Monsoon Update : छह दिन से तेलंगाना में अटका मानसून

0
134
Monsoon Update : छह दिन से तेलंगाना में अटका मानसून
Monsoon Update : छह दिन से तेलंगाना में अटका मानसून

जेट स्ट्रीम का मौजूदा पैटर्न बन रहा मानसून के रास्ते में रोड़ा, , बढ़ रहा बारिश का इंतजार

Monsoon Update (आज समाज), नई दिल्ली : इस समय पूरे देश में लोग मानसून का इंतजार कर रहे हैं। इस साल दक्षिण पश्चिमी मानसून 4 जून को भारत में दस्तक देने के बाद सही दिशा से आगे बढ़ रहा था। 9 जून तक इसकी चाल सामान्य रही और इसने देश के एक बड़े हिस्से को कवर कर लिया। हालांकि इसके बाद मानसून की गति और दिशा बदल गई। एक तरह से इसकी गति पर ब्रेक लग गई।

इस समय मानसून तेलंगाना के भद्राचलम में अटका हुआ है। मानसून की यह स्थिति पिछले लगभग छह दिन से बनी हुई है। यही कारण है कि देश के अन्य हिस्सों से बारिश गायब है और गर्मी की स्थिति बनी हुई है। वहीं मौसम विज्ञानिकों ने इस स्थिति को बेहद खतरनाक बताया है। यही यह स्थिति कुछ दिन और बनी रहती है तो संभवत इसका धान रोपाई पर विपरीत असर पड़ेगा। ज्ञात रहे कि भारत में धान का उत्पादन विशेष रूप से मानसून पर निर्भर करता है।

इस तरह आगे बढ़ सकता है मानसून

मौसम मॉडल संकेत दे रहे हैं कि इस हफ्ते के अंत तक बारिश की गतिविधियों में सुधार संभव है। जेट स्ट्रीम का मौजूदा पैटर्न कमजोर होने पर मानसूनी हवाएं तेज होंगी। अगले 4-5 दिनों में मानसून के महाराष्ट्र, कर्नाटक, छत्तीसगढ़ और अन्य हिस्सों में आगे बढ़ने की परिस्थितियां बन सकती हैं। जेट स्ट्रीम वायुमंडल की ऊपरी परतों में बहने वाली अत्यंत तेज हवाएं हैं। ये आमतौर पर पृथ्वी की सतह से करीब 8 से 15 किलोमीटर की ऊंचाई होती है। ये मानसून और वेस्टर्न डिस्टर्बेंस यानी पश्चिमी विक्षोभ को प्रभावित करती हैं।

अभी तक सामान्य से कम हुई बारिश

मौसम विभाग के मुताबिक, 4 जून से 15 जून के बीच देश में सामान्य 53.7 मिमी के मुकाबले सिर्फ 19.2 मिमी बारिश हुई। यानी बारिश में 64% की कमी दर्ज की गई है। मानसून के कमजोर होने की वजह समुद्र में नमी की कमी नहीं, बल्कि ऊपरी वायुमंडल की हवाओं का असामान्य पैटर्न है। इस बार पश्चिमी जेट स्ट्रीम सामान्य से ज्यादा दक्षिण की ओर खिसक गई है, जिससे मानसून को आगे बढ़ाने वाली हवाएं प्रभावित हो रही हैं।

  • TAGS
  • [post_tags]