Manipur Police: म्यांमार का है 2 महिलाओं को निर्वस्त्र घुमाने का वीडियो

0
441
Manipur Police
म्यांमार का है महिलाओं को निर्वस्त्र घुमाने का वीडियो : पुलिस

Aaj Samaj (आज समाज), Manipur Police, इंफाल: मणिपुर में दो महिलाओं को निर्वस्त्र सड़क पर घुमाने का वीडियो म्यांमार का है। मणिपुर पुलिस ने मंगलवार को यह दावा किया। अधिकारियों ने कहा कि 19 जुलाई को वायरल हुए वीडियो में बताया गया है कि हथियारबंद लोगों ने मणिपुर में महिला की हत्या की, जबकि यह घटना म्यांमार में हुई थी। उन्होंने कहा, वीडियो फैलाने का मकसद राज्य की शांति भंग करना और दंगे भड़काना था।

आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस

पुलिस ने कहा, हम उन लोगों को गिरफ्तार करने की कोशिश कर रहे हैं, जिन्होंने महिला की हत्या का वीडियो वायरल किया है। हमने 24 जुलाई को मामला दर्ज किया है। इसी के साथ राज्य की पुलिस ने दो महिलाओं को निर्वस्त्र कर घुमाने के केस में सातवें आरोपी को गिरफ्तार किया है।

हिंसा में अब तक 160 से ज्यादा लोगों की मौत

बता दें कि मणिपुर ढाई महीने से हिंसा की आग में झुलस रहा है। इसमें अब तक 160 से ज्यादा लोगों की मौत हुई है, जबकि 419 लोग घायल हुए हैं। पहली मौत 4 मई 2023 को हुई थी। मृतक की पहचान 21 साल के स्टूडेंट हंगलालमुआन वैफेई के रूप में हुई। उसे मुख्यमंत्री बीरेन सिंह के खिलाफ सोशल मीडिया पर पोस्ट करने के आरोप में 4 मई को गिरफ्तार किया गया था। चुराचांदपुर में जब पुलिस उसे लेकर जेल जा रही थी, तभी रास्ते में 800 लोगों ने गाड़ी को रोक लिया। भीड़ देखकर पुलिसकर्मी भाग गए और भीड़ ने हंगलालमुआन की पीट-पीटकर हत्या कर दी।

मिजोरम में कुकी के समर्थन में रैली निकाली

मिजोरम में मंगलवार को कुकी समुदाय के समर्थन में रैली निकाली गई, जिसमें हजारों लोग शामिल हुए। इसके समर्थन में ट्रांसपोर्ट सर्विस बंद रखी गई और मुख्यमंत्री जोरमथंगा ने सरकारी दफ्तरों को भी रैली के मद्देनजर बंद रखने का आदेश दिया था। बता दें कि डर के कारण अब तक मैतेई समुदाय के 568 लोग मिजोरम छोड़कर इंफाल आ गए हैं।

उधर मणिपुर सरकार ने असम राइफल्स से भारत में म्यांमार नागरिकों की घुसपैठ की डिटेल रिपोर्ट मांगी है। सरकार ने असम राइफल्स से पूछा है कि सिर्फ दो दिन (22-23 जुलाई) में म्यांमार के 718 नागरिक बिना पर्याप्त दस्तावेज के भारत में कैसे घुस आए। इनमें 209 पुरुष, 208 महिलाएं और 301 बच्चे हैं।

यह भी पढ़ें :    

Connect With Us: Twitter Facebook

 

SHARE