Weather Update : उत्तरी भारत में कोहरे और सर्द हवाओं का दौर जारी

0
215
Weather Update : उत्तरी भारत में कोहरे और सर्द हवाओं का दौर जारी
Weather Update : उत्तरी भारत में कोहरे और सर्द हवाओं का दौर जारी

मौसम विभाग ने दी चेतावनी, अगले कुछ दिन भी जारी रहेगा कोहरे, शीत लहर का क्रम

Weather Update  (आज समाज), नई दिल्ली : वर्तमान में समस्त उत्तरी भारत भीषण ठंड की गिरफ्त में है। एक तरफ जहां पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी का प्रकोप जारी है। वहीं लगभग सभी मैदानी राज्य कोहरे और ठंडी हवाओं की चपेट में हैं। सूर्य देव के दर्शन भी न होने से ठंड में ज्यादा इजाफा हो रहा है। जिसके परिणाम स्वरूप तापमान में गिरावट आ रही है और ठंड बढ़ती जा रही है। वहीं भारतीय मौसम विभाग ने यह चेतावनी जारी की है कि उत्तरी भारत में कोहरे और शीतलहर का कहर आने वाले कुछ दिनों में भी जारी रहेगा।

मैदानों में कोहरा, पहाड़ों में बर्फ से सूनी हुई सड़कें

पश्चिमी हिमालयी राज्यों में बारिश और बर्फबारी से पंजाब, हरियाणा और राष्ट्रीय राजधानी समेत उत्तर भारत के ज्यादातर इलाकों में लगातार दूसरे दिन बुधवार को चुभन वाली ठंड महसूस की गई। सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने, ठंडी हवाएं चलने और धूप नहीं निकलने से लोगों को भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। हिमाचल प्रदेश में सड़कों पर बर्फ जमने से फिसलन बढ़ गई, जिससे लोगों को जोखिम भरी यात्रा करने को मजबूर होना पड़ा। हालांकि, हिमाचल समेत पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी से सैलानियों के चेहरे खिल गए।

कई जगह बनेगी शीत दिवस की स्थिति

भारतीय मौसम विभाग ने कहा है कि कोहरे और शीत लहर के असर के चलते मैदानी भागों में आने वाले दिनों में कुछ जगहों पर शीत दिवस की स्थिति भी बन सकती है। पंजाब और हरियाणा में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। पंजाब में ज्यादातर जगहों पर पारा 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। 4.6 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान के साथ राज्य में बठिंडा सबसे ठंडा रहा। एसबीएस नगर और हलवारा में दृश्यता 10 मीटर तक सीमित रही, जबकि पटियाला में 150 मीटर दर्ज की गई। कोहरे के कारण कई उड़ानें प्रभावित हुईं। हरियाणा में 4 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ नारनौल सबसे ठंडा रहा।

ऊंची चोटियों पर भारी बर्फबारी

जम्मू-कश्मीर के भद्रवाह में ऊंचाई वाले इलाकों में ताजा हिमपात हुआ है। इससे बर्फबारी की आस में घाटी पहुंचे सैलानियों के चेहरे खिल गए हैं। हिमाचल प्रदेश में कोहरे के साथ शीतलहर का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। छह जिलों किन्नौर, लाहौल-स्पीति, चंबा, मंडी, कुल्लू और शिमला के कई क्षेत्रों में मंगलवार रात को न्यूनतम तापमान माइनस में दर्ज हुआ। उत्तराखंड के पहाड़ी जिलों में ठंड सबसे अधिक असर दिखा रही है। उत्तरकाशी, चमोली, पिथौरागढ़ और बागेश्वर में न्यूनतम तापमान माइनस दो से दो डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।

ये भी पढ़ें : Dr. S. Jaishankar’s visit to France : वैश्विक राजनीति में यूरोप की भूमिका अहम : जयशंकर

  • TAGS
  • [post_tags]