गुरदासपुर : सांसद सनी देओल ने पूरा किया स्वर्गीय विनोद खन्ना का सपना, केंद्र ने पास किया मकोड़ा पत्तन पुल

0
369

गगन बावा, गुरदासपुर :
देश की आजादी के बाद से ही मकौड़ा पत्तन पर पक्के पुल की मांग की जाती रही है, लेकिन आज तक इलाके के लोगों की इस मांग की तरफ किसी ने ध्यान नहीं दिया। पुलों के राजा के नाम से जाने जाते पूर्व सांसद स्वर्गीय विनोद खन्ना का भी यहां पर पुल बनवाना एक सपना रह गया था, जिसे अब भाजपा सांसद सनी देओल पूरा करने जा रहे हैं।
190 करोड़ में बनेंगे दो पुल 
सांसद सन्नी दयोल के निजी सहायक पंकज जोशी व भाजपा के जिला प्रधान परमिन्दर सिंह गिल ने बताया कि सांसद सन्नी दयोल ने मकौड़ा पत्तन पुल को लेकर चार बार केंद्र सरकार को पत्र लिखा था। पहला पत्र जून 2019, दूसरा पत्र 31 अगस्त 2020, तीसरा सितंबर 2020 और चौथा पत्र 21 फरवरी 2021 को लिखा गया था, जिसके चलते 12 अगस्त 2021 को केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने मकौड़ा पत्तन व कीड़ी पत्तन (नरोट जैमल सिंह) को मंजूरी दे दी है, जबकि दोनों पुलों के लिए 190 करोड़ रुपये की राशि मंजूर की है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा उक्त पुलों के लिए राशि मंजूर कर दी है और जल्द ही दोनों पुलों का काम शुरू करवा दिया जाएगा।
हर साल बह जाता है अस्थायी पुल 
मकौड़ा पत्तन पर मनाया जाने वाला अस्थाई पुल हर बार बरसात के मौसम में बह जाता है जिससे इसके कारण करीब 8 गांव पूरी तरह से जिले से कट जाते हैं। लोगों को दरिया पार जाने के लिए किश्तियों का सहारा लेना पड़ता है। क्षेत्र के लोगों को हर रोज काम करने में भारी परेशानी झेलनी पड़ती है। विद्यार्थियों के स्कूल व कालेज दरिया के दूसरी तरफ हैं। किसान अपनी फसल को खेतों से मंडी व गन्ना मिलों तक ले जाने में असमर्थ हैं, जिससे भारी माली नुकसान होता है। इसके अलावा लोग इमरजेंसी हालात में सेहत सहायता हासिल करने के लिए भी जूझते रहते हैं। मकौड़ा पत्तन पुल बह जाने के कारण आठ गांवों के पांच हजार के करीब लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। लोगों की शुरू से यही मांग रही है कि रावि दरिया के पार रहने वाले लोगों को जल्द से जल्द इस समस्या से निजात दिलाई जाए।

SHARE