अचानक निगम कार्यालय पहुंच मेयर मदन चौहान ने जांची हाजिरी

0
300
Mayor Madan Chauhan Did Surprise Inspection Of Municipal Corporation Office
Mayor Madan Chauhan Did Surprise Inspection Of Municipal Corporation Office

प्रभजीत सिंह लक्की,Yamunanagar News : मेयर मदन चौहान ने शनिवार को नगर निगम के दोनों कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण से कर्मचारियों में खलबली मच गई। निरीक्षण में दोनों कार्यालयों के लगभग 114 आउटसोर्स कर्मचारियों में से 21 कर्मी अपनी ड्यूटी से नदारद मिले। इनमें से कुछ की हाजिरी रजिस्टर में दर्ज की हुई थी। जबकि वे अपनी सीट पर उपस्थित नहीं मिले। जो कर्मचारी फील्ड में गए हुए थे, उन्हें वीडियो कॉल कर उनकी उपस्थिति देखी गई। मेयर चौहान ने उप निगम आयुक्त अशोक कुमार को निर्देश देकर ड्यूटी से नदारद मिले कर्मचारियों की अनुपस्थिति दर्ज की। यमुनानगर कार्यालय में 82 कर्मचारियों में से 21 कर्मी गैर हाजिर मिले, जबकि जगाधरी में सभी कर्मचारी उपस्थित थे।

ये भी पढ़ें : बंगा में दोनों व्यापार मंडलों पदाधिकारियों ने एकता करके किया व्यापार मण्डल

फील्ड में गए कर्मियों से वीडियो कॉल कर की पुष्टि

मेयर मदन शनिवार सुबह अचानक यमुनानगर नगर निगम कार्यालय पहुंचे। जहां वे उप निगम आयुक्त अशोक कुमार व क्षेत्रीय कराधान अधिकारी अजय वालिया के साथ सबसे पहले कार्यालय अधीक्षक के कमरे में पहुंचे और हाजिरी रजिस्टर की जांच की। इसके बाद वे कार्यालय की प्रत्येक शाखा में गए। कमरों में मिले कर्मचारियों की हाजिरी जांची। जो कर्मचारी अपनी सीट से गायब मिले। उनकी मौके पर ही गैर हाजिरी लगाई गई। इस दौरान कुछ कर्मचारियों की हाजिरी रजिस्टर में लगी हुई थी। जबकि वे अपनी सीट से गायब थे। मूवमेंट रजिस्टर में भी उनकी मूवमेंट दर्ज नहीं थी। जो कर्मचारी फील्ड में गए हुए थे।

मेयर ने वीडियो कॉल कर उनकी उपस्थिति जांची। निरीक्षण के दौरान यहां 82 आउटसोर्स कर्मचारियों में से 21 कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए। जिनकी मौके पर ही गैर हाजिरी लगाई गई। उन्होंने अधिकारियों को ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों पर कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए। इसके बाद मेयर चौहान जगाधरी निगम कार्यालय पहुंचे। कार्यालय पहुंचते कर्मचारियों में हड़कंप मच गया।

ड्यूटी में लापरवाही

मेयर चौहान ने तुरंत हाजिरी रजिस्टर मंगवाया और सभी कर्मचारियों को बुलाकर एक के बाद एक सभी की हाजिरी जांची। यहां पर सभी 32 कर्मचारी उपस्थित मिले। मेयर चौहान ने सभी कर्मचारियों को निर्देश दिए कि वे निर्धारित समय पर कार्यालय आए। बिना बताए कार्यालय से अनुपस्थित न रहे। यदि किसी जरूरी काम से व बीमार होने पर छुट्टी लेने की आवश्यकता है तो इस संबंध में कार्यालय अधीक्षक को सूचित करें। फील्ड में जाने से पहले कर्मचारी मूवमेंट रजिस्टर में अपनी मूवमेंट दर्ज करके जाए। ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों को बख्शा नहीं जाएगा। उनके खिलाफ उचित कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

ये भी पढ़ें : गर्मी के मौसम में संभावित समस्याओं से बचने के लिए बरतें जरूरी एहतियात :- उपायुक्त अनीश यादव

 

SHARE