सड़कें बही, कई जगहों पर प्राइवेट संपत्ति को भी हुआ नुकसान
Jammu-Kashmir Weather (आज समाज), जम्मू/कश्मीर : दक्षिण-पश्चिम मानसून अब पूरी तरह से एक्टिव है। यह तेजी से देश को कवर कर रहा है। मौसम विभाग ने यह अनुमान लगाया है कि जुलाई के पहले सप्ताह के अंत तक मानसून पूरे देश को कवर कर लेगा। इसी के साथ पिछले तीन दिन से पहाड़ी राज्यों विशेषकर जम्मू-कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड में मानसून की शुरुआत में ही भारी बारिश और बादल फटने की घटनाएं सामने आ रही हैं। इसी के चलते कई जगहों पर भारी तबाही भी देखने को मिल रही है। जम्मू-कश्मीर में लगातार दूसरे दिन बादल फटने से कई इलाकों में बाढ़ आ गई है और एक सड़क बह गई है।
उत्तराखंड और हिमाचल में भी बुरा हाल
उत्तराखंड में खराब मौसम के कारण बदरीनाथ हाईवे साढ़े 11 घंटे बंद रहा और आठ हजार से ज्यादा श्रद्धालु रास्ते में जहां-तहां फंसे रहे। भारी बारिश ने हिमाचल प्रदेश में भी कोहराम मचा रखा है। राज्य में बारिश, बाढ़ और भूस्खलन के चलते 46 सड़कें बंद हैं। मानसून की सक्रियता के कारण देश के कई हिस्सों में बारिश का दौर तेज होने वाला है।
मौसम विभाग ने गुजरात, कोंकण-गोवा, तटीय कर्नाटक और मध्य महाराष्ट्र के लिए रेड और आॅरेंज अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों के कुछ स्थानों पर 204.5 मिमी से अधिक वर्षा होने की संभावना जताई गई है। इसके अलावा छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, विदर्भ, ओडिशा और सौराष्ट्र-कच्छ में भारी से बहुत भारी बारिश की आशंका के चलते आॅरेंज अलर्ट जारी किया गया है। बिहार, झारखंड, तेलंगाना, केरलम, पूर्वोत्तर के कई राज्यों में येलो अलर्ट जारी किया गया है।
उत्तराखंड में कई जगह भरा मलबा
उत्तराखंड में कई जगहों पर भारी बारिश जारी है। मौसम विभाग ने देहरादून समेत कई जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है। बारिश के कारण बदरीनाथ हाईवे पर पगलानाला और गुलाबकोटी में टनों मलबा आ गया। इससे हाईवे पर करीब साढ़े 11 घंटे तक वाहनों की आवाजाही ठप पड़ी रही। इस दौरान हाईवे के दोनों ओर से वाहनों में करीब आठ हजार श्रद्धालु फंसे रहे। शाम साढ़े चार बजे वाहनों की आवाजाही सुचारु हो पाई जिसके बाद श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली।


