Mausam Update 7 February: उत्तर भारत में धूप खिलने से राहत पर ठंडी हवाएं बन रही परेशानियां

0
329
Mausam Update 7 February
उत्तर भारत में धूप खिलने से राहत पर ठंडी हवाएं बन रही परेशानियां

Aaj Samaj (आज समाज), Mausam Update 7 February, नई दिल्ली: हरियाणा-पंजाब सहित उत्तर भारत के पहाड़ों व अधिकतर मैदानी राज्यों में मंगलवार को भी धूप खिली और लोगों को कड़ाके की ठंड और कोहरे से राहत मिली। सुबह-शाम हालांकि सर्दी ज्यादा महसूस हो रही है लेकिन दिन में धूप खिलने से शीतलहर से राहत है। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ का असर पूरी तरह से खत्म होने की वजह से उत्तर भारत में मौसम बदला है।

  • जम्मू-कश्मीर के कई जिलों में हिमस्खलन की चेतावनी

पंजाब-हरियाणा में 5 दिन मौसम साफ

मंगलवार को पंजाब और हरियाणा के अधिकतर जिलों में धूप के बीच कुछ क्षेत्रों में ठंडी हवाएं चलती रहीं, जिससे ज्यादा तपिश महसूस नहीं हुई। दोनों राज्यों में अगले 5 दिन मौसम साफ रहने का अनुमान है। दूसरी तरफ जम्मू-कश्मीर में बर्फबारी का सिलसिला जारी है। मौसम विभाग ने घाटी के कई जिलों में हिमस्खलन की चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार डोडा, किश्तवाड़, पुंछ, रामबन, गांदरबल, बांदीपुर, बारामूला और कुपवाड़ा में हिमस्खलन होने की आशंका है। पर्यटकों को इन इलाकों में न जाने की सलाह दी गई है। बर्फबारी के कारण जम्मू-कश्मीर के कई इलाकों में तापमान लगातार गिर रहा है। गुलमर्ग में 5 फरवरी को न्यूनतम तापमान माइनस 10 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

यूपी-बिहार में भी बारिश व सर्द हवाओं ने बढ़ाई ठिठुरन

उधर उत्तर प्रदेश के 72 जिलों में सोमवार को बारिश हुई। मंगलवार को भी राज्य के कई जिलों में बादल छाए रहे। लखनऊ में बादलों के साथ घना कोहरा छाया रहा। बारिश के बाद सर्द हवाओं ने ठिठुरन बढ़ा दी है। बिहार में भी बारिश के बाद ठंडी हवाओं से कंपकंपी दोबारा बढ़ गई है। पटना सहित पूरे राज्य में अगले 3 से 4 दिन तक सर्द हवाएं चलेंगी।

हिमाचल में 11 फरवरी तक मौसम साफ

मौसम विभाग के अनुसार हिमाचल प्रदेश में 11 फरवरी तक मौसम साफ रहेगा। हाल ही में हुई बारिश व बर्फबारी से सोमवार शाम तक प्रदेश में चार नेशनल हाईवे और 675 सड़कें बंद थी। वहीं कुल 1416 विद्युत ट्रांसफार्मर ठप होने से बिजली और पानी की सप्लाई प्रभावित हुई। किन्नौर में सोमवार को बड़ी चट्टान गिरने से मूलिंग नाला के पास रोड बंद हो गया था।

शिमला में जुन्गा मार्ग पर भूस्खलन, 2 मजदूरों की मौत

हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के पास जुन्गा मार्ग पर अश्वनी खड़ में मंगलवार सुबह करीब छह बजे लैंडस्लाइड के कारण दो मजदूरों की मौत हो गई और पांच अन्य घायल हो गए। पांच अन्य मजदूरों ने भाग कर जान बचाई। मारे गए मजदूर बिहार के रहने वाले थे। उनकी पहचान 34 वर्षीय राकेश और 36 वर्षीय राजेश कुमार के रूप में हुई है। आईजीएमसी में सीएमओ महेश ने बताया कि लैंड स्लाइड में दबे दो मजदूरों को अस्पताल लाया गया था जिनकी मौत हो गई है। डीसी शिमला अनुपम कश्यप ने पुलिस, एसडीआरएफ, फायर और होम गार्ड के बचाव कार्यों में बेहतर प्रयासों की सराहना की।

यह भी पढ़ें:

Connect With Us: Twitter Facebook

 

SHARE