
शनिवार होने के कारण मंदिर में भीड़ ज्यादा थी
(आज समाज), परभणी: महाराष्ट्र के परभणी जिले के मानवत तालुका स्थित यशवाड़ी देवस्थान में शनिवार को दर्दनाक हादसा हो गया। यहां प्रसिद्ध हनुमान मंदिर के गर्भगृह के सामने बन रहे सभा मंडप की छत अचानक ढह गई, जिससे मंदिर परिसर में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में अब तक 7 श्रद्धालुओं की मौत हो चुकी है, जबकि 25 लोग घायल हुए, जिन्हें अस्पताल पहुंचा दिया गया है।
आशंका है कि कई लोग अब भी मलबे में दबे हुए हैं, जिन्हें निकालने के लिए बचाव अभियान जारी है। रिपोर्ट्स के मुताबिक यहां मंदिर के ठीक सामने सभामंडप बनाने का काम चल रहा था। दोपहर के समय लोग प्रसाद ले रहे थे। अचानक मंदिर का स्ट्रक्चर और पत्थर भरभराकर गिर पड़े। शनिवार होने के कारण मंदिर में भीड़ ज्यादा थी। हादसे के बाद पुलिस और स्थानीय प्रशासन ने घटनास्थल पर रेस्क्यू आॅपरेशन चलाया।
घायलों को अस्पताल में कराया भर्ती
रिपोर्ट्स के मुताबिक परभणी के हनुमान मंदिर के ठीक सामने सभा मंडप का निर्माण कार्य चल रहा था। इसी सभा मंडप की छत अचानक ढह गई। जिला कलेक्टर संजय चव्हाण, उपमंडल अधिकारी संगीता चव्हाण और तहसीलदार पांडुरंग माछेवाड़ ने बताया कि 32 लोगों में से 7 की मौत हो गई और 25 गंभीर रूप से घायल हो गए।
आपदा प्रबंधन अधिकारी, पथरी अग्निशमन विभाग, मानवत लोक निर्माण विभाग, जिला स्वास्थ्य अधिकारी, चिकित्सा दल, परभणी नगर निगम और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से बचाव अभियान पूरा किया गया।
ये भी पढ़ें : US-Iran Peace Deal: इजरायल के लेबनान पर हमलों व वार्ता टलने से अधर में डील

