Mayor Renu Bala Gupta : नगर निगम हाऊस की बैठक में प्रस्तुत सभी 12 प्रस्ताव मे से 11 सदन की सहमति से हुए पास, महापौर रेनू बाला गुप्ता ने की अध्यक्षता

0
62
नगर निगम हाऊस की गुरूवार को हुई साधारण बैठक
नगर निगम हाऊस की गुरूवार को हुई साधारण बैठक
Aaj Samaj (आज समाज), Mayor Renu Bala Gupta, करनाल,इशिका ठाकुर
करनाल नगर निगम हाऊस की गुरूवार को हुई साधारण बैठक महापौर रेनू बाला गुप्ता की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में नगर निगम आयुक्त अभिषेक मीणा,  वरिष्ठï उप महापौर राजेश अग्घी, उप महापौर एडवोकेट नवीन कुमार तथा पार्षदगण व निगम के तमाम अधिकारी मौजूद रहे।
 बैठक में महापौर ने दिव्य नगर योजना की जानकारी देते हुए बताया कि इसके तहत शहर में अनुमानित 20 करोड़ रुपये की लागत की दो बड़ी परियोजनाओं पर काम करवाया जाएगा। उन्होंने बताया कि इसमें 8 किलोमीटर लम्बाई की विभिन्न सडक़ों तथा शहर के मुख्य-मुख्य पार्क व चौक-चौराहों का सौंदर्यकरण करवाया जाना है। इन दोनो कार्यों की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार करके मुख्यालय भेजी जा चुकी है। इनकी अनुमति जल्द ही मिल जाएगी और उसके बाद उक्त दोनो कार्यों की निविदा आमंत्रित कर काम करवाया जाएगा। उन्होंने सम्बंधित कार्यकारी अभियंता को निर्देश दिए कि मुख्यालय से सम्पर्क कर शीघ्र अनुमति लें और प्रक्रिया को आगे बढ़ाएं।
 नगर निगम आयुक्त ने बैठक में पार्षदों को जानकारी देते बताया कि शहर के विकास, सौंदर्यकरण और साफ-सफाई को बढ़ावा देने के लिए नगर निगम लगातार काम कर रहा है। उन्होंने बताया कि प्रगति पर चल रहे विकास कार्यों को समय पर पूरा करवाने के लिए निगम अभियंताओं को निर्देश दिए गए हैं। जो एजेंसी निर्माण कार्यों में देरी कर रही है, उसे ब्लैकलिस्ट करने को भी कहा गया है। अभियंताओं को निर्देश दिए कि सफाई कर्मचारियों के हाजिरी स्थल पर शैड व शौचालयों का निर्माण जल्द करवाया जाए। शहर में विभिन्न चौक-चौराहों पर लगे सिटी गाईड मैप से मैप खराब हो चुके हैं, उन्हें भी ठीक करवाया जाए। सामुदायिक व सार्वजनिक शौचालयों के बेहतर रख-रखाव के लिए एक निजी एजेंसी का ठेका दिया गया है। इसके लिए 213 सीट्स को हैंडओवर किया जा चुका है। कॉलोनियों में मौजूद सीवरों को गली के लेवल पर लाने के लिए अलग से टैण्डर लगाया गया है। मेन होल के टूटे ढक्कन भी बदले जाएंगे, यह अलग से मंगवाए गए हैं।
 उन्होंने बताया कि मार्किट क्षेत्र में रात्रि सफाई करवाई जाएगी। इसकी तकनीकी स्वीकृति के लिए फाईल को मुख्यालय भेजा गया है। दो वर्ष के लिए इसका टैण्डर लगाया जाएगा।
गली-मोहल्लों में भय का प्रयाय बने आवारा कुत्तों से नागरिकों को निजात मिलेगी। निगमायुक्त ने बताया कि इसके लिए 3 बार टैण्डर लगाए गए हैं, परंतु कोई भी एजेंसी सामने नहीं आई है। अब इस कार्य को नगर निगम अपने स्तर पर करवाएगा। इसके लिए स्लाटर हाऊस में ऑप्रेशन थिएटर तैयार किया जाएगा और वेटरनरी डॉक्टर हायर करके कुत्तों की नसबंदी का कार्य करवाया जाएगा। इस पर सभी पार्षदों की ओर से सहमति जताई गई। उन्होंने बताया कि बंदरों को पकडऩे के लिए भी टैण्डर लगाया गया था, इसके लिए 3 एजेंसियां क्वालिफाई हुई हैं। निविदा प्रक्रिया जल्द पूरी करके सही काम करने वाली एजेंसी को वर्क अलॉट किया जाएगा।
 निगमायुक्त ने पार्षदों को जानकारी दी कि निगम के अधीन सामुदायिक केन्द्रों को लीज पर देने की प्रक्रिया चल रही है। इसके लिए आगामी 21 दिसंबर को खुली बोली करवाई जाएगी। इसके पहले 18 दिसंबर को प्री-बिड मीटिंग रखी गई है, ताकि बोली में भाग लेने वाले बोलीदाताओं की नियम व शर्तों इतयादि समस्या का निदान किया जा सके। उन्होंने बताया कि इसकी बुकिंग के लिए सरकार द्वारा पोर्टल बनाया जा रहा है। इनकी ऑनलाईन बुकिंग ही करवाई जाएगी। यह कार्य नगर निगम स्तर पर होगा। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को पशु डेयरियों को पिंगली डेयरी स्थल पर शिफ्ट करने में ओर तेजी लाने के भी निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त आवारा पशुओं को पकडऩे तथा शहर को अतिक्रमण मुक्त करने के अभियान को भी जारी रखने के निर्देश दिए।
 उन्होंने सभी पार्षदों से आग्रह किया कि आगामी 16 दिसंबर से नगर निगम क्षेत्र में विकसित भारत संकल्प यात्रा प्रारम्भ होने जा रही है, जो करीब एक महीने तक चलेगी। उन्होंने बताया कि 16 दिसंबर को होने वाले कार्यक्रम में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी लाईव जुड़ेंगे और देशवासियों को अपना संदेश देंगे। कार्यक्रम में विभिन्न सरकारी योजनाओं का नागरिकों को लाभ दिया जाएगा। इसके लिए एक वैन भी वार्ड का जाएगी। उन्होंने पार्षदों से कहा कि इसके लिए वार्ड में ऐसी जगह का चयन करें, जहां अधिक संख्या में नागरिक एकत्र होकर विभिन्न योजनाओं का लाभ ले सकें। इस मौके पर महापौर ने भी जानकारी दी कि आगामी 23 दिसंबर को शहर में गीता जयंती मनाई जाएगी। इस दिन प्रात: 11 बजे सभी 1 मिनट के लिए गीता पाठ करें। उन्होंने बताया कि शहर में विभिन्न चौक-चौराहों पर लगी एल.ई.डी. स्क्रीन पर भी गीता पाठ चलाया जाएगा।
कॉलोनी नियमितकरण मामलों में आएगी ओर तेजी- मीटिंग में महापौर रेनू बाला गुप्ता ने भवन शाखा को निर्देश दिए कि वह निगम क्षेत्र की कॉलोनियों के नियमितकरण मामलों में ओर तेजी लाएं। उन्होंने कहा कि अधिकारी साप्ताहिक लक्ष्य लेकर इस काम को करें। इस पर एटीपी ने जानकारी दी कि नगर एवं ग्राम नियोजन विभाग की ओर से 39 कॉलोनियों की सूची निगम में आई थी। इनमें से 8 कॉलोनियां सरकार की ओर से पास कर दी गई हैं, इनकी नोटिफिकेशन आनी बाकी है। इसके अतिरिक्त 20 कॉलोनियों के केस तैयार करके भेजे जा चुके हैं। शेष प्रक्रियाधीन हैं, जो जल्दी मुख्यालय भेजे जाएंगे। उन्होंने बताया कि इसके अतिरिक्त 2018 में वैध हुई कॉलोनियों के कुछ हिस्से अनअप्रूव्ड रह गए थे। ऐसे 88 पैच हैं। इनमें से 28 का रिकॉर्ड उपलब्ध है और 22 पैच के केस तैयार किए जा चुके हैं, जिन्हें मुख्यालय आगामी कार्यवाही हेतू प्रेषित किया जाएगा। अन्य पैच की प्रक्रिया भी जल्द पूरी कर ली जाएगी। इस पर निगमायुक्त ने निर्देश दिए कि सभी कॉलोनियों को वैध करवाने की प्रक्रिया 28 फरवरी से पहले-पहले पूरी कर सरकार के पास भेजी जाए।
शहरवासियों की सुविधा के लिए लाएं बड़ा प्रोजेक्ट- निगमायुक्त ने अभियंताओं को निर्देश दिए कि शहरवासियों की सुविधा के लिए कोई बड़ा प्रोजेक्ट लेकर आएं। उन्होंने कहा कि जनसंख्या बढऩे के साथ-साथ शहर में ट्रैफिक भी बढ़ रही है। इसके लिए वह शहर का यातायात विश£ेषण कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए अंडरपास इत्यादि बनाए जा सकते हैं। इसके लिए शहर में किसी एक जगह का चयन कर ऐसी परियोजना लाएं, अगर वह सही साबित होती है तो उसे दूसरे क्षेत्रों में भी लागू किया जाए। उन्होंने बैठक में मौजूद पार्षदों से कहा कि उनके पास शहर के विकास के कोई अच्छा प्लान हो तो उसे अवश्य बताएं।
उप महापौर एडवोकेट नवीन कुमार ने बताया कि गुरूवार को हुई हाऊस की मीटिंग में 12 प्रस्तावों का एजेंडा रखा गया था। जिसमे से 11 पास हो गए हैँ। मीटिंग में मौजूद पार्षदों ने अपनी सहमति देकर सभी प्रस्तावों को पास कर दिया।  करीब 4 घण्टे चली मीटिंग शांतिपूर्ण सम्पन्न हो गई। उप निगम आयुक्त अरूण भार्गव ने एजेंडा प्रस्तुत किया।
यह थे प्रस्ताव- 12 प्रस्तावों के एजेंडा में से 1 बीती 10 अक्तूबर को हुई बैठक की कार्रवाई की पुष्टिï करने को लेकर था।
प्रस्ताव-2, वार्ड नम्बर 20 के गांव उचाना में पंजाबी राजपूत समाज के लिए चौपाल का निर्माण करवाने बारे था, जिसे सभी पार्षदों की सहमति से पास कर दिया गया।
प्रस्ताव-3, मुख्यमंत्री घोषणा हकीकत नगर स्थित कोढी कॉलोनी में प्राईमरी स्कूल के निर्माण के लिए भूमि देने बारे था। इस भूमि का केस  माननीय उच्च न्यायालय, पंजाब एंव हरियाणा, चण्डीगढ़ में विचाराधीन है। यदि इस भूमि का निर्णय नगर निगम करनाल के हक में आ जाता है तो नगर निगम द्वारा यह भूमि प्राईमरी सकूल को दिए जाने में कोई आपत्ति नहीं है। यह प्रस्ताव भी सभी पार्षदों की सहमति से हाऊस में पास हो गया।
प्रस्ताव-4, नगर निगम करनाल की सीमा में स्थित कॉलोनियां/क्षेत्र जो वर्ष 2018 में नियमित होने से छूट गए थे, को नियमित करने बारे था। यह प्रस्ताव में हाऊस द्वारा पास कर दिया गया।
प्रस्ताव-5, नगर निगम करनाल की सीमा में स्थित कॉलोनियों/क्षेत्रों को नियमित करने बारे था। इस प्रस्ताव में 10 कॉलोनियों/क्षेत्रों के खसरा नम्बर दिए गए थे। बीती 28 मार्च को हुई हाऊस की बैठक में इन कॉलोनियों के नाम पास किए गए थे। उसके उपरांत तहसील कार्यालय की राजस्व शाखा से सर्वे करवाकर इनके खसरा नम्बर सामने आए हैं। इनमें से नौवें नम्बर पर अननेम्ड कॉलोनी के खसरा नम्बर दिए गए थे। इस पर कुछ पार्षदो ने अपनी असहमति जताते कहा कि इसमें कॉलोनी का नाम लिखा होना चाहिए। नतीजतन नौवें नम्बर में मौजूद विभिन्न खसरों को आगामी हाऊस की बैठक तक लंबित रखते हुए इन्हें नाम सहित प्रस्ताव में शामिल करने की बात कही गई। प्रस्ताव में मौजूद शेष कॉलोनियों/क्षेत्रों के खसरा नम्बर को पास करते हुए प्रस्ताव पर अपनी मुहर लगाई।
प्रस्ताव-6, नगर निगम करनाल की सीमा में स्थित कॉलोनियों/क्षेत्रों को नियमित करने बारे था। इस प्रस्ताव में नगर निगम करनाल का वर्ष 2013 में गठन होने से पूर्व तत्कालीन नगर पालिका व नगर परिषद करनाल के समय में नियमित हुई कई कॉलोनियों में स्थित एरिया अभी अनअप्रूव्ड दर्शाए जा रहे थे, जिसके कारण आम जनता को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता था, को लेक था। इस प्रस्ताव को भी सभी पार्षदों की सहमति से पास कर दिया गया।
प्रस्ताव-7, 8, 9, 10, 11 व 12, क्रमश: वार्ड नम्बर-3, 4, 5, 6, 15 व 20 में विकास कार्य करवाने जाने बारे था। इन छ: प्रस्तावों को भी पास कर सदन ने अपनी मुहर लगाई।
 हाऊस की मीटिंग में अतिरिक्त आयुक्त गौरव कुमार, संयुक्त आयुक्त अदिति, मुख्य नगर नियोजक धर्मपाल, डीटीपी ओम प्रकाश, एसई श्याम सिंह, एसएओ बलविंद कुमार जग्गी, सभी कार्यकारी अभियंता तथा अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
SHARE