साध्वियों के यौन उत्पीड़न और पत्रकार की हत्या के मामलों में आजीवन कारावास की सजा काट रहा रहा है डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम
Ram Rahim, (आज समाज), रोहतक: सिरसा स्थित डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम को एक बार फिर से पैरोल मिल गई है। राम रहीम 15वीं बार पैरोल पर जेल से बाहर आया है। उसे 40 दिन की पैरोल मिली है। राम रहीम रोहतक स्थित सुनारिया जेल में साध्वियों के यौन उत्पीड़न और पत्रकार की हत्या के मामलों में आजीवन कारावास की सजा काट रहा है। इसस पहले डेरा मुखी राम रहीम 15 अगस्त को अपना जन्मदिन मनाने के लिए जेल से बाहर आया था।
इससे पहले अप्रैल में 21 दिन की पैरोल पर बाहर आया था। जनवरी में, उसे दिल्ली विधानसभा चुनाव से एक हफ्ते पहले 30 दिन की पैरोल पर रिहा किया गया था। इस दौरान वह सिरसा में डेरा हेडक्वार्टर में रहा था। पहले भी, जब वह जेल से बाहर था, तो वह उत्तर प्रदेश के बागपत में डेरा के आश्रम में रहा था।
राम रहीम को लेने के लिए पहुंचा लग्जरी गाड़ियों का काफिला
राम रहीम को लेने के लिए सिरसा डेरे से लग्जरी गाड़ियों का काफिला पहुंचा, जिसमें दो बुलेट प्रूफ लैंड क्रूजर, 2 फॉर्च्यूनर व 2 अन्य गाड़ियां शामिल रहीं। सोमवार करीब साढ़े 11 बजे वह सुनारिया जेल से सिरसा डेरे के लिए रवाना हुआ। दोपहर साढ़े 3 बजे तक वह सिरसा पहुंचेगा।
डेरा प्रवक्ता बोले- सिरसा डेरे में रहेंगे गुरुजी
डेरा सच्चा सौदा के प्रवक्ता जितेंद्र खुराना ने कहा, हर कैदी का पैरोल और फरलो का अधिकार होता है। इसके तहत कैदी को एक साल में 70 दिन की पैरोल और 21 दिन की फरलो मिलती है। ऐसा नहीं है कि इस पैरोल और फरलो का लाभ सिर्फ गुरुजी को मिलता है। लगभग 6 हजार ऐसे कैदी हैं, जिन्हें राज्य की कंपीटेंट अथॉरिटी द्वारा पैरोल और फरलो पर रिहा किया जाता है। कानूनी दायरे के अंदर ही गुरुजी हर बार पैरोल या फरलो पर बाहर आते हैं। अब उन्हें 40 दिन की पैरोल मिली है। वह इस दौरान सिरसा स्थित डेरा सच्चा सौदा में रहेंगे।
साल 2017 से जेल में है राम रहीम
25 अगस्त 2017 को 2 साध्वियों के यौन शोषण केस में राम रहीम को 20 साल कैद हुई। इसके बाद 17 जनवरी 2019 को पत्रकार रामचंद्र छत्रपति हत्याकांड में उम्र कैद हुई। वहीं, डेरा मैनेजर रणजीत सिंह के हत्या मामले में अक्टूबर 2021 में सीबीआई कोर्ट ने उसे उम्र कैद की सजा सुनाई। सजा मिलने के 3 साल बाद राम रहीम को इस मामले में पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने बरी कर दिया। अभी राम रहीम रोहतक की सुनारिया जेल में बंद है।


