अमेरिका-ईरान का डेलिगेशन कतर पहुंचा, शांति वार्ता को लेकर ईरान का सख्त रुख बरकरार
US-Iran Peace Talk (आज समाज), दोहा : अमेरिका और ईरान के बची कतर की राजधानी दोहा में शांति वार्ता की उम्मीद पूरी दुनिया कर रही है। हालांकि इस वार्ता को लेकर ईरान ने सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। दोनों ही देशों के प्रतिनिधिमंडल दोहा पहुंच चुके हैं। इसी बीच ईरान ने कहा कि आने वाले दिनों में अमेरिका के साथ किसी भी स्तर पर सीधी वार्ता की कोई योजना नहीं है।
ईरान का कहना है कि उसकी प्राथमिकता पहले हुए अंतरिम समझौते को लागू कराना है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघई ने कहा कि ईरानी प्रतिनिधिमंडल सिर्फ इस महीने हुए एमओयू को लागू करने और कतर में फंसी ईरान की करीब 57 हजार करोड़ रुपए की संपत्ति जैसे तकनीकी मुद्दों पर बातचीत के लिए दोहा जा रहा है।
अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल की यात्रा का उससे कोई संबंध नहीं है। कतर ने भी साफ किया कि अमेरिकी टीम सिर्फ मध्यस्थों से मिलेगी।
होर्मुज पर सिर्फ हमारा अधिकार : गालीबाफ
अमेरिका के साथ चल रही शांति वार्ता के बीच ईरान के नेता मोहम्मद बाकर गालीबाफ ने होर्मुज पर बड़ा बयान दिया है। यह आशंका जताई जा रही है कि गालीबाफ के बयान से अमेरिका-ईरान वार्ता में बाधा भी उत्पन्न हो सकती है। दरअसल गालीबाफ ने ईरानी सरकारी मीडिया से बातचीत में कहा कि होर्मुज ईरान के क्षेत्रीय जल का हिस्सा है।
उन्होंने कहा कि अमेरिका यह कहकर विवाद पैदा नहीं कर सकता कि ईरान ने इस स्ट्रेट का सैन्यीकरण कर दिया है। गालीबाफ ने कहा कि ईरान ने होर्मुज स्ट्रेट पर अपना अधिकार नहीं छोड़ा है। इसमें कोई बदलाव नहीं होगा। हम किसी भी परिस्थिति में अपने इस रुख से पीछे नहीं हटेंगे। उन्होंने होर्मुज को युद्ध के दौरान ईश्वर का दिया उपहार बताया।
होर्मुज स्ट्रेट हमारी सबसे बड़ी ताकत
ईरान ने कहा है कि होर्मुज स्ट्रेट उसकी सबसे बड़ी ताकत है और इस पर उसका अधिकार बना रहेगा। ईरानी संसद स्पीकर मोहम्मद बाकर गालीबाफ ने कहा कि अमेरिका के साथ हुए समझौता ज्ञापन (एमओयू) में समुद्री सेवाओं के टोल में 60 दिनों की छूट सिर्फ अस्थायी व्यवस्था है। ज्ञात रहे कि अमेरिका ने पिछले दिनों यह कहा था कि होर्मुज पर अब उसका अधिकार चलेगा और वह अपने हिसाब से वहां के नियम तय करेगा।
ये भी पढ़ें : Rajasthan Accident News : दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस वे पर हादसा, आठ की मौत


