Farmers Movement : पटरी पर किसान, यात्री परेशान

0
416
Farmers Movement

आज समाज डिजिटल, नई दिल्ली:

Farmers Movement

गत तीन अक्टूबर को उत्तर प्रदेश के लखीमपुर में किसानों के साथ हुई हिंसक घटना के बाद पूरे देश के किसानों में भाजपा के खिलाफ गुस्से की लहर व्यापक है। किसानों ने केंद्र सरकार से मामले में केंद्रीय गृह राज्यमंत्री अजय मिश्र की बर्खास्तगी और उनकी गिरफ्तारी की मांग की थी। इसके साथ ही किसानों ने यह अल्टीमेटम दिया था कि यदि केंद्र सरकार 18 अक्टूबर तक यह कार्रवाई नहीं करती तो वे विरोध स्वरूप रेल यातायात रोकेंगे। जिसके चलते आज किसानों ने सुबह 10 बजे से रेल यातायात बाधित कर दिया। यह प्रदर्शन शाम छह बजे तक चलेगा। जिसके चलते रेल यातायात बाधित होने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

सबसे ज्यादा असर पंजाब में

रेल रोको आंदोलन का सबसे ज्यादा असर पंजाब में देखने को मिला है। यहां अमृतसर रेलवे स्टेशन के पास किसान सुबह ही ट्रैक पर बैठ गए थे। वहीं लुधियाना रेलवे स्टेशन पर पश्चिम एक्सप्रेस और फिरोजपुर-चंडीगढ़ एक्सप्रेस, एसएएस नगर मोहाली से फिरोजपुर कैंट ट्रेन को रोकना पड़ा।

इसके अलावा लुधियाना-हिसार ट्रेन को रद्द किया गया है। फिरोजपुर कैंट से लुधियाना को आने वाली ट्रेन को मोगा में रोकना पड़ा। फिरोजपुर से लुधियाना जा रही पैसेंजर गाड़ी को मोगा के रेलवे ट्रैक पर रोक दिया गया। फिरोजपुर-हनुमानगढ़ को फिरोजपुर कैंट, फिरोजपुर कैंट से फाजिल्का को फिरोजपुर कैंट, फाजिल्का से फिरोजपुर कैंट को जलालाबाद में रोक दिया गया।

रेवाड़ी रेलवे स्टेशन की बढ़ाई सुरक्षा

हरियाणा के रेवाड़ी में किसान राजस्थान की सीमा में अजरका रेलवे स्टेशन पर रेवाड़ी-अलवर रेलवे ट्रैक पर बैठे हैं। किसानों ने रेवाड़ी के रेलवे स्टेशन पर भी प्रदर्शन किया। इसी के तहत रेवाड़ी स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ाई गई।
हरियाणा के रोहतक जिले में भी कई जगह किसान रेल ट्रैक पर जमे दिखे। किसानों ने रेलवे स्टेशन रोहतक, मकड़ौली-जसिया रेलवे फाटक, कलानौर में कॉलेज मोड़ फाटक, लाखनमाजरा स्टेशन और खरावड़ स्टेशन के पास धरना दिया और ट्रेन रोकी। हालांकि यात्रियों को दिक्कतें न हो, इसके लिए यहां भंडारे की भी व्यवस्था की गई है।

यूपी में कई ट्रेन रद्द, कई का रूट डायवर्ट 

किसानों के विरोध के चलते कई ट्रेनों को रद्द किया गया तो कई ट्रेनों का रूट डायवर्ट किया गया है। उत्तर प्रदेश के पश्चिमी जिलों में सबसे ज्यादा असर देखने को मिल रहा है। मुजफ्फरनगर में रेलवे ट्रैक जाम है। गाजियाबाद में भी किसानों ने ट्रेनें रोकी हैं। लेकिन बुलंदशहर में हरपाल गुट ने रेल रोको आंदोलन निरस्त कर दिया है।

रेल रोको आंदोलन के चलते लखनऊ जंक्शन से जाने वाली विशेष गाड़ी 05086 लखनऊ-मैलानी सीतापुर में शार्ट टर्मिनेट होगी। गोरखपुर से चलने वाली 05009 गोरखपुर-मैलानी विशेष गाड़ी को लखनऊ में शार्ट टर्मिनेट किया गया। वहीं मैलानी से जाने वाली 05085 मैलानी-लखनऊ विशेष गाड़ी सीतापुर से चलाई जाएगी। इसके अलावा मैलानी से छूटने वाली 05010 मैलानी-गोरखपुर विशेष गाड़ी लखनऊ जंक्शन से चलाई जाएगी।

दिल्ली से निकलने वाली लगभग सभी ट्रेनें प्रभावित

दिल्ली से पानीपत, सोनीपत, कुरुक्षेत्र, कैथल, बहादुरगढ़, अंबाला, जालंधर, लुधियाना, चंडीगढ़, अमृतसर, जम्मू, मेरठ, गाजियाबाद, शामली, सहारनपुर, मुरादाबाद समेत कुछ अन्य सेक्शंस बंद हैं। वहीं दिल्ली से रोहतक मार्ग भी प्रभावित है। किसान इन रूट्स पर इससे पहले भी कई बार अलग-अलग जगहों पर रेलवे ट्रैक जाम कर चुके हैं।

Connect With Us : Twitter Facebook

Read Also : Wonder Women: महिला ने दिया सात बच्चों को जन्म, सभी स्वस्थ

SHARE