Maharashtra News, (आज समाज), मुंबई: महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले में नदी में डूबने से कॉलेज के पांच छात्रों की मौत हो गई है। घटना घुग्घुस के पास वर्धा नदी में रविवार को हुई। बताया जा रहा है कि युवक तैरने के लिए नदी में गए थे, लेकिन उसके बाद वे लौटे नहीं। नदी के किनारे युवकों के जूते-चप्पल व मोबाइल मिलने के बाद परिजनों ने घटना की सूचना पुलिस को दी।
एक युवक का शव बरामद
पुलिस बचाव टीम के साथ मौके पर पहुंची और तलाश अभियान शुरू किया। खबर लिखे जाने तक एक युवक का शव बरामद किया गया था और चार अन्य की तलाश के लिए सर्च आपरेशन जारी है। रात में अंधेरा होने के कारण सर्च आॅपरेशन प्रभावित हुआ। इसके बाद सोमवार सुबह विशेष खोजी दल को बुलाया गया और दोबारा तलाश शुरू की गई। इस दौरान एक युवक का शव नदी में मिला। उसकी पहचान तन्मय पथाडे के तौर पर हुई है।
कॉलेज में पढ़ रहे सभी युवकों की उम्र 18 से 19 वर्ष के बीच बताई गई है। आशंका है कि नदी में तैरते हुए युवक गहरे पानी में चले गए और हादसे का शिकार हो गए। अन्य 4 लापता युवकों में रोहित बोबले, सम्यक सोनटक्के, सन्नी आसमपल्ली और नकुल केलजरकर शामिल हैं।
जूते-चप्पल मिलने पर दी पुलिस को सूचना
घुग्घुस शहर में इंदिरा नगर के रहने वाले पांच युवक रविवार को दोपहर में घर से निकले, लेकिन देर रात तक वापस नहीं आए। परिवार वालों को अनहोनी की आशंका हुई और उसके बाद उनकी तलाश शुरू की। इस दौरान माथारदेवी परिसर में पानी की टंकी के समीप वर्धा नदी किनारे युवकों के मोबाइल, जूते-चप्पल और कपड़े मिले। इसके बाद उन्होंने तुरंत घुग्घुस पुलिस थाने को सूचना दी।
यह भी पढ़ें : UN Warning: अल नीनो दुनिया में तोड़ेगा गर्मी के रिकॉर्ड, पानी की कमी से लेकर खेती-बाड़ी पर होगा असर


