Weather 01 April 2023 Update: मध्य, पूर्व व उत्तर-पश्चिम भारत में कुछ दिन में हीटवेव के आसार

0
189
Weather 01 April 2023 Update
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्रा

आज समाज डिजिटल, Weather 31 March 2023 Update: उत्तर भारत के अधिकतर राज्यों में इन दिनों हो रही बारिश व ओलावृष्टि के बीच कुछ दिन में गर्मी तेज होने का अनुमान है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के मुताबिक, अप्रैल से जून में देश के अधिकांश हिस्सों में तापमान और अधिक बढ़ सकता है। आईएमडी के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्रा ने प्रेस कांफ्रेंस में मध्य, पूर्व और उत्तर-पश्चिम भारत के ज्यादातर इलाकों में सामान्य से अधिक गर्म हवा चलने की भी भविष्यवाणी की है।

  • उत्तर-पश्चिम और प्रायद्वीपीय क्षेत्र के कुछ हिस्सों में रहेगी राहत 
  • अप्रैल से जून में देश के अधिकांश हिस्सों में तापमान बढ़ने के आसार
  • पंजाब के किसानों को 15 दिन में बर्बाद फसलों का मुआवजा : मान

अप्रैल में सामान्य बारिश रहने की उम्मीद

मृत्युंजय महापात्रा ने कहा कि हरियाणा व पंजाब और दिल्ली के अलावा बिहार, झारखंड, उत्तर प्रदेश, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र और गुजरात के कुछ हिस्सों में हीटवेव शुरू होंगी। उत्तर-पूर्व और उत्तर-पश्चिम भारत व प्रायद्वीपीय क्षेत्र के कुछ हिस्सों को छोड़कर, देश के अधिकांश हिस्सों में न्यूनतम तापमान के सामान्य से अधिक रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने कहा कि भारत में अप्रैल में सामान्य बारिश रहने की उम्मीद है। उत्तर-पश्चिम, मध्य और प्रायद्वीपीय क्षेत्र के अधिकांश हिस्सों में सामान्य से अधिक वर्षा होने की उम्मीद है, जबकि पूर्व और उत्तर-पूर्व भारत में सामान्य से कम बारिश की भविष्यवाणी की गई है।

दिल्ली-एनसीआर सहित इन जगहों पर कल भारी बारिश व ओलावृष्टि

आईएमडी के मुताबिक दिल्ली-एनसीआर व पश्चिमी यूपी समेत पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 2 अप्रैल को भी भारी बारिश व ओलावृष्टि होने की संभावना है। राजस्थान, पंजाब और हरियाणा में कई जगहों पर शनिवार को भी बारिश की उम्मीद जताई गई थी।

अमेरिका के छह प्रांतों में टॉरनेडो का कहर

टॉरनेडो तूफान ने अमेरिका में के छह प्रांतों, अर्कान्सस, टेनेसी, इलिनॉयस, विसकॉन्सिन, लोवा और मिसिसिपी में कहर बरपाया है। 53 टॉरनेडो आए जिससे सेंट्रल अमेरिका में करीब 3 लाख घरों में बिजली गुल हो गई है। अर्कान्सस में 5 लोगों की मौत हो चुकी है और करीब 30 लोग घायल हो गए हैं। करीब 65 हजार लोगों के घरों में बिजली बंद हो गई है। अर्कान्सस के लिटिल रॉक शहर में टॉरनेडो से करीब 2100 घर नष्ट हो गए। मिसिसिपी में इसी सप्ताह टॉरनेडो से 26 लोगों की मौत हो गई थी।

पंजाब : सरकार के पास कुदरती आपदा फंड : मुख्यमंत्री भगवंत मान

पंजाब में बारिश के कारण किसानों की गेहूं की फसल का नुकसान हुआ है और इसका जायजा लेने के लिए मुख्यमंत्री भगवंत मान आज बठिंडा के रामपुरा फूल इलाके के गांव सेल्ब्राह, भाई रूपा में पहुंचे। यहां उन्होंने किसानों को आश्वासन दिलाया कि फसलों की गिरदावरी करवा कर 15 दिन के अंदर उनके खाते में मुआवजा राशि भेज दी जाएगी। सीएम भगवंत मान ने किसानों को बताया सरकार के पास कुदरती आपदा फंड होता है, जो जारी किया जाएगा। जो किसान काश्तकार हैं उनको मुआवजा दिया जाएगा। मुख्यमंत्री करीब आधा घंटा किसानों के बीच रहे। उन्होने किसानों से कहा कि खजाना कभी खाली नहीं होता। किसानों की मांगें पूरी होंगी।

यह भी पढ़ें : Navjot Singh Sidhu 317 दिन बाद जेल से बाहर आए, ढोल नगाड़ों से स्वागत

 

SHARE