23 जनवरी के बाद राहत के आसार, पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते बारिश की उम्मीद
Weather Update Today (आज समाज), नई दिल्ली : उत्तर भारत में घने कोहरे से अभी राहत के आसार दिखाई नहीं दे रहे। मौसम विभाग द्वारा जारी की गई सूचना के अनुसार यह अनुमान लगाया गया है कि कोहरे का यह दौर आने वाले दिनों में भी जारी रहेगा। इसके साथ ही 23 जनवरी के बाद कोहरे से राहत मिलने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से पहाड़ों पर कई जगह बारिश के साथ बर्फबारी हुई और मैदानी इलाकों में ठंडी हवाएं चलती रहीं।
पहाड़ों से मैदानों तक गिरा पारा
जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड की ऊंची चोटियों पर बारिश के साथ हल्की बर्फबारी हुई। बर्फबारी के बाद कश्मीर घाटी में सभी जगह तापमान 4 डिग्री तक गिर गया। सोनमर्ग में -8.9, शोपियां में -6.7 और श्रीनगर में -4.7 डिग्री न्यूनतम तापमान रहा। लद्दाख के द्रास में तापमान माइनस 20 डिग्री दर्ज किया गया। राजधानी दिल्ली में न्यूनतम तापमान 5.3 डिग्री रहा।
मैदानी इलाकों में 1.7 डिग्री के साथ पंजाब का अमृतसर सबसे ठंडा रहा। यूपी में 3.5 डिग्री के साथ हरदोई सबसे ठंडा रहा। चंडीगढ़ में 5.5 डिग्री व हरियाणा के नारनौल में 5.2 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, 24 जनवरी तक उत्तर प्रदेश, बिहार से लेकर पूर्वोत्तर भारत में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। साथ ही, 23 जनवरी तक कोहरे का असर बना रहेगा।
कोहरा दे रहा हादसों को न्योता
हरियाणा, दिल्ली से लेकर बिहार, पश्चिमी राजस्थान और सौराष्ट्र तक घना कोहरा छाया रहा। पंजाब में अमृतसर, दिल्ली में सफदरजंग, उत्तर प्रदेश में हिंडन, कानपुर और बरेली वायुसेना स्टेशन और आजमगढ़ और गुजरात के सूरत में दृश्यता शून्य रही। घने कोहरे के कारण ही नूंह में एक्सप्रेसवे पर जब एक वाहन ने अचानक ब्रेक लगाया तो उसके पीछे पांच वाहन आपस में टकराते चले गए।
इसमें एक डंपर और कंटेनर में भीषण आग गई और उसमें फंसे खलासी और ड्राइवर जिंदा जल गए। कोहरे के कारण देशभर में कई जगह हादसे हुए। यूपी के बरेली में बस समेत कई वाहनों की टक्कर में दो लोगों की जान चली गई और 24 घायल हुए। शाहजहांपुर में 7 लोग, बागपत में 8 और लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर बस और ट्रेलर की टक्कर में 30 लोग घायल हो गए।


