ट्रांजिट फीस देने के बाद ही गुजरेंगे जहाज
West Asia Crisis (आज समाज), तेहरान : एक तरफ जहां अमेरिका और ईरान के बीच तनाव चरम पर है। ईरान और इजराइल के बीच दोबारा से जंग शुरू हो चुकी है। वहीं होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर एक बार फिर से ईरान की तरफ से बड़ा बयान सामने आया है। हालांकि इस बार यह बयान रूस में तैनात ईरान के राजदूत काजेम जलाली के द्वारा दिया गया है।
ज्ञात रहे कि पिछले तीन माह से होर्मुज बंद होने से दुनिया भर में सप्लाई चेन प्रभावित हुई है। एक तरफ जहां अमेरिका ने होर्मुज की यह कहते हुए घेराबंदी की हुई है कि वह ईरान की सैन्य कार्रवाई से दुनिया भर के जहाजों को बचाएगा। वहीं ईरान की धमकी के बाद विश्व की कोई भी कंपनी होर्मुज पार करने का साहस नहीं दिखा रही। इसी बीच मॉस्को में ईरानी राजदूत काजेम जलाली ने कहा है कि होर्मुज स्ट्रेट खुला रहेगा, लेकिन ईरान और ओमान द्वारा तय की गई नई शर्तों के तहत, जिसमें ट्रांजिट फीस भी शामिल होगी।
अमेरिका-ईरान संघर्ष से पहले अलग थी तस्वीर
ईरान के खिलाफ अमेरिका-इजराइल वॉर ने इस स्ट्रेट से तेल की आवाजाही को काफी हद तक रोक दिया है। संघर्ष से पहले दुनिया का 5वां हिस्सा तेल यहीं से गुजरता था। हाल ही में कई टैंकर खाड़ी से निकलने में कामयाब रहे हैं, लेकिन तेल और लिक्विफाइड नेचुरल गैस की आवाजाही अभी भी बुरी तरह बाधित हुई है। राजदूत काजेम जलाली ने सोमवार को रूसी अखबार में छपे एक इंटरव्यू में कहा कि बेशक, यह स्ट्रेट खुला रहेगा, लेकिन ईरानी और ओमान के अधिकारियों द्वारा तय की जाने वाली नई शर्तों के साथ।
यह बोले ईरानी राजदूत
राजदूत काजेम जलाली ने बिना ज्यादा विस्तार से बताए कहा कि हम समझते हैं कि ईरान और ओमान इस स्ट्रेट से जुड़ी कुछ सेवाएं देते हैं। उन सेवाओं के लिए फीस ली जाएगी। ईरान का कहना है कि एक स्थाई शांति समझौते के तहत उसे स्ट्रेट से गुजरने वाले जहाजों से फीस लेने की अनुमति मिलनी चाहिए। यह फीस जहाज के प्रकार, उसमें लदे सामान और मौजूदा हालात के आधार पर अलग-अलग हो सकती है।
ये भी पढ़ें : West Asia Crisis : ईरान ने इजराइल पर किया मिसाइल हमला


