कहा, संयुक्त अरब अमीरात को दी ईरान के विदेश मंत्री ने सीधी चेतावनी
West Asia Crisis (आज समाज), तेहरान : पश्चिम एशिया तनाव अभी भी पूरी तरह से बरकरार है। एक तरफ जहां अमेरिका और ईरान के बीच शांति वार्ता अटकी हुई है वहीं ईरान भी अपनी शर्तों पर अड़ा हुआ है। इसी बीच ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने संयुक्त अरब अमीरात को स्पष्ट धमकी देते हुए कहा है कि यदि उसने ईरान के खिलाफ किसी तरह की साजिश रची या फिर किसी साजिश का हिस्सा बना तो उसे इसके घातक परिणाम भुगतने के लिए तैयार रहना होगा।
ईरान ने इसलिए दी चेतावनी
यह बयान इस्राइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के उस दावे के बाद आया है, जिसमें उन्होंने संयुक्त अरब अमीरात की गुप्त यात्रा की बात कही थी। ईरान ने कहा कि इस्राइल के साथ मिलकर साजिश रचने वालों को इसका अंजाम भुगतना होगा। इस्राइली प्रधानमंत्री कार्यालय ने बुधवार को एक बयान जारी किया। इसमें दावा किया गया कि ‘आॅपरेशन रोरिंग लायन’ के दौरान पीएम नेतन्याहू ने यूएई की गुप्त यात्रा की थी।
इस दौरान उन्होंने यूएई के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान से मुलाकात की। इस्राइल ने इसे दोनों देशों के रिश्तों में एक ‘ऐतिहासिक सफलता’ करार दिया। हालांकि, यूएई के विदेश मंत्रालय ने इन खबरों को पूरी तरह से खारिज कर दिया है। यूएई ने कहा कि इस्राइली पीएम की कोई यात्रा नहीं हुई और न ही किसी सैन्य प्रतिनिधिमंडल का स्वागत किया गया।
ईरान को पहले ही मिल चुकी थी जानकारी
विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ” पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि नेतन्याहू के संदेश ने उस सच को सार्वजनिक कर दिया है, जिसकी जानकारी ईरानी सुरक्षा सेवाएं पहले ही नेतृत्व को दे चुकी थीं। अराघची ने चेतावनी दी कि ईरान के महान लोगों के साथ दुश्मनी करना एक मूर्खतापूर्ण जुआ है। उन्होंने कहा कि विभाजन पैदा करने के लिए इस्राइल के साथ सहयोग करना एक अक्षम्य अपराध है और ऐसे तत्वों की जवाबदेही तय की जाएगी।
ये भी पढ़ें : Sugar Exports Ban : भारत ने 30 सितंबर तक चीनी निर्यात पर लगाई रोक


