West Asia Crisis : अमेरिकी हमले में मारे गए भारतीयों की हुई पहचान

0
66
West Asia Crisis : अमेरिकी हमले में मारे गए भारतीयों की हुई पहचान
West Asia Crisis : अमेरिकी हमले में मारे गए भारतीयों की हुई पहचान

कल अमेरिकी नेवी ने किया था एमटी सेत्तेबेल्लो पोत पर हमला, पोत पर 24 भारतीयों सहित कुल 28 क्रू मेंबर थे मौजूद

West Asia Crisis (आज समाज), नई दिल्ली : होर्मुज के पास बुधवार को अमेरिकी नेवी ने एक मालवाहक पोत पर हमला किया था। जिस पोत पर हमला किया गया उसका नाम एमटी सेत्तेबेल्लो था। पोत पर जिस समय हमला हुआ उस समय उसपर 24 भारतीयों सहित कुल 28 क्रू मेंबर सवार थे। इनमें से तीन भारतीय कल से ही लापता थे। गुरुवार को इनमें से दो 2 भारतीय नाविकों के शव बरामद कर लिए गए हैं। जिनकी पहचान डेक कैडेट आदित्य शर्मा और इंजन फिटर शिवानंद चौरसिया के तौर हुई है।

चीफ इंजीनियर पटनाला सुरेश अभी भी लापता हैं। यह जानकारी मर्चेंट नेवी के कर्मचारियों से जुड़ी ट्रेड यूनियन फॉरवर्ड सीमेन्स यूनियन आॅफ इंडिया ने दी है। हालांकि भारत सरकार ने इसकी पुष्टि नहीं की है। इससे पहले विदेश मंत्रालय ने बताया था कि जहाज पर सवार 24 भारतीयों में से 21 को सुरक्षित बचा लिया गया है, जबकि 3 भारतीय लापता थे। इस बीच अमेरिका और ईरान में लगातार दूसरे दिन गुरुवार को भी हमले जारी हैं। ट्रम्प ने बताया कि अमेरिकी सेना ने ईरान पर 49 टॉमहॉक मिसाइलें दागीं और लड़ाकू विमानों से भी हमले किए।

ईरान ने होर्मुज को पूरी तरह से बंद किया

ईरान ने एक बार फिर से होर्मुज को सभी देशों के लिए पूरी तरह बंद कर दिया है। इससे पहले भारत सहित कई मित्र देशों के पोत सामान लेकर होर्मुज से गुजर रहे थे। ईरान ने चेतावनी दी है कि इस मार्ग से गुजरने की कोशिश करने वाले किसी भी जहाज को निशाना बनाया जा सकता है। आईआरजीसी ने अपने बयान में कहा कि क्षेत्र में बढ़ती असुरक्षा और अमेरिका के नए सैन्य हमलों के बाद यह फैसला लिया गया है।

आदेश के अनुसार तेल टैंकरों, मालवाहक जहाजों और अन्य सभी प्रकार के समुद्री जहाजों की आवाजाही तत्काल प्रभाव से रोक दी गई है। ईरानी मीडिया के मुताबिक होर्मुज जलडमरूमध्य में अमेरिकी नौसैनिक बलों और आईआरजीसी की नौसेना के बीच भारी तनाव और गोलीबारी की घटनाएं सामने आई हैं। आईआरजीसी नौसेना का दावा है कि उसने दो ऐसे जहाजों को निशाना बनाया जो उसकी अनुमति के बिना जलडमरूमध्य से गुजरने का प्रयास कर रहे थे।

ये भी पढ़ें : Share Market Live Update : पश्चिम एशिया तनाव का असर, शुरुआत में ही लुढ़का शेयर बाजार