यमुनानगर : राज्यमंत्री ओम प्रकाश यादव ने स्वतंत्रता दिवस पर फहराया राष्ट्रीय ध्वज

0
411

प्रभजीत सिंह लक्की, यमुनानगर :
हरियाणा के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री ओम प्रकाश यादव ने पुलिस लाईन जगाधरी के परिसर में आयोजित 75वें राष्ट्रीय पर्व स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ध्वजारोहण किया तथा परेड का निरीक्षण कर मार्च पास्ट की सलामी ली। मार्च पास्ट की परेड का नेतृत्व बिलासपुर के उप पुलिस अधीक्षक आशीष चौधरी ने किया। इससे पूर्व राज्य मंत्री ओम प्रकाश यादव ने पुलिस लाईन में स्थित शहीद स्मारक पर जाकर शहीदों को नमन कर उन्हें पुष्प अर्पित किए।
जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में उपस्थित लोगों को सम्बोधित करते हुए हरियाणा के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री ओम प्रकाश यादव ने स्वतन्त्रता सेनानियों व उनके परिजनों, युद्घ वीरांगनाओं व जिला वासियों को आजादी के अमृत महोत्सव की शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि प्यारा तिरंगा हमारी स्वतंत्रता, स्वाभिमान और संघर्ष का प्रतीक है। इसके लिए हमारे स्वतंत्रता सेनानियों ने ब्रिटिश हुकूमत के विरुद्ध नौ दशकों तक लम्बा संघर्ष किया, असहनीय यातनाएं झेली, हंसते-हंसते फांसी के फंदे को चूमा और असंख्य कुर्बानियां दी। इस पावन अवसर पर उन्होंने सभी महान स्वतंत्रता सेनानियों, वीर शहीदों और सीमाओं के प्रहरियों को नमन किया और कहा कि हरियाणा को गर्व है कि हमने देश के स्वतंत्रता आंदोलन में अग्रणी भूमिका निभाई है। अम्बाला से 8 मई 1857 को स्वतंत्रता आन्दोलन की पहली चिंगारी फूटी थी। नेता जी सुभाष चन्द्र बोस की ‘आजाद हिन्द फौज में सबसे ज्यादा सैनिक हरियाणा से थे। आज भी भारतीय सेनाओं में औसतन हर दसवां जवान इसी प्रदेश से है। हरियाणा के वीरों ने आजादी के बाद भी देश की सीमाओं की सुरक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। हमारे सैनिकों ने 1962, 1965, 1971 के विदेशी आक्रमणों व आप्रेशन कारगिल युद्ध के दौरान वीरता की नई मिसाल पेश की।
उन्होंने कहा कि आजादी के अमृत महोत्सव को हम कोविड-19 महामारी के दौर में मना रहे हैं। अनेक कोरोना वॉरियर्स ने अपनी जान की परवाह न करते हुए महामारी से निपटने में महान सेवा की है जिसके वह धन्यवादी है। उन्होंने कहा कि 5 अगस्त का दिन भारत में ऐतिहासिक बदलाव का साक्षी बन गया है। इसी दिन वर्ष 2019 में जम्मू-कश्मीर को पूर्ण आजादी प्राप्त हुई तथा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने धारा 370 की व्यवस्था को 70 वर्ष बाद समाप्त करने का साहसिक कार्य किया। केन्द्र सरकार के ऐसे अनेक साहसिक निर्णयों से कश्मीर से कन्याकुमारी तक ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत से नवभारत और अब आत्मनिर्भर भारत के निर्माण को बल मिला है।
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री ओम प्रकाश यादव ने कहा कि हरियाणा प्रदेश में मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में व्यवस्था परिवर्तन और सुशासन के लिए कारगर कदम उठाए गए हैं। वर्ष 2020 को ‘सुशासन संकल्प वर्ष के रूप में मनाया और इस वर्ष को ‘सुशासन परिणाम वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है। हमने ई-गवर्नेंस से गुड गवर्नेंस का जो अभियान चलाया था वह आज ‘परिवार पहचान पत्र तक पहुंच गया है। इस एक ही दस्तावेज के माध्यम से सभी सरकारी सेवाओं और योजनाओं का लाभ घरद्वार पर ही मिलेगा। लोगों को कार्यालयों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। उन्होंने कहा कि सैकड़ों स्कीमों को डीबीटी से जोड़ा और पैसा सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में जमा करवाया गया। हाल ही में आउटसोर्सिंग से जुड़ी सेवाओं में ठेका प्रथा बंद करने के लिए हरियाणा कौशल रोजगार निगम बनाने का निर्णय लिया गया। इसी प्रकार कर्मचारियों की सभी समस्याओं के निपटान के लिए मानव संसाधन विभाग बनाने की स्वीकृति दी गई है। किसी भी संकट के समय हर नागरिक की समय पर मदद के लिए डायल-112 सेवा शुरू की गई है।
उन्होंने कहा कि किसान हित सर्वोपरि हैं। सरकार का प्रयास है कि किसानों को खेती प्रक्रिया में हर कदम पर मदद मिले यानि बुवाई से पहले और बुवाई के बाद भी और फसल कटाई के बाद भी। यही नहीं, किसानों को प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न नकद लाभ भी प्रदान किए जा रहे हैं। कृषि-भूमि के आदान-प्रदान में किसानों को राहत देते हुए स्टांप शुुल्क में छूट दी है। अब प्रति डीड केवल 5 हजार रुपए का शुुल्क ही लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि किसान को उत्तम किस्म के बीज प्रदान करने के साथ-साथ फसल बीमा व फसल मुआवजा देकर प्राकृतिक आपदा के जोखिम को समाप्त किया गया है। हरियाणा देश का पहला राज्य है, जहां सर्वाधिक 11 फसलों के दाने-दाने की न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीद की जाती है। फसल का भुगतान भी 72 घंटे के भीतर किसान के खाते में किया जाता है और इससे देरी होने पर 9 प्रतिशत ब्याज भी दिया जाता है। फसल की सरलता से बिक्री के अलावा किसान को सब्सिडी, खाद, बीज व ऋण देने के लिए ‘मेरी फसल-मेरा ब्यौरा पोर्टल शुुरू किया है।
राज्य मंत्री ओम प्रकाश यादव ने कहा कि प्रदेश में किसान उत्पादक संगठनों के जरिए किसानों को आधुनिक खेती करने और पैदावार को सरलता से बेचने में मदद प्रदान की जा रही है। नई तकनीक से खेती करने वाले प्रगतिशील किसानों को प्रोत्साहित करने के लिए’प्रगतिशील किसान सम्मान योजना में 50 हजार से 5 लाख रुपये तक के पुरस्कार देने की व्यवस्था की है। हर खेत को स्वस्थ खेत बनाने के लिए प्रदेश में मृदा परीक्षण प्रयोगशालाएं खोली जा रही हैं। प्रदेश के शिक्षण संस्थानों में भी ये प्रयोगशालाएं खोली जा रही हैं जहां विद्यार्थी मृदा परीक्षण के लिए एक निश्चित शुल्क ले सकेंगे और इस प्रकार पढाई के साथ-साथ कमाई कर सकेंगे। कम पानी में उगने वाली फसलों को बढ़ावा देने के लिए मेरा पानी-मेरी विरासत योजना चलाई है और अब इसमें एग्रो फोरेस्ट्री को भी जोड़ा गया है। नहरी पानी की लीकेज को रोकने के लिए प्रदेश में कच्चे रजवाहों को पक्का किया जा रहा है और 20 साल से अधिक पुराने रजवाहों को भी दोबारा पक्का किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में संस्कार व रोजगार से युक्त शिक्षा देने के लिए नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति लागू की गई है। इसे वर्ष 2025 तक पूरी तरह लागू कर दिया जाएगा। इस दिशा में प्री नर्सरी से ही शिक्षा देने के लिए प्रदेश में 4 हजार प्ले-वे स्कूल और 500 नए मॉडल क्रेच खोले जा रहे हैं। हमारे युवा प्रतियोगी परीक्षाओं में अग्रणी स्थान पर रहें, इसके लिए हमने सुपर-100 प्रोग्राम शुरू किया है। उन्होंने कहा कि युवाओं को सरकारी नौकरी के लिए बार-बार आवेदन न करना पड़े, इसके लिए ‘एकल पंजीकरण सुविधा शुरू की गई है। प्रदेश के युवाओं को अधिक से अधिक रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाने के लिए निजी क्षेत्र के उद्यमों में उन्हें 75 प्रतिशत आरक्षण दिया गया है।
राज्य मंत्री ओम प्रकाश यादव ने कहा कि हमारे खिलाडिय़ों ने ओलम्पिक व अन्य अन्तर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतकर देश व प्रदेश का नाम रोशन किया है। टोक्यो ओलम्पिक में नीरज चोपड़ा ने स्वर्ण पदक, पहलवान रवि दहिया ने रजत और बजरंग पुनिया ने कांस्य पदक जीतकर हमें गौरवान्वित किया है। हाकी में कांस्य पदक जीतने वाली टीम में हमारे दो खिलाड़ी सुरेन्द्र कुमार और सुमित कुमार शामिल हैं। महिला हॉकी टीम में तो 9 खिलाड़ी हरियाणा की हैं। हरियाणा देश का पहला राज्य है जो पदक जीतने वाले खिलाडिय़ों को पुरस्कार स्वरूप सर्वाधिक नकद राशि देता है। ओलम्पिक में स्वर्ण पदक जीतने वाले खिलाड़ी को 6 करोड़ रुपये, रजत पदक के लिए 4 करोड़ रुपये और कांस्य पदक के लिए 2.50 करोड़ रुपये की राशि व प्रथम श्रेणी अधिकारी की नौकरी दी जाती है। चौथे स्थान पर रहने वाले खिलाडिय़ों को 50-50 लाख रुपये की राशि दी गई है। जो खिलाड़ी ओलम्पिक में देश का प्रतिनिधित्व करते हैं, उन्हें 15-15 लाख रुपये नकद पुरस्कार दिया जाता है। हरियाणा ने ही देश में पहली बार ओलम्पिक की तैयारी के लिए 5 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि एडवांस देने का प्रावधान किया है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए अनेक निर्णय किए हैं। उन्हें पंचायती राज संस्थाओं में पुरुषों के समान प्रतिनिधित्व दिया गया है। महिलाओं के उत्तम स्वास्थ्य के लिए ‘मुख्यमंत्री दूध उपहार योजना के तहत गर्भवती महिलाओं को फोर्टिफाइड मीठा सुगंधित दूध दिया जा रहा हैं। महिला सुरक्षा के लिए बस अड्डों व बसों में सी.सी.टी.वी. कैमरे लगाये गये हैं। छात्राओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए घर से दो किलोमीटर से अधिक दूरी वाले स्कूलों के लिए 9वीं से 12वीं तक की छात्राओं के लिए ”छात्रा परिवहन सुरक्षा योजना”आरम्भ की है।
कार्यक्रम में कुमारी आकृति के नेतृत्व में गुर्जर कन्या विद्या मंदिर देवधर की बैण्ड की टुकड़ी प्रथम, पीएसआई सोनिया के नेतृत्व में महिला पुलिस की टुकड़ी द्वितीय व एसआई रेमश कुमार के नेतृत्व में होम गार्ड की टुकड़ी को तीसरे स्थान पर रहने के लिए सम्मानित किया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में सरस्वती विद्या मंदिर जगाधरी, गुरू नानक खालसा वरिष्ठद्द माध्यमिक विद्यालय जगाधरी वर्कशाप व एसडी वरिष्ठद्द माध्यमिक विद्यालय जगाधरी की भंगड़ा की टीम प्रथम, राजकीय कन्या वरिष्ठद्द माध्यमिक विद्यालय जगाधरी की हरियाणवी नृत्य की टीम द्वितिय तथा विवेकानन्द पब्लिक स्कूल अलाहर की मेरा भारत, 1857 की क्रांति पर नृत्य नाटिका की टीम ने तीसरा स्थान प्राप्त किया जिन्हें हरियाणा के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री ओम प्रकाश यादव ने अपने कर कमलों से सम्मानित किया। उन्होंने सांस्कृतिक कार्यक्रमों व स्वतंत्रता दिवस समारोह की अन्य गतिविधियों में भाग लेने वाले शिक्षण संस्थाओं की टीमों के लिए 2 लाख रुपए देने की घोषणा की साथ ही इन विद्यार्थियों के स्कूलो के लिए 16 अगस्त को अवकाश की घोषणा भी की।
इस अवसर पर यमुनानगर के विधायक घनश्याम दास अरोड़ा, मेयर मदन चौहान, जिला एवं सत्र न्यायाधीश दीपक अग्रवाल, उपायुक्त गिरीश अरोरा, नगर निगम के आयुक्त अजय सिंह तोमर, पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल, हरियाणा समाज कल्याण बोर्ड की अध्यक्षा रोजी आनन्द मलिक, जयपुर से राज्यमंत्री ओम प्रकाश यादव के भाई बलबीर सिंह यादव, चेयरमैन रामेश्यवर चौहान, हरियाणा व्यापारी कल्याण बोर्ड के चेयरमैन राम निवास गर्ग, भाजपा के जिला अध्यक्ष राजेश सपरा, भाजपा नेत्री संगीता ङ्क्षसघल, अतिरिक्त उपायुक्त रणजीत कौर, नगराधीश निशा, जगाधरी के उपमण्डलाधीश सुशील कुमार, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी नवीन आहूजा, डीएसपी आशीष चौधरी, सुभाष चंद, देसराज व अन्य पुलिस अधिकारी, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी शंकर लाल गोयल, डीआईपीआरओ स. हरदीप सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी सतपाल कौशिक सहित अन्य अधिकारी एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

SHARE