जम्मू पुलिस ने कठुआ व आसपास के एरिया में चस्पा दिए पोस्टर
Jammu-Kashmir News (आज समाज), जम्मू : पाकिस्तान की तरफ से भारतीय सीमा में पांच खतरनाक आंतकवादी घुसने की खबर है। इसी के चलते सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। बताया जा रहा है कि ये आतंकी किसी बड़े हमले को अंजाम दे सकते हैं। सुरक्षा एजेंसियों से मिली जानकारी के अनुसार यह घुसपैठ भारत-पाकिस्तान सीमा पर अति संवेदनशील एरिया हीरानगर सेक्टर से होने की सूचना है। इसी के चलते सुरक्षा एजेंसियां हाई एलर्ट पर हैं और कठुआ शहर और सीमावर्ती इलाकों में पांच संदिग्ध आतंकियों के पोस्टर चस्पा किए गए हैं। एजेंसियों ने लोगों से अपील की है कि इन संदिग्धों के बारे में कोई भी सुराग मिले तो तुरंत पुलिस को बताएं।
सुरक्षाबलों को निशाना बना सकते हैं आतंकी
खुफिया सूत्रों ने अंदेशा जताया है कि पाकिस्तान से जैश-ए-मोहम्मद के पांच आतंकियों का एक फिदायीन दस्ता भारतीय सीमा में घुसा है। आतंकियों का ये समूह सुरक्षाबलों को निशाना बनाने की फिराक में हैं। ऐसे में सभी सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। पूरे कठुआ जिले में और आसपास के क्षेत्रों में सेना व पुलिस से लेकर अन्य सुरक्षाबलों के ठिकानों व प्रमुख इमारतों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
लोहाई मल्हार में दिखे तीन संदिग्ध
सीमावर्ती इलाकों में हर आने-जाने वाले पर कड़ी नजर है। सूत्रों ने बताया कि आतंकी षड्यंत्र के मद्देनजर रविवार को सुरक्षा एजेंसियों की ओर से कठुआ शहर में जगह-जगह दीवारों और खंभों पर संदिग्ध आतंकियों के पोस्टर लगाए गए हैं। इस बीच, लोहाई मल्हार के मलाड़ इलाके में तीन संदिग्धों की मूवमेंट भी देखी गई है। ज्ञात रहे कि 14 फरवरी को पहलगाम हमले की बरसी पर पाकिस्तान की ओर से आतंकियों की घुसपैठ की साजिश को लेकर सुरक्षा एजेंसियों को लगातार इनपुट मिल रहे थे। अब घुसपैठ की इस नई आशंका से इलाके में चौकसी को और बढ़ा दिया है। इस घुसपैठ के बारे में एजेंसियों को लगातार इनपुट मिल रहे हैं।
ये भी पढ़ें : PM Modi News : दुनिया में तकनीक का परिदृश्य बदल रहा : मोदी


