उत्तर पश्चिमी व मध्य भारत में पश्चिमी विक्षोभ से बदला मौसम, अगले 4-5 दिन गर्मी से रहेगी राहत
Weather Update Today (आज समाज), नई दिल्ली : पिछले एक सप्ताह से तेज लू और भीषण गर्मी से जूझ रहे उत्तर व मध्य भारत के लोगों के लिए पश्चिमी विक्षोभ राहत लेकर आया है। इसकी सक्रियता से जहां मौसम में अच्छा बदलाव दिखाई दिया वहीं हल्की बारिश और तेज हवाओं ने तापमान में गिरावट लाई और लोगों को गर्मी और लू से राहत मिली। भारतीय मौसम विभाग ने यह संभावना जताई है कि मौसम में यह बदलाव आने वाले दिनों में भी दिखाई देगा और कुछ दिन गर्मी व लू से राहत जारी रहेगी।
2 से चार डिग्री तक कम हुआ तापमान
पश्चिम विक्षोभ के प्रभाव से अधिकतर इलाकों में बादल छाए, तेज हवाएं चलीं और हल्की बौछारें पड़ीं। इससे तापमान में 2-4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार, अगले चार-पांच दिनों के दौरान भी मौसम का मिजाज बदला रह सकता है, जिससे भीषण गर्मी से फौरन राहत जारी रहेगी। मौसम विभाग के अनुसार, बीते 24 घंटों के दौरान उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पूर्वी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा, पश्चिम बंगाल के गंगा के मैदानी क्षेत्रों, पूर्वोत्तर भारत और तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में अलग-अलग स्थानों पर 50 से 110 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं और गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हुई। त्रिपुरा और मेघालय में कई स्थानों पर भारी बारिश दर्ज की गई।
शिमला में लगा सैलानियों का जमावड़ा
पश्चिम विक्षोभ के प्रभाव से हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला समेत कई क्षेत्रों में बारिश हुई है, जिससे गर्मी से बड़ी राहत मिली है। इसके साथ ही पर्यटकों का जमावड़ा भी लग गया है। उत्तर भारत के मैदानी क्षेत्रों में पड़ रही भीषण गर्मी से राहत पाने के लिए बड़ी संख्या में सैलानियों ने पहाड़ों का रुख किया है। इसके साथ ही जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित, बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद, अरुणाचल प्रदेश, पूर्वी उत्तर प्रदेश, पश्चिमी मध्य प्रदेश, विदर्भ, कोंकण और गोवा, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा और गुजरात क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर तेज हवाएं चलीं।
ये भी पढ़ें : Gold Price Update : सोना 1800 रुपए सस्ता, चांदी भी 6500 रुपए टूटी


