित हिमाचल में हमारी प्राथमिकता आम जनमानस को जल्द राहत पहुंचाना है। केंद्र सरकार ने हिमाचल के लिए आपदा की इस घड़ी में 400 करोड़ रुपए से ज्यादा की धनराशि मंजूर की है। सरकार राज्य को सभी सड़कों के नुकसान की पूर्ति के लिए भी पैसे देगी। अनुराग ठाकुर ने शनिवार को धर्मपुर व सुजानपुर विधानसभा क्षेत्रों में आपदा प्रभावित लोगों से मिलने के बाद यह जानकारी दी। उन्होंने कहा है कि केंद्र राज्य के लोगों की हर संभव मदद करेगा।

यह भी पढ़ें : 

Connect With Us: Twitter Facebook

 

SHARE