इजरायल के रक्षा मंत्री ने कहा, हमारा टारगेट ईरानी शासन और उससे जुड़े बुनियादी ढांचे
West Asia Crisis (आज समाज), यरूशलम : पिछली 28 फरवरी से अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान पर हमले जारी हैं। इसके साथ ही पिछले लगभग 23 दिन से पश्चिम एशिया में तनाव का माहौल व्यापत है। इस दौरान जहां इजरायल और अमेरिका ने ईरान के बुनियादी ढ़ाचे और सैन्य शक्ति को तहस-नहस करने की कोशिश की है वहीं ईरान ने भी इन दोनों के हमलों का मुंह तोड़ जवाब दिया है। ईरान ने इजरायल के साथ उन देशों को भी निशाना बनाया है जहां पर अमेरिका के सैन्य ठिकाने हैं। जिससे यह युद्ध लगातार खतरनाक होता जा रहा है।
इजरायल के रक्षा मंत्री ने यह बयान दिया
इस बीच इजरायल के रक्षा मंत्री इस्राइल काट्ज ने कहा है कि इस हफ्ते ईरान के खिलाफ हमलों की तीव्रता और बढ़ाई जाएगी। सैन्य अधिकारियों के साथ एक समीक्षा बैठक के दौरान उन्होंने कहा कि इजरायल रक्षा बल (आईडीएफ) और अमेरिका की सेना द्वारा किए जाने वाले हमले काफी तेज होंगे। काट्ज ने कहा कि इन हमलों का उद्देश्य ईरानी शासन और उससे जुड़े बुनियादी ढांचे को निशाना बनाना है।
काट्ज ने कहा कि हम ईरानी शासन के खिलाफ आक्रामक अभियान का नेतृत्व जारी रखने, उसके कमांडरों का सिर कलम करने और उसकी रणनीतिक क्षमताओं को निष्क्रिय करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। रक्षा मंत्री ने जोर देकर कहा कि यह अभियान तब तक जारी रहेगा, जब तक इस्राइल और क्षेत्र में अमेरिकी हितों के लिए मौजूद हर सुरक्षा खतरे को समाप्त नहीं कर दिया जाता। उन्होंने कहा, ”आईडीएफ मजबूत है और इस्राइली नागरिक मोर्चा भी मजबूत है। जब तक युद्ध के सभी लक्ष्य हासिल नहीं हो जाते, हम रुकने वाले नहीं हैं।”
ईरान ने हिंद महासागर में अमेरिकी ठिकाने पर किया हमला
इस बीच ब्रिटेन ने हिंद महासागर में स्थित यूके-अमेरिका सैन्य अड्डे डिएगो गार्सिया को निशाना बनाने के लिए ईरान की निंदा की है। इस हमले की दूरी से संकेत मिलता है कि तेहरान की मिसाइल क्षमता पहले के अनुमान से अधिक ज्यादा है। वहीं, ईरान के नतांज परमाणु संवर्धन ठिकाने पर हवाई हमला होने की खबर सामने आई है। ईरानी सरकारी एजेंसी के अनुसार इस हमले में कोई रेडिएशन लीक नहीं हुआ। हालांकि इजरायल ने इस हमले में अपनी भूमिका से इनकार किया है।
ये भी पढ़ें : US-Iran War Today Update : ईरान 48 घंटे में खोले हॉर्मुज जलडमरूमध्य : ट्रंप


