Monsoon Damage: देश में अब तक करीब 750 लोगों की मौत, 10 हजार घर तबाह, 20 हजार से ज्यादा जानवर मरे, कई राज्यों में अलर्ट

0
261
Monsoon Damage
देश में अब तक करीब 750 लोगों की मौत, 10 हजार घर तबाह, 21 हजार जानवर मरे

Aaj Samaj (आज समाज), Monsoon Damage, नई दिल्ली: मानसून से बढ़ी दुश्वारियां देश के अधिकतर राज्यों में बरकरार हैं। हरियाणा-पंजाब के अलावा महाराष्टÑ और गुजरात आदि राज्यों में बारिश का अनुमान है। वहीं 22 राज्यों के 230 जिले अब भी बाढ़ से प्रभावित हैं। अधिकारियों के अनुसार 19 जुलाई तक भारी बारिश से विभिन्न राज्यों में करीब 750 लोगों की मौत हो चुकी है और 10 हजार घर तबाह हो गए हैं। इसी के साथ बाढ़ के कारण 2.50 लाख हेक्टेयर फसल बर्बाद हो गई है। बर्षाजनित हादसों में अब तक 21 हजार से ज्यादा जानवर मारे जा चुके हैं। एक रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई है। मौसम विभाग ने कई राज्यों में अब भी भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।

  • सीएम सुक्खू के आग्रह पर प्रधानमंत्री ने हिमाचल दौरे पर केंद्रीय टीम 

हिमाचल : 4800 करोड़ की संपत्ति तबाह

हिमाचल प्रदेश में बीते माह 24 जून से अब तक बारिश व बाढ़ के कारण 4800 करोड़ रुपए की सरकारी व निजी संपत्ति तबाह हो चुकी है। भारी बारिश की वजह से आई आपदा में अब तक कई लोगों की मौत हुई है और 121 घायल हुए हैं। वहीं 12 लापता बताए जा रहे हैं। राज्य में हुए नुकसान का रोज आंकड़ा बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू कह चुके हैं कि प्रदेश में 8 हजार करोड़ की संपत्ति तबाह हो गई है।

प्रदेश के बाढ़ प्रभावित जिलों का दौरा कर रही केंद्रीय टीम

केंद्रीय टीम आज शाम तक प्रदेश के बाढ़ प्रभावित जिलों का दौरा करके शिमला लौटेगी। टीम मंडी, कुल्लू, शिमला और सोलन जिले के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर चुका है। किन्नौर आदि का दौरा अभी करेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सीएम सुक्खू के आग्रह पर आठ सदस्यीय टीम हिमाचल दौरे पर भेज रखी है। सुक्खू ने केंद्र से 2000 करोड़ रुपए की अंतरिम राहत राशि की मांग कर रखी है, ताकि सड़क, बिजली, पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं को बहाल किया जा सके और जो इन्फ्रास्ट्रक्चर भारी बारिश से तबाह हुआ है, उसे दोबारा बनाया जा सके।

हरियाणा : पांच जिलों में येलो अलर्ट, 593 गांव बाढ़ प्रभावित

चंडीगढ़ मौसम विभाग ने हरियाणा के पांच जिलों, पंचकूला, करनाल, यमुनानगर, कुरूक्षेत्र और कैथल में बारिश येलो अलर्ट जारी किया है। राज्य के दक्षिण और दक्षिण पूर्व जिलों के साथ पश्चिम और दक्षिण पश्चिम जिलों में भी मध्यम से हल्की बारिश होने की संभावना है। राज्य में अब भी 593 गांव बाढ़ प्रभावित हैं। 33 शहरी क्षेत्रों में भी बाढ़ का असर दिख रहा है। अब तक 26 हजार से ज्यादा लोगों में कई तरह की बीमारियों के लक्षण मिले हैं। 24 घंटे में 500 से ज्यादा लोग बुखार की चपेट में आ गए हैं। इनकी कुल संख्या अब 5403 पहुंच गई है।

पंजाब : जून से 20 जुलाई तक 245.9 एमएम वर्षा

मौसम विभाग की वीकली रिपोर्ट के अनुसार जालंधर में 14 से 20 जुलाई तक 28.5 मिलीमीटर बारिश हुई है, जबकि पिछले साल ये इस अवधि में 45 एमएम बारिश हुई थी। बीते कल शहर में डीएवी कॉलेज से लेकर पीएपी चौक और फिर नकोदर चौक से अड्डा टांडा के इलाकों में दोपहर 12 से 1:30 बजे तक खूब बारिश हुई। साथ में सामान्य हवाएं चली हैं। सिटी में 10 एमएम के करीब पानी गिरा है। इसी तरह एक जून से 20 जुलाई तक कुल 245.9 एमएम वर्षा हुई है, जबकि पिछले साल 186.2 थी। इस तरह 32 फीसदी ज्यादा बारिश जालंधर में रही है। जालंधर में वीरवार को अधिकतम तापमान 37.1 डिग्री, जबकि बुधवार रात को पारा 26 डिग्री रहा था।

महाराष्ट्र-यूपी : इन इलाकों में भारी बारिश का रेड अलर्ट

मौसम विभाग ने महाराष्ट्र के ठाणे, रायगढ़, पुणे और पालघर जिले में भारी बारिश के लिए रेड अलर्ट जारी किया। भारी बारिश के चलते पालघर में आज और पुणे में दो दिन सभी सरकारी और प्राइवेट स्कूलों को बंद किया गया है। रायगढ़ में कल लैंडस्लाइड की वजह से 48 घर बह गए और इसमें 16 लोगों की मौत हो गई। उत्तर प्रदेश के 14 जिलों के 400 से ज्यादा गांव बाढ़ की चपेट में हैं। इससे 38,996 लोग प्रभावित हैं।

यह भी पढ़ें :   

Connect With Us: Twitter Facebook

 

SHARE